झारखंड : 17 अगस्त से 4 अक्टूबर तक संकल्प यात्रा निकालेंगे बीजेपी अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी

झारखंड बीजेपी प्रमुख बाबूलाल मरांडी 17 अगस्त से चार अक्टूबर 2023 तक संकल्प यात्रा निकालेंगे. यात्रा सभी 81 जिलों में होगी. एक दिन में दो विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया जायेगा. यात्रा की शुरुआत सिदो-कान्हू की जन्मस्थली भोगनाडीह से होगी.
झारखंड प्रदेश बीजेपी (भारतीय जनता पार्टी) के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी 17 अगस्त से 4 अक्टूबर तक संकल्प यात्रा निकालेंगे. गिरिडीह में पार्टी की ओर से शनिवार को इसका ऐलान किया गया. गिरिडीह जिले के मधुबन में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आगामी दिनों में पार्टी को मजबूत करने के लिए बीजेपी के कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को बूथ से जीवंत संबंध स्थापित करने होंगे. तभी हमारी पार्टी आने वाले चुनावों में आशा के अनुरूप प्रदर्शन कर पायेगी. हम जनता से जुड़ेंगे, तो जनता भी हमारी पार्टी से जुड़ेगी और हमारी जीत सुनिश्चित होगी.
बूथ ही हमारी गतिविधियों का सक्रिय केंद्र हो : बाबूलाल मरांडी
झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बूथ ही हमारी गतिविधियों का सक्रिय केंद्र होना चाहिए. सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों का बूथ से जीवंत संबंध होना चाहिए. हमें अपने व्यवहार और परिश्रम से जनता का दिल जीतना होगा. तभी जनता हमारे साथ खड़ी होगी और हमारी पार्टी चुनावों में जीत दर्ज करेगी. उन्होंने कहा कि झारखंड की वर्तमान सरकार जनता को समाधान नहीं दे रही. ऐसे विधेयक ला रही है, जिससे जनता परेशान हो जाये.
भ्रष्टाचार में लिप्त है झारखंड की सरकार
बाबूलाल मरांडी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की अगुवाई में चल रही झारखंड की यूपीए गठबंधन सरकार को उखाड़ फेंकने का जनता से आह्वान किया. उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है. इस सरकार ने अब तक साढ़े तीन साल के अपने कार्यकाल में कोई रचनात्मक काम नहीं किया. इस दौरान प्रदेश के कई बड़े अधिकारी भ्रष्टाचार के मामले में जेल गये. सत्ता में बैठे कई लोगों के करीबियों के खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसियों को भ्रष्टाचार के सबूत मिले हैं. इसलिए नैतिकता के आधार पर अब इस सरकार को इस्तीफा दे देना चाहिए.
कर्मवीर सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बताये कार्यक्रम
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने विगत दिनों संपन्न कार्यक्रम, महा जनसंपर्क अभियान, बूथ सशक्तिकरण अभियान, आजीवन सहयोग निधि की समीक्षा की और जिलाध्यक्षों से पूरी जानकारी ली. उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को आजादी के अमृत महोत्सव का समापन होना है. कहा कि आने वाले दिनों में हमें हर घर तिरंगा, मेरी माटी मेरा देश, विभाजन की विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम को जन भागीदारी के साथ मनाना है. सभी कार्यकर्ता अभी से इसकी तैयारियों में जुट जायें.
झामुमो को सड़क से सदन तक घेर रही बीजेपी : आदित्य साहू
बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए बीजेपी प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार गांव, गरीब, किसान, आदिवासी, दलित, पिछड़ा व महिला विरोधी सरकार है. हेमंत सोरेन की सरकार राज्य को लूटने और लुटवाने में जुटी है. आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी इस सरकार की वजह से राज्य की जनता परेशान हो चुकी है. ऐसे में बीजेपी लगातार जन मुद्दों पर सरकार को सदन से सड़क तक घेर रही है. हमारा यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.
भोगनाडीह से शुरू होगी बाबूलाल की संकल्प यात्रा
आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी आगामी 17 अगस्त से 4 अक्टूबर 2023 तक 81 विधानसभा क्षेत्रों में संकल्प यात्रा के माध्यम से जनता को संबोधित करेंगे. उन्होंने बताया कि मरांडी की संकल्प यात्रा 17 अगस्त से सिदो कान्हू की जन्मभूमि भोगनाडीह से शुरू होगी. कहा कि एक दिन में दो विधानसभा में होगी जनसभा.
बैठक में ये लोग हुए शामिल
बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में हुई आज की प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों एवं विधायकगणों की बैठक में कोडरमा की सांसद एवं केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी विशेष रूप से उपस्थित थीं. बैठक में उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा, सुनील सिंह, गंगोत्री कुजूर, अपर्णा सेन गुप्ता, विनोद शर्मा, जेपी पटेल, डॉ प्रदीप वर्मा, बालमुकुंद सहाय, प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू, नवीन जायसवाल, काजल प्रधान, मुनेश्वर साहू, शर्मिला रजक, विवेक भवानी सिंह, रीता मिश्रा, कोषाध्यक्ष दीपक बंका, कार्यालय मंत्री हेमंत दास, मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक के अलावा विधायक सीपी सिंह, भानु प्रताप शाही, आलोक चौरसिया, शशिभूषण मेहता, किशुन दास, अनंत ओझा, अमित मंडल, नारायण दास, रणधीर सिंह, नीरा यादव, मनीष जायसवाल, राज सिन्हा, बिरंची नारायण, ढुलू महतो, अमर बाउरी, समरी लाल व अन्य उपस्थित थे. बैठक का संचालन डॉ प्रदीप वर्मा ने और धन्यवाद ज्ञापन जिला अध्यक्ष महादेव दुबे ने किया.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Mithilesh Jha
मिथिलेश झा PrabhatKhabar.com में पश्चिम बंगाल राज्य प्रमुख (State Head) के रूप में कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार हैं. उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 32 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव है. उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, जलवायु परिवर्तन, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि और अन्य समसामयिक विषयों पर केंद्रित रही है, जिससे वे क्षेत्रीय पत्रकारिता में एक विश्वसनीय और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित हुए हैं. अनुभव : पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में 3 दशक से अधिक काम करने का अनुभव है. वर्तमान भूमिका : प्रभात खबर डिजिटल (prabhatkhabar.com) में पश्चिम बंगाल के स्टेट हेड की भूमिका में हैं. वे डिजिटल न्यूज कवर करते हैं. तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता को प्राथमिकता देते हैं. वर्तमान में बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 पर पूरी तरह से फोकस्ड हैं. भौगोलिक विशेषज्ञता : उनकी रिपोर्टिंग का मुख्य फोकस पश्चिम बंगाल रहा है, साथ ही उन्होंने झारखंड और छत्तीसगढ़ की भी लंबे समय तक ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग की है, जो उनकी क्षेत्रीय समझ और अनुभव को दर्शाता है. मुख्य विशेषज्ञता (Core Beats) : उनकी पत्रकारिता निम्नलिखित महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्रों में गहरी विशेषज्ञता को दर्शाती है :- राज्य राजनीति और शासन : झारखंड और पश्चिम बंगाल की राज्य की राजनीति, सरकारी नीतियों, प्रशासनिक निर्णयों और राजनीतिक घटनाक्रमों पर निरंतर और विश्लेषणात्मक कवरेज. सामाजिक मुद्दे : आम जनता से जुड़े सामाजिक मुद्दों, जनकल्याण और जमीनी समस्याओं पर केंद्रित रिपोर्टिंग. जलवायु परिवर्तन और नवीकरणीय ऊर्जा : पर्यावरणीय चुनौतियों, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और रिन्यूएबल एनर्जी पहलों पर डेटा आधारित और फील्ड रिपोर्टिंग. डाटा स्टोरीज और ग्राउंड रिपोर्टिंग : डेटा आधारित खबरें और जमीनी रिपोर्टिंग उनकी पत्रकारिता की पहचान रही है. विश्वसनीयता का आधार (Credibility Signal) : तीन दशकों से अधिक की निरंतर रिपोर्टिंग, विशेष और दीर्घकालिक कवरेज का अनुभव तथा तथ्यपरक पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता ने मिथिलेश झा को पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के लिए एक भरोसेमंद और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित किया है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




