मैं टीम के लिए हमेशा जिम्मेदारी से खेला : विराट कोहली
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 01 Aug 2015 2:58 PM
चेन्नई: पिछले कुछ समय से विराट कोहली अपनी सर्वश्रेष्ठ फार्म में नहीं हैं लेकिन भारत के टेस्ट कप्तान ने आज कहा कि उन्हें बल्लेबाजी में कोई अतिरिक्त प्रयास करने की जरूरत नहीं है क्योंकि वह हमेशा टीम के लिए जिम्मेदारी के साथ खेले हैं. ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ आज संपन्न अनधिकृत चार दिवसीय दूसरे टेस्ट […]
चेन्नई: पिछले कुछ समय से विराट कोहली अपनी सर्वश्रेष्ठ फार्म में नहीं हैं लेकिन भारत के टेस्ट कप्तान ने आज कहा कि उन्हें बल्लेबाजी में कोई अतिरिक्त प्रयास करने की जरूरत नहीं है क्योंकि वह हमेशा टीम के लिए जिम्मेदारी के साथ खेले हैं.
श्रीलंका दौरे पर भारत को तीन टेस्ट खेलने हैं और कोहली ने कहा कि वह पहली बार पूर्ण श्रृंखला में भारत की अगुवाई करने को लेकर उत्साहित हैं.उन्होंने कहा, यह टेस्ट कप्तान के रूप में मेरी पहली पूर्ण श्रृंखला होगी. बांग्लादेश में हमें सिर्फ एक टेस्ट खेलना था इसलिए यहप पूर्ण श्रृंखला नहीं थी. यह मेरे और पूरी टीम के लिए नई चुनौती होगी क्योंकि हमारी टीम युवा है और कई नये खिलाडी अपना करियर बनाना चाहते हैं.’
कोहली ने कहा, .नई इकाई के रुप में शुरुआत करना रोमांचक चुनौती है. यह मेरे लिए और टीम के लिए रोमांचक है. सभी काफी खुश हैं और टेस्ट क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं. मुझे यकीन है कि अगर हम अच्छी तैयारी करेंगे और सही विजन के साथ खेलेंगे तो हम श्रीलंका में काफी अच्छा प्रदर्शन करेंगे. मैं पूरी टीम को लेकर आश्वस्त हूं और साथ ही उम्मीद करता हूं कि बीसीसीआई द्वारा दी गई जिम्मेदारी पर खरा उतरुंगा.’
भारत ए की ओर से खेलते हुए कोहली यहां पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड की कोचिंग में खेले और उन्होंने कहा कि इससे काफी मदद मिली. कोहली ने कहा, राहुल द्रविड़ जैसे महान खिलाडी के साथ रहना हमेशा अच्छा रहता है क्योंकि उनकी मौजूदगी से ही माहौल इतना शांत हो जाता है कि अगर आप क्रिकेट के बारे में बात नहीं करना चाहते तो भी इनकी मौजूदगी से आप अपने क्रिकेट को लेकर अच्छा महसूस करने लगते हो क्योंकि सिर्फ उन्हें देखकर ही आप काफी कुछ सीख सकते हो.
इस मैच में खेलने का फैसला करने के संदर्भ में पूछने पर कोहली ने कहा, .श्रीलंका दौर से पहले मैं लय में आना चाहता था.’ उन्होंने कहा, .हमें ठीक ठाक ब्रेक मिला, मुझे तीन हफ्ते का ब्रेक मिला. मैंने खेल से दूर काफी समय बिताया जो मानसिक रुप से तरोताजा होने के लिए जरूरी था और अब भारत ए के इस मैच के लिए एक हफ्ते की ट्रेनिंग और इसके बाद एक या दो हफ्ते की और ट्रेनिंग, मुझे लगता है कि जहां तक श्रीलंका दौरे का सवाल है तो यह मेरे लिए सर्वश्रेष्ठ तैयारी होगी.
मेरा यही विचार था.’ व्यक्तिगत खिलाडियों के बारे में पूछने पर कोहली ने मुरली विजय, अजिंक्य रहाणे, हरभजन सिंह और रविचंद्रन अश्विन की तारीफ की.कोहली ने कहा, वह (विजय) भारत के लिए काफी ठोस सलामी बल्लेबाज है. सभी के करियर में उतार चढ़ाव आते हैं, हम सभी इस दौर से गुजरते हैं. उसके बारे सर्वश्रेष्ठ चीज यह है कि वह मानसिक रुप से काफी मजबूत है. उसके अंदर काफी धैर्य है और वह अपने और अपने खेल को लेकर काफी आश्वस्त है.
दो साल से भी अधिक समय तक टीम से बाहर रहे हरभजन के बारे में कोहली ने कहा, .स्पिन विभाग में हमारे पास काफी अनुभव है. अश्विन ने हमारे लिए शानदार प्रदर्शन किया है. हरभजन सिंह टेस्ट मैचों और वनडे में भारत के लिए मैच विजेता रहा है. अमित मिश्रा भी अनुभवी है. कोहली ने कहा कि श्रीलंका में अच्छे प्रदर्शन के लिए तेज गंेदबाजों पर भी काफी दारोमदार है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










