गुरु पूर्णिमा 2026: इस दिन गुरु को क्या भेंट करें? जानें शुभ वस्तुएं और उनका धार्मिक महत्व

गुरु पूर्णिमा पर अपने गुरुओं को भेंट करें ये चीजें
गुरु पूर्णिमा 2026 पर गुरु को क्या भेंट करें? जानिए कौन-सी शुभ वस्तुएं अर्पित करना फलदायी माना जाता है, उनका धार्मिक महत्व, भेंट देने के नियम और गुरु कृपा प्राप्त करने से जुड़ी मान्यताएं.
Guru Purnima 2026: हिंदू धर्म में आषाढ़ पूर्णिमा का विशेष महत्व है. इस दिन को गुरु पूर्णिमा या व्यास पूर्णिमा के रूप में भी मनाया जाता है. इस साल गुरु पूर्णिमा 29 जुलाई 2026 को मनाई जाएगी. आध्यात्मिक दृष्टि से यह दिन अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि शिष्य इस दिन अपने अवगुणों और अहंकार को गुरु चरणों में समर्पित कर आत्मिक उन्नति का संकल्प लेता है. जीवन में अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने वाले गुरुजनों का आशीर्वाद पाने के लिए यह दिन बेहद खास और शुभ माना गया है. मान्यता है कि इसी दिन महर्षि वेदव्यास का जन्म हुआ था, इसलिए इसे व्यास पूर्णिमा भी कहा जाता है. इस अवसर पर गुरु का सम्मान करना और श्रद्धा से उन्हें भेंट अर्पित करना शुभ फलदायी माना जाता है.
गुरु पूर्णिमा पर गुरु को क्या भेंट करें?
- गुरु को भेंट देना केवल परंपरा नहीं, बल्कि कृतज्ञता और सम्मान व्यक्त करने का माध्यम भी है. शास्त्रों के अनुसार श्रद्धा से दी गई छोटी-सी भेंट भी अत्यंत फलदायी मानी जाती है.
- पीले वस्त्र: पीला रंग ज्ञान, पवित्रता और देवगुरु बृहस्पति का प्रतीक माना जाता है. गुरु को पीले वस्त्र भेंट करना शुभ माना जाता है.
- धार्मिक ग्रंथ: भगवद्गीता, रामचरितमानस, श्रीमद्भागवत या अन्य आध्यात्मिक पुस्तकें गुरु को अर्पित करना श्रेष्ठ माना जाता है.
- फल और मिठाई: ताजे फल, मौसमी फल और सात्विक मिठाइयों का भोग लगाकर गुरु को समर्पित किया जा सकता है.
- चंदन, पुष्प और माला: चंदन का तिलक, सुगंधित पुष्प और पुष्पमाला गुरु के प्रति सम्मान और श्रद्धा का प्रतीक हैं.
- दक्षिणा: अपनी क्षमता के अनुसार दक्षिणा अर्पित करना सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा माना गया है.
ये भी पढ़ें: गुरु पूर्णिमा के दिन पढ़ें ये प्रेरणादायक कथा और धार्मिक महत्व
भेंट देते समय रखें इन बातों का ध्यान
- गुरु को भेंट हमेशा श्रद्धा, विनम्रता और कृतज्ञता के भाव से दें.
- दिखावे या अहंकार की भावना से दी गई भेंट का आध्यात्मिक महत्व कम माना जाता है.
- यदि आपके गुरु प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित न हों, तो उनके चित्र या स्मरण के साथ भी श्रद्धापूर्वक पूजा और दान किया जा सकता है.
- इस दिन जरूरतमंद विद्यार्थियों, विद्वानों या धार्मिक संस्थाओं को दान करना भी पुण्यदायी माना जाता है.
गुरु कृपा से मिलता है ज्ञान और सफलता
गुरु पूर्णिमा केवल उपहार देने का पर्व नहीं, बल्कि अपने जीवन में गुरु के मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है. सच्ची श्रद्धा, सेवा और विनम्रता ही गुरु के लिए सबसे बड़ी भेंट मानी गई है. मान्यता है कि गुरु के आशीर्वाद से व्यक्ति के जीवन में ज्ञान, विवेक, सफलता और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है. इसलिए इस पावन दिन गुरु का सम्मान करें, उनका आशीर्वाद प्राप्त करें और अपने जीवन को सकारात्मक दिशा देने का संकल्प लें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By शौर्य पुंज
मैं धर्म, ज्योतिष और आध्यात्मिक विषयों पर लेखन में विशेषज्ञता रखता हूं. हस्तरेखा शास्त्र, राशिफल, ग्रह-नक्षत्र, धार्मिक परंपराओं और पौराणिक कथाओं से जुड़े विषयों पर मेरी विशेष रुचि और गहरी समझ है. रांची के सेंट जेवियर्स कॉलेज से मास कम्युनिकेशन में स्नातक करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया और कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव हासिल किया है. धर्म और ज्योतिष के अलावा एंटरटेनमेंट, लाइफस्टाइल और शिक्षा जैसे विषयों पर भी लगातार लेखन करता रहा हूं. मेरी कोशिश रहती है कि जटिल विषयों को आसान, रोचक और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाया जाए.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










