ePaper

PHOTOS: धनबाद के बस्ताकोला कोलडंप में वर्चस्व की लड़ाई में जमकर चली गोलियां, कई घायल

Updated at : 05 Jul 2023 9:32 PM (IST)
विज्ञापन
PHOTOS: धनबाद के बस्ताकोला कोलडंप में वर्चस्व की लड़ाई में जमकर चली गोलियां, कई घायल

बस्ताकोला कोलडंप में ट्रक लोडिंग में वर्चस्व को लेकर बुधवार को संयुक्त मोर्चा व जनता श्रमिक संघ के समर्थकों में भिड़ंत हो गयी. इस दौरान दोनों ओर से जमकर मारपीट व पत्थरबाजी हुई, जिसमें दोनों ओर से आधा दर्जन लोग घायल हो गये.

विज्ञापन
undefined

बस्ताकोला कोलडंप में ट्रक लोडिंग में वर्चस्व को लेकर बुधवार को संयुक्त मोर्चा व जनता श्रमिक संघ के समर्थकों में भिड़ंत हो गयी. इस दौरान दोनों ओर से जमकर मारपीट व पत्थरबाजी हुई, जिसमें दोनों ओर से आधा दर्जन लोग घायल हो गये. भिड़ंत के दौरान कोलडंप में दो दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग भी की गयी. उससे भगदड़ मच गयी. पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखा बरामद किया है. बाद में धनबाद पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच तीन ट्रकों की लोडिंग करायी. घटना के बाद वहां तनाव बना हुआ है. पहली बार इस तरह की भिड़ंत में सिंह मेंशन में दो फाड़ देखा गया. दोनों पक्षों में मेंशन समर्थक थे.

undefined

क्या है मामला

बस्ताकोला डंप में ट्रक लोडिंग के लिए बस्ताकोला प्रबंधन ने बुधवार से 12 ट्रकों का अलॉटमेंट किया था. उनमें लोडिंग प्वाइंट पर तीन ट्रक पहुंचे थे. लोडिंग को लेकर बुधवार की सुबह से ही संयुक्त मोर्चा के सैकड़ों असंगठित मजदूर कोलडंप में जुटने लगे थे, जबकि विधि-व्यवस्था को लेकर सीआइएसएफ और पुलिस भी कोलडंप पर मौजूद थी. तीन ट्रकों को संयुक्त मोर्चा के मजदूर लोडिंग करने लगे. तभी वहां जनता श्रमिक संघ के समर्थक मजदूरों ने अपना हक मांगते हुए ट्रक लोडिंग रोक दी. उसको लेकर दोनों गुटों में भिड़ंत हो गयी.

undefined

दोनों ओर से जमकर पथराव होने लगे, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गयी. इसी बीच फायरिंग शुरू हो गयी. सूचना पाकर धनबाद डीएसपी अरविंद कुमार बिन्हा व झरिया, बैंक मोड़, धनसार थाना व बोर्रागढ़ ओपी की पुलिस के अलावा अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचा. पुलिस की निगरानी में तीन ट्रकों में कोयला लोडिंग करायी गयी.

undefined

घटना के बाद सीआइएसएफ और पुलिस ने ड्रोन उड़ा कर मामले को कैद किया. डीएसपी अरविंद कुमार बिन्हा ने धनसार पुलिस को शांतिपूर्ण तरीके से लोडिंग कराने का निर्देश दिया है. घटना के बाद कोलडंप में अभी भी तनाव बना हुआ है. इधर, जश्रसं को दरकिनार कर काम शुरू करने पर उनके समर्थकों ने राजापुर व बस्ताकोला आउटसोर्सिंग का उत्पादन देर शाम तक ठप रखा. आक्रोशित समर्थकों का आरोप था कि प्रबंधन पक्षपात कर रहा है.

undefined

इस घटना का ठीकरा जश्रसं की संयुक्त महामंत्री रागिनी सिंह ने बस्ताकोला कोलियरी प्रबंधन व जिला प्रशासन पर फोड़ा है. जिला प्रशासन व प्रबंधन पर सत्ता पक्ष के दबाव में काम करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि बस्ताकोला कोलियरी में प्रबंधन की चूक की वजह से परियोजना लोडिंग प्वाइंट पर टकराव की घटना घटी. कोलियरी प्रबंधन ने अपने वरीय पदाधिकारियों को अंधकार में रखा है. जश्रसं को संयुक्त मोर्चा ने अलग रखा है. वार्ता में प्रबंधन ने कभी नहीं बुलाया, जबकि स्थानीय लोग जश्रसं से जुड़े हैं. उन्होंने कहा कि अगर जमश्रं से जुड़े लोगों को काम नहीं मिला तो पूरे एरिया का चक्का जाम कर दिया जायेगा. प्रबंधन ने जनता श्रमिक संघ के नेताओं से बगैर सहमति बनाये डीओ एलॉटमेंट बनाकर बुधवार से ट्रक लोडिंग शुरू करा दी, जिसके कारण भिड़ंत हो गयी.

undefined

दोनों पक्षों में तीन राउंड हुई मारपीट

परियोजना लोडिंग प्वाइंट पर खाली ट्रक कांटा होने के लिए सुबह 9:20 बजे ट्रक के लोडिंग प्वाइंट पहुंचने की सूचना पर जनता श्रमिक संघ के समर्थक करीब 10 मिनट बाद ही पहुंच कोयला लोड करने लगे. उसका विरोध संयुक्त मोर्चा के समर्थकों ने किया. उसके बाद दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया. पथराव होते ही संयुक्त मोर्चा के समर्थक पीछे हट गये. 10 मिनट के अंदर दोनों पक्षों में तीन राउंड जमकर मारपीट व पथराव हुआ. इस दौरान संघ के समर्थक कम संख्या में होने कारण पीछे हटने लगे.

undefined

सिंह मेंशन की दोनों यूनियनें पहली बार आमने-सामने

पहली बार किसी आंदोलन में सिंह मेंशन की यूनियन जनता मजदूर संघ व जनता श्रमिक संघ के समर्थक अलग-अलग खेमे में दिखाई दिये. नवगठित जनता श्रमिक संघ में जमसं के समर्थक ही शामिल हुए हैं, जिसकी देखरेख भाजपा नेत्री रागिनी सिंह करती हैं, जबकि जमसं के महामंत्री सिद्धार्थ गौतम हैं. बुधवार को कोलडंप पर दोनों संगठनके समर्थक एक दूसरे के विरोध में खड़े थे. इससे पूर्व परियोजना लोडिंग प्वाइंट में यही दोनों यूनियनों के समर्थक जनता मजदूर संघ के बैनर तले रोजगार की मांग कर रहे थे, पर जश्रसं बनने के बाद जमसं संयुक्त मोर्चा के पक्ष मे चला गया.

undefined

दोनों पक्षों ने की है थाना में शिकायत

घटना के बाद दोनों पक्षों ने धनसार थाना में अलग-अलग शिकायत की है. एक पक्ष के नवल पासवान ने पप्पू पासवान, अमित गुप्ता, बुधन मंडल, नारायण पासवान, शंकर कुमार, चंदन सिंह, प्रेम गोप, विकास सिंह सहित अज्ञात के खिलाफ शिकायत की है. उसमें कहा है कि बस्ताकोला कोलडंप में ट्रक लोडिंग की जा रही थी, तभी उक्त लोगों ने वहां आकर मजदूरों के साथ मारपीट की और गोलियां चलायी.

undefined

जबकि दूसरे पक्ष के प्रदीप पासवान ने अमरेंद्र सिंह, रामकृष्ण पाठक, सोनू पाठक, मनीष पाठक, विनोद सिंह, लक्ष्मण, गणेश, पंकज, गौतम पासवान, उमाशंकर चौहान, सोनू, कृष्णा चौहान, विनीत पांडा, पारस यादव, मतलू अंसारी, शंकर रवानी सहित अन्य के खिलाफ धनसार थाना में शिकायत की है. कहा है कि हमलोग ट्रक लोडिंग करने गये थे, तभी इन लोगों ने जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल करते हुए मारपीट की.

undefined

मजदूरों को पिस्टल का भय दिखाकर भगाने लगे. फायरिंग भी की. उसके बाद हमलोग भाग खड़े हुए. वहीं संयुक्त मोर्चा और बस्ताकोला कोलियरी प्रबंधन ने भी काम में बाधा डालने की शिकायत की है.

undefined

क्या कहते हैं डीएसपी

प्रशासन यहां शांतिपूर्ण तरीके से लोडिंग कराने के लिए प्रतिबद्ध है. दोनों गुटों में भिड़त के बाद पुलिस ने नियंत्रण कर ट्रक लोडिंग करायी है .यहां विधि-व्यवस्था में बाधा डालने वालों को बख्शा नहीं जायेगा.

अरविंद कुमार बिन्हा, डीएसपी, धनबाद

undefined

संयुक्त मोर्चा के आवेदन पर एलाटमेंट बनाया गया था. प्रबंधन ने सभी युनियनों को आपस में सहमति बनाकर ट्रक लोडिंग करने की बात कही थी. ट्रक लोडिंग को लेकर सीआईएसएफ व पुलिस को सुरक्षा के लिए पत्र दिया गया था.

के शर्मा, पीओ, बस्ताकोला कोलियरी.

undefined

घटना स्थल से चार खोखा बरामद हुआ है. पुलिस हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ दिया है. दोनों पक्षों से शिकायत मिली है. मामले की जांच कर कार्रवाई की जायेगी.

राजदेव सिंह, थाना प्रभारी, धनसार.

undefined

रागिनी सिंह समर्थक जनता श्रमिक संघ ने लेटर पैड पर लोडिंग में 50% मजदूरों की हिस्सेदारी की मांग प्रबंधन से की थी. जनता मजदूर संघ की ओर से रुद्र प्रताप सिंह अपने समर्थकों के साथ लोडिंग प्वाइंट पर जमे हुए थे, जबकि जनता श्रमिक संघ की ओर से पप्पू पासवान आंदोलन का नेतृत्व कर रहे थे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola