क्या रोज-डे पर आपकी लव लाइफ में घुलेगी मिठास या फोन पर होगी अनबन? पढ़ें मेष से मीन राशि का पूरा हाल

रोज-डे 2026
Rose Day: वेलेंटाइन वीक की शुरुआत 'रोज डे' पर ग्रहों की चाल और गुलाबों की महक मिलकर आपकी लव लाइफ में रोमांस का नया अध्याय लिखने वाली है. आइए जानते हैं, ग्रहों के इस अद्भुत संयोग के बीच 'रोज डे' आपके लिए कैसा रहने वाला है.
Rose Day: 07 फरवरी 2026 दिन शनिवार को ‘रोज डे’ के साथ वेलेंटाइन वीक की शुरुआत हो रही है. इस साल रोज डे पर ग्रहों की स्थिति बहुत ही खास और दिलचस्प बनी हुई है. पंचांग के अनुसार इस दिन फाल्गुन कृष्ण पक्ष की षष्ठी तिथि है. ज्योतिषाचार्य दीप्ति शर्मा ने बताया कि सूर्य और मंगल मकर राशि में युति बना रहे हैं, जो प्रेम में जोश और कभी-कभी जिद भी पैदा करेंगे. चंद्रमा कन्या राशि से निकलकर तुला राशि में प्रवेश करेंगे, जिससे शाम तक रिश्तों में संतुलन आएगा. वहीं बुध, शुक्र और राहु की कुंभ राशि में उपस्थिति प्रेम संबंधों में आकर्षण के साथ-साथ भ्रम भी पैदा कर सकती है. रोज डे पर देव गुरु बृहस्पति मिथुन में रहेंगे, शनि मीन में और केतु सिंह राशि में मौजूद रहेंगे. आइए जानते हैं कि मेष से मीन राशि वाले लोगों के लिए वैलेंटाइन वीक की शुरुआत कैसा रहेगा.
मेष राशि: मकर राशि में स्थित मंगल ग्रह की स्थिति आपके स्वभाव में थोड़ी तेजी और उग्रता ला सकती है. रोज डे के उत्साह के बीच किसी पुरानी बात को लेकर प्रेमी के साथ फोन पर अनबन होने की संभावना है. हालांकि, इस दिन शाम को चंद्रमा के तुला राशि में आने से मन शांत होगा. आप अपने पार्टनर को गुलाब देकर विवाद खत्म करने का प्रयास करेंगे. रिश्तों की नई शुरुआत करने के लिए रात में डिनर साथ में करने की पूरी कोशिश करेंगे.
वृषभ राशि: आपकी राशि के स्वामी शुक्रदेव इस दिन कुंभ राशि में राहु के साथ भ्रमण करेंगे, जो प्रेम में रहस्य और आकर्षण बढ़ाएंगे. रोज डे पर आपकी गर्लफ्रेंड का फोन आ सकता है, जिसमें वे किसी खास सरप्राइज का जिक्र करेंगी. यह दिन रोमांस के लिए बेहतरीन रहेगा. किसी तीसरे व्यक्ति की बातों में आकर पार्टनर पर शक न करें, नहीं तो रोज डे की खुशी टेंशन में बदल सकती है.
मिथुन राशि: आपकी राशि में विराजमान देवगुरु बृहस्पति प्रेम संबंधों में मिठास लाएंगे. रोज डे पर आप पार्टनर के साथ भविष्य को लेकर कोई सार्थक वादा कर सकते हैं. हालांकि, राहु के प्रभाव से पार्टनर का फोन समय पर न आने के कारण आप थोड़े बेचैन हो सकते हैं. धैर्य रखें, पीले गुलाब के साथ अपनी भावनाओं को व्यक्त करना आपके लिए शुभ रहेगा.
कर्क राशि: चंद्रमा का तुला राशि में प्रवेश आपके रिश्तों में सुकून लेकर आएगा. रोज डे पर आप अपने पार्टनर के प्रति बहुत अधिक समर्पित महसूस करेंगे. शाम का समय पूरी तरह रोमांस से भरा रहेगा. आप उन्हें फूलों के साथ किसी रोमांटिक डिनर का सरप्राइज दे सकते हैं. आपसी बातचीत से पुरानी गलतफहमियां दूर होंगी और मन हल्का होगा.
सिंह राशि: आपकी राशि में स्थित केतु और सप्तम भाव में शुक्र-बुध-राहु की स्थिति रिश्तों में उतार-चढ़ाव का संकेत दे रही है. रोज डे होने के बावजूद प्रेमी और प्रेमिका के बीच किसी बात को लेकर बड़ी अनबन हो सकती है. फोन पर बात करते समय अपनी वाणी पर नियंत्रण रखें. इस दिन अहंकार को पीछे छोड़कर प्रेम को प्राथमिकता दें, वरना विवाद बढ़ सकता है.
कन्या राशि: चंद्रमा आपकी राशि से निकलकर तुला में प्रवेश करेंगे, जो आपके प्रेम जीवन में भावनात्मक सुरक्षा की चर्चा बढ़ाएंगे. रोज डे पर पार्टनर के साथ अच्छी बॉन्डिंग रहेगी. गर्लफ्रेंड का फोन आने से आपकी थकान दूर हो जाएगी. रात में साथ मिलकर डिनर करने का योग बन रहा है, जहां आप अपने जज्बात साझा करेंगे.
तुला राशि: चंद्रमा इस दिन आपकी ही राशि में प्रवेश करेंगे, जिससे आपके व्यक्तित्व में गजब का निखार आएगा. रोज डे पर पार्टनर आपकी तरफ खिंचा चला आएगा. रोमांस के लिए इस दिन सर्वोत्तम है. यदि काफी समय से पार्टनर का फोन न आने के कारण आप टेंशन में थे, तो वह चिंता दूर होगी. एक लंबी बातचीत और सुंदर गुलाब आपके दिन को यादगार बना देंगे.
वृश्चिक राशि: मकर राशि में स्थित मंगलदेव आपकी राशि को प्रभावित करेंगे, जो प्रेम में तीव्रता और गहराई लाएंगे. रोज डे पर आप अपने पार्टनर के प्रति बहुत अधिक भावुक रहेंगे. प्रेमी-प्रेमिका के बीच उपहारों और गुलाबों का लेन-देन होगा. इस दिन शाम को किसी अच्छे रेस्टोरेंट में डिनर पर जाने से आपके बीच का रिश्ता और भी ज्यादा मजबूत होगा.
धनु राशि: देव गुरु बृहस्पति की कृपा से आपकी लव लाइफ में खुशियां आएगी. पार्टनर के साथ आपकी ट्यूनिंग बहुत शानदार रहेगी. रोज डे के मौके पर आप घंटों फोन पर अपने पार्टनर से भविष्य के सपने साझा करेंगे. रोमांस के मामले में सितारे पूरी तरह आपके पक्ष में हैं. यह दिन पूरी तरह प्रेम और फूलों के नाम रहेगा.
मकर राशि: सूर्य और मंगल आपकी ही राशि में हैं, जो आपको थोड़ा कठोर या कार्य-केंद्रित बना सकते हैं. काम की अधिकता के कारण शायद आप पार्टनर का कॉल रिसीव न कर पाएं, जिससे रोज डे पर फोन पर अनबन हो सकती है. तनाव दूर करने के लिए खुद पहल करें. बातचीत के बाद स्थितियां सामान्य हो जाएंगी.
कुंभ राशि: आपकी राशि में शुक्र, बुध और राहु की युति प्रेम में अत्यधिक आकर्षण और कुछ अलग करने की चाह पैदा कर रही है. रोज डे पर अचानक आपकी गर्लफ्रेंड का फोन आ सकता है, जिससे आप रोमांचित हो उठेंगे. हालांकि, राहु के कारण बातचीत में स्पष्टता रखें ताकि कोई गलतफहमी न हो. फोन पर बातचीत के माध्यम से या मिलकर शाम में रोमांस का भरपूर आनंद लेंगे.
मीन राशि: शनि आपकी राशि में गोचर कर रहे हैं, जो कभी-कभी रिश्तों में गंभीरता या अकेलापन महसूस कराते हैं. रोज डे पर पार्टनर का फोन नहीं आने के कारण आप सारा दिन टेंशन में रह सकते हैं. मन में नकारात्मक विचार न लाएं, हो सकता है वे किसी काम में व्यस्त हों. धैर्य रखें, शाम को बातचीत के बाद स्थितियां सामान्य हो जाएंगी और आपकी उदासी दूर होगी.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Radheshyam Kushwaha
पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में धर्म अध्यात्म एवं राशिफल डेस्क पर कार्यरत हैं. ज्योतिष शास्त्र, व्रत त्योहार, राशिफल के आलावा राजनीति, अपराध और पॉजिटिव खबरों को लिखने में रुचि हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




