अफगानिस्तान के खिलाफ 4 नए युवा खिलाड़ियों की एंट्री, इन सीनियर खिलाड़ियों पर मंडराया संकट

टीम इंडिया
IND vs AFG: प्रिंस यादव, हर्ष दुबे, मानव सुथार और गुरनूर बराड़ को अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए पहली बार भारतीय नेशनल टीम में चुना गया है. इन चार युवा खिलाड़ियों के आने से अब कुछ सीनियर या खराब फॉर्म से जूझ रहे खिलाड़ियों का करियर संकट में पड़ सकता है.
IND vs AFG: BCCI द्वारा अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली आगामी वनडे सीरीज और एकमात्र टेस्ट के लिए टीम का ऐलान कर दिया गया है. भारत के दौरे पर अफगानिस्तान की टीम एक टेस्ट मैच खेलेगी, जो 6 से 10 जून के बीच न्यू चंडीगढ़ में आयोजित होगा. इसके ठीक बाद, 14 जून से दोनों देशों के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी.
4 नए चेहरों की एंट्री
इस बार टीम चयन में सबसे बड़ी बात यह रही कि टेस्ट और वनडे दोनों टीमों को मिलाकर कुल 4 नए चेहरों को पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया है. इन खिलाड़ियों के नाम प्रिंस यादव, हर्ष दुबे, मानव सुथार और गुरनूर बराड़ हैं.
सिलेक्टर्स ने फॉर्म के प्रारूप दिया मौका
हर्ष दुबे और गुरनूर बराड़ को टेस्ट और वनडे दोनों ही स्क्वॉड में जगह मिली है। वहीं, प्रिंस यादव को सिर्फ वनडे सीरीज के लिए चुना गया है. मानव सुथार को केवल एकमात्र टेस्ट मैच के लिए टीम में शामिल किया गया है.
अक्षर पटेल की जगह हर्ष दुबे पर दांव
हर्ष दुबे एक बेहतरीन ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं, जिन्हें टेस्ट और वनडे दोनों टीमों में मौका दिया गया है. इस सीरीज के लिए सीनियर खिलाड़ी अक्षर पटेल को टीम से ड्रॉप किया गया है. हर्ष भी अक्षर पटेल की तरह ही बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज हैं और निचले क्रम में अच्छी बल्लेबाजी करने की क्षमता रखते हैं. चयनकर्ताओं ने उन्हें अक्षर के एक मजबूत विकल्प के रूप में आजमाया है. ऐसे में यदि हर्ष दुबे इस सीरीज में प्रभावी प्रदर्शन करने में सफल रहते हैं, तो भविष्य में अक्षर पटेल के लिए टीम में वापसी की राह काफी मुश्किल हो सकती है.
रवींद्र जडेजा के विकल्प की तलाश
दूसरी ओर, स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को इस सीरीज के लिए आराम दिया गया है. हालांकि, उनकी अनुपस्थिति ने हर्ष दुबे और मानव सुथार जैसे युवा खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा अवसर पैदा कर दिया है. 37 वर्षीय जडेजा करियर के उस पड़ाव पर हैं जहां टीम को उनके विकल्प तैयार करने होंगे. यदि हर्ष और मानव इस सुनहरे मौके का पूरा फायदा उठाते हैं तो वे भविष्य के लिए भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की कर सकते हैं.
सिराज की वनडे टीम में वापसी मुश्किल
भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत अफगानिस्तान के खिलाफ पूरी सीरीज से आराम दिया गया है. वहीं, मोहम्मद सिराज को टेस्ट टीम में तो शामिल किया गया है, लेकिन वनडे स्क्वॉड से उन्हें आराम दिया गया है. उनकी अनुपस्थिति ने नए तेज गेंदबाजों के लिए रास्ते खोल दिए हैं. पंजाब के युवा और लंबे कद के तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ और आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया है.
मोहम्मद शमी का इंटरनेशनल करियर खत्म
वरिष्ठ तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी पिछले काफी समय से चोटिल होने और टीम संयोजन के कारण अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर चल रहे हैं. चयनकर्ताओं द्वारा उन्हें लगातार नजरअंदाज किया जाना यह साफ संकेत देता है कि टीम अब भविष्य की ओर देख रही है.
भुवनेश्वर कुमार को भी सिलेक्टर ने किया इग्नोर
अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार आईपीएल 2026 में बेहद शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं. उन्होंने अपनी चिर-परिचित स्विंग और सटीक लाइन-लेंथ से विपक्षी बल्लेबाजों को खासा परेशान किया है. भुवि न सिर्फ पावरप्ले में शुरुआती सफलताएं दिला रहे हैं, बल्कि उनका इकॉनमी रेट भी लाजवाब रहा है. उनके इस प्रदर्शन को देखकर क्रिकेट गलियारों में उनकी टीम इंडिया में वापसी की चर्चाएं तेज हो गई थीं. लेकिन, चयनकर्ताओं ने भुवि के अनुभव पर भरोसा जताने के बजाय पंजाब के गुरनूर बराड़ और दिल्ली के प्रिंस यादव जैसे युवा तेज गेंदबाजों को टीम में शामिल करना बेहतर समझा. आईपीएल में इतने दमदार प्रदर्शन के बाद भी अफगानिस्तान सीरीज के वनडे स्क्वॉड में जगह न मिलना इस बात का साफ और सीधा संकेत है कि बीसीसीआई और चयन समिति अब भुवनेश्वर कुमार के नाम पर आगे विचार नहीं कर रही है.
पंत के लिए दोहरी निराशा
अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के लिए ऋषभ पंत को बतौर विकेटकीपर-बल्लेबाज टीम में जगह तो मिली है, लेकिन चयनकर्ताओं ने उनसे टेस्ट टीम की उपकप्तानी वापस ले ली है. पंत की जगह अब अनुभवी केएल राहुल को टेस्ट टीम का नया उपकप्तान नियुक्त किया गया है. पंत के लिए सबसे बड़ा झटका वनडे में लगा है, जहां उन्हें इस स्क्वॉड से पूरी तरह बाहर कर दिया गया है. उनकी जगह टीम में ईशान किशन की लंबे समय बाद वापसी हुई है, जबकि केएल राहुल भी बतौर विकेटकीपर-बल्लेबाज टीम में शामिल हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By ऋतु राज
ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










