INDvsENG: दूसरा टेस्ट आज से, भारत को जीत की राह पर लौटाने का दारोमदार बल्लेबाजों पर

-वापसी करने उतरेगी कोहली सेनालंदन : पहला मैच हारने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम गुरुवार को लाडर्स पर शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड के सामने होगी, तो उसकी कोशिश अपने बल्लेबाजों के जिम्मेदाराना प्रदर्शन के दम पर जीत की राह पर लौटने की होगी. कप्तान विराट कोहली को अगर बर्मिंघम में बाकी बल्लेबाजों […]
-वापसी करने उतरेगी कोहली सेना
लंदन : पहला मैच हारने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम गुरुवार को लाडर्स पर शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड के सामने होगी, तो उसकी कोशिश अपने बल्लेबाजों के जिम्मेदाराना प्रदर्शन के दम पर जीत की राह पर लौटने की होगी. कप्तान विराट कोहली को अगर बर्मिंघम में बाकी बल्लेबाजों से सहयोग मिला होता, तो हालात दीगर होते . दुनिया की नंबर एक टीम बढ़त लेने के करीब पहुंची थी, लेकिन 31 रन से चूक गयी. भारतीय ड्रेसिंग रूम में माहौल हालांकि आत्मविश्वास से भरा है. मैच के दो दिन पहले लाडर्स पर काफी घास थी, लेकिन पहली गेंद पड़ने से पहले इसकी छंटाई होने की उम्मीद है. यदि नहीं भी होता है, तो ऐसा माना जा रहा है कि पिच सूखी ही होगी . भारतीय खेमे को ऐसे में अपनी गेंदबाजी की रणनीति पर पुनर्विचार करना होगा.
एक अतिरिक्त स्पिनर को उतार सकता है भारत
पहले टेस्ट में बल्लेबाजों के नाकाम रहने के बावजूद गेंदबाजी कोच भरत अरूण ने अतिरिक्त बल्लेबाज को उतारने की संभावना से इनकार किया. उन्होंने यह भी कहा कि दूसरे स्पिनर पर विचार हो सकता है. ऐसे में उमेश यादव को बाहर रहना पड़ सकता है, क्योंकि ईशांत शर्मा, मोहम्मद शमी और हार्दिक पंड्या तेज गेंदबाजी का जिम्मा संभालेंगे. दूसरे स्पिनर के लिये चयन की दुविधा होगी. पिछली बार रवींद्र जडेजा ने 2014 में लाडर्स पर खेलते हुए दोनों पारियों में तीन विकेट लिये थे, लेकिन दूसरी पारी में 68 रन बनाये थे, जिससे भारत मैच जीतने वाला स्कोर बनाने में कामयाब रहा. कुलदीप यादव की भी अनदेखी नहीं की जा सकती. उसने नेट पर कप्तान कोहली को गेंदबाजी करके कई मौकों पर उन्हें परेशान किया. कप्तान ने उनकी गेंदबाजी की तारीफ की है और इंग्लैंड में कलाई की स्पिन गेंदबाजी काफी कारगर साबित हो सकती है.
बल्लेबाजी क्रम भी कोहली के लिए चुनौती
बल्लेबाजी क्रम में भी कोहली के सामने कठिन चुनौती है. कप्तान ने पहले टेस्ट में चेतेश्वर पुजारा पर शिखर धवन को तरजीह दी, जिससे के एल राहुल को अंतिम एकादश में जगह मिली. तीसरे नंबर के लिए प्रयोग टीम प्रबंधन के लिए कोई नयी बात नहीं है. इससे पहले 2014-15 में कोहली और रवि शास्त्री ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में चौथे टेस्ट में पुजारा की जगह तीसरे नंबर पर रोहित शर्मा को उतारा था. इसके बाद बांग्लादेश और श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में भी यह प्रयोग जारी रहा, लेकिन अगले दो टेस्ट में अजिंक्य रहाणे को तीसरे नंबर पर उतारा गया. पुजारा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2015 की घरेलू सीरीज में तीसरे नंबर पर लौटे और छह टेस्ट तक यही क्रम जारी रहा. कोहली भी उतरे और फ्लॉप रहे.
तेंडुलकर की कोहली को सलाह, दिल की सुनो और रनों की भूख बनाये रखो
वह अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभा रहा है और यही वजह है कि सचिन तेंडुलकर ने विराट कोहली को सलाह दी है कि चिंता छोड़ो और केवल अपने दिल की सुनो. तेंडुलकर ने अपने 24 साल के करियर में अधिकतर भारतीय बल्लेबाजी का पूरा बोझ उठाये रखा और अब वर्तमान समय में यही भूमिका कोहली निभा रहे हैं. तेंडुलकर से पूछा गया कि वह कोहली को क्या कहेंगे, उन्होंने इएसपीएन क्रिकइन्फो से कहा कि मैं कहूंगा अपना काम जारी रखो. वह बेहतरीन भूमिका निभा रहा है इसलिए इसे बरकरार रखो. आपके आसपास क्या हो रहा है उसकी चिंता मत करो. आप जो हासिल करना चाहते हो उस पर अपना ध्यान केंद्रित रखो और अपने दिल की सुनो. टेस्ट और वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले तेंडुलकर चाहते हैं कि कोहली का अपने लक्ष्यों के प्रति जुनून बना रहे. उन्होंने कहा कि इस बीच कई तरह की बातें की जायेंगी और होंगी.
लार्ड्स में इंग्लैंड की ओर से पदार्पण करेंगे पोप
इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने पुष्टि की कि युवा बल्लेबाज ओली पोप भारत के खिलाफ लार्ड्स में दूसरे टेस्ट मैच से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करेंगे. सर्रे का बल्लेबाज पोप बल्लेबाजी क्रम में चौथे नंबर के बल्लेबाज के रूप में शुरुआत करेंगे. डेविड मलान की जगह टीम में लिया गया है. मलान ने पहले टेस्ट में शामिल थे.
स्टोक्स की जगह मोईन या वोक्स होंगे शामिल
इंग्लैंड टीम में डेविड मालान को बाहर किया गया है, लेकिन बेन स्टोक्स कानूनी मामले के कारण उपलब्ध नहीं हैं, जो रूट को यह तय करना है कि उन्हें दो स्पिनर चाहिए या नहीं. मोईन अली या क्रिस वोक्स में कोई एक बेन स्टोक्स की जगह लेंगे, जबकि तेज गेंदबाजी का जिम्मा जेम्स एंडरसन, स्टुअर्ट ब्रॉड और सैम कुर्रेन संभालेंगे.
टीमें
भारत : कोहली (कप्तान), धवन, मुरली विजय, राहुल, पुजारा, रहाणे, कार्तिक, पंत, नायर, हार्दिक, अश्विन, जडेजा, कुलदीप, ईशांत शर्मा, उमेश यादव, शर्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह.
इंग्लैंड : जो रूट (कप्तान), एलेस्टेयर कुक, कीटोन जेनिंग्स, जानी बेयरस्टा, जोस बटलर, ओलिवर पोप, मोईन अली, आदिल रशीद, जैमी पोर्टर, सैम कुर्रन, जेम्स एंडरसन, स्टुअर्ट ब्रॉड, क्रिस वोक्स.
प्रसारण दोपहर 3. 30 बजे से, सोनी टेन चैनल पर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




