Weather Forecast : दिल्ली का गिरेगा पारा, यहां होगी मूसलाधार बारिश, जानें मौसम का हाल
Weather Forecast LIVE Updates Today : पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी के बीच हिमालय से चल रही बर्फीली हवाओं के कारण उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है. बिहार और झारखंड सहित कई राज्यों में तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है. इधर चक्रवाती तूफान मैंडूस (Cyclone Mandous) ने ममल्लापुरम के करीब तट को पार कर लिया है. इसको लेकर अलर्ट जारी किया गया है. जानें आज कैसा रहने वाला है मौसम
बेंगलुरु और आसपास के जिलों में बारिश
तमिलनाडु के तटीय इलाकों से ‘मैंडूस’ तूफान के गुजरने का असर कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु और आसपास के जिलों में भी देखने को मिला है. इन इलाकों में रविवार तक हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश और आसमान में बादल छाए रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है. बेंगलुरु शहर में शनिवार सुबह से ही हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो रही है.
मूसलाधार बारिश का पूर्वानुमान
आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान दक्षिण आतंरिक कर्नाटक के अधिकतर इलाकों और तटीय व उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है जबकि बेंगलुरु ग्रामीण, चित्रदुर्ग, मांडया, रामनगरा और तुमकुर जिले के छिट पुट इलाकों में मूसलाधार बारिश का पूर्वानुमान है. मौसम विभाग ने बताया कि बेंगलुरु शहर, चमाराजनगर, चिक्कबल्लापुर, मैसुरु, कोलार, कोडागू, चिकमगलुर और हासन जिले के कुछ स्थानों पर भी भारी बारिश की संभावना है. गौरतलब है कि मैंडूस तूफान नौ और 10 दिसंबर की दरमियानी रात तमिलनाडु के मामल्लापुरम में तट से टकराया था.
राजस्थान में चूरू सबसे ठंडा स्थान
राजस्थान में चूरू सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि राजस्थान में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा. हालांकि, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में बने कम दबाव के तंत्र के प्रभाव से अगले दक्षिणी राजस्थान के कोटा और उदयपुर संभाग में अगले तीन दिनों तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं.
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में ठंड के कारण लोगों का परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बीते चौबीस घंटे में कोहरे का कहर और ज्यादा हुआ है. साथ ही सर्द हवाओं ने भी मुश्किलें बढ़ा दी है. सुबह की शुरुआत घने कोहरे और शीतलहर से होने के कारण बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है. यूपी के प्रमुख शहरों के मौसम पर नजर डालें तो राजधानी लखनऊ में बीते कुछ दिनों से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है.
दिल्ली का गिरेगा पारा
पहाड़ों में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली का तापमान थोड़ा बढ़़ रहा है, हलांकि अगले सप्ताह से इस विक्षोभ का असर कम होने से मौसम में बदलाव नजर आएगा जिससे न्यूनतम तापमान तेजी से गिरेगा और इससे सर्दी बढ़ जाएगी.
छह डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है पारा
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिन धुंध और कोहरा छाए रहने का अनुमान है तथा 16 दिसंबर तक पारा छह डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है.
लेखक के बारे में
By अमिताभ कुमार
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए