काले हिरण का शिकार करने पर क्रिकेटर रणजी टीम से बाहर, करियर पर लटकी तलवार

Updated:
विज्ञापन
काले हिरण का शिकार करने पर क्रिकेटर रणजी टीम से बाहर, करियर पर लटकी तलवार

इंदौर : मध्यप्रदेश के सागर जिले में काले हिरण के शिकार के मामले में गिरफ्तारी के बाद युवा ऑलराउंडर रमीज खान को राज्य की रणजी ट्रॉफी टीम से बाहर होना पड़ा है और उनके करियर पर तलवार लटक गयी है. मध्यप्रदेश क्रिकेट संगठन (एमपीसीए) ने बंगाल के खिलाफ तीन से सात फरवरी के बीच मुंबई […]

विज्ञापन

इंदौर : मध्यप्रदेश के सागर जिले में काले हिरण के शिकार के मामले में गिरफ्तारी के बाद युवा ऑलराउंडर रमीज खान को राज्य की रणजी ट्रॉफी टीम से बाहर होना पड़ा है और उनके करियर पर तलवार लटक गयी है. मध्यप्रदेश क्रिकेट संगठन (एमपीसीए) ने बंगाल के खिलाफ तीन से सात फरवरी के बीच मुंबई में खेले जाने वाले रणजी क्वार्टर फाइनल के लिये प्रदेश की जो 16 सदस्यीय टीम घोषित की है, उसमें रमीज (26) का नाम हटा दिया गया है.

इस बारे में पूछे जाने पर एमपीसीए सचिव मिलिंद कनमडीकर ने कहा, ‘हमने रणजी क्वार्टर फाइनल के लिये रमीज को मध्यप्रदेश की टीम में इसलिये शामिल नहीं किया, क्योंकि टीम चयन के वक्त वह काले हिरण के शिकार के मामले में जेल में बंद होने के कारण उपलब्ध नहीं थे.’ रमीज, उनके पिता महमूद खान और इनके दो साथियों को सागर जिले में काले हिरण के शिकार के आरोप में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत 10 जनवरी की रात गिरफ्तार किया गया था.
इनके कब्जे से संकटग्रस्त प्रजाति के इस वन्य जीव की लाश के अवशेष, राइफल, जिंदा कारतूस और चाकू भी बरामद किया गया था. रमीज के पिता महमूद खान मध्यप्रदेश के पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर हैं. वह फिलहाल एमपीसीए की अंडर..23 पुरष टीम की चयन समिति के सदस्य हैं. सागर के वन मंडलाधिकारी (डीएफओ) डॉ. शिवप्रसाद तिवारी ने बताया कि काले हिरण के शिकार के चारों आरोपियों की जमानत अर्जी अदालत खारिज कर चुकी है और वे फिलहाल न्यायिक हिरासत के तहत जेल में बंद हैं.
तिवारी ने बताया कि उन्होंने पिछले महीने एमपीसीए को पत्र लिखकर कहा था कि वह काले हिरण के शिकार के गंभीर मामले में गिरफ्तार महमूद और उनके पुत्र रमीज के खिलाफ उचित कदम उठाये. बहरहाल, डीएफओ के पत्र लिखने के बावजूद एमपीसीए ने इस मामले में पिता..पुत्र पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है. इस बारे में पूछे जाने पर कनमडीकर ने कहा, ‘हम मामले में अपने वकील की राय ले रहे हैं और एमपीसीए के विधान के मुताबिक उचित कदम उठायेंगे.’
काले हिरण के शिकार में मामले में गिरफ्तार होने से पहले रमीज मध्यप्रदेश की रणजी टीम के अहम खिलाडियों में शामिल थे. उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में वर्ष 2011 में कदम रखा था. बायें हाथ का यह बल्लेबाज मध्यप्रदेश की ओर से 26 प्रथम श्रेणी मैच खेलकर 1,169 रन बना चुका है. उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में आठ विकेट भी लिये हैं.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola