एक्टिविस्ट स्वतंत्र भारद्वाज गिरफ्तार, कोर्ट ने एक दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा
स्वतंत्र भारद्वाज (Photo/X)
‘इन्फ्लुएंसर’ स्वतंत्र भारद्वाज की मुश्किलें बढ़ गई हैं. शनिवार (5 सितंबर) को दिल्ली की एक अदालत में उन्हें पेश किया गया. सुनवाई के बाद न्यायाधीश ने स्वतंत्र भारद्वाज को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया.
स्वतंत्र भारद्वाज पर आरोप है कि जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के प्रदर्शन के दौरान उन्होंने एक छात्र प्रदर्शनकारी के पिता का सिर फोड़ने की बात कही थी. इस मामले को लेकर CJP और विपक्ष की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया था. इसके बाद शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर स्थित उनके घर से स्वतंत्र को हिरासत में लिया गया. बाद में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया. कोर्ट ने स्वतंत्र भारद्वाज को एक दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया. मामले की जांच जारी है और पुलिस उनके खिलाफ लगे आरोपों की जांच कर रही है.
अदालत के सूत्रों के हवाले से न्यूज एजेंसी पीटीआई ने बताया कि भारद्वाज को दोपहर लगभग दो बजे अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सौरभ प्रताप सिंह लालेर के आवास पर पेश किया गया. उसकी कानूनी सहायता के लिए नियुक्त वकील वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से न्यायाधीश के समक्ष पेश हुए.
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार (4 सितंबर) को स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी में अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम और आपराधिक धमकी से जुड़ी धाराएं जोड़ी थीं. भारद्वाज के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) कानून के तहत भी मामला दर्ज किया गया है.
ये भी पढ़ें: जंतर-मंतर पर मारपीट के बाद फरार था स्वतंत्र भारद्वाज, बुलंदशहर से दिल्ली पुलिस ने दबोचा
भारद्वाज के एक इंटरव्यू का वीडियो वायरल
भारद्वाज के एक इंटरव्यू का वीडियो वायरल हुआ. इसमें उसने दावा किया गया था कि 20 जुलाई के विरोध प्रदर्शन के दौरान उसने नाबालिग कार्यकर्ता के पिता संजय का ‘‘सिर फोड़ दिया था’’. वीडियो में भारद्वाज को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “...क्या आपको पता है कि इस अपराध में कौन सी धारा लगती है? धारा 307। उसे 60 टांके लगे थे.’’
नाबालिग का आरोप- दुष्कर्म की धमकी दी गई
नाबालिग ने आरोप लगाया कि पिता पर हुए हमले के खिलाफ आवाज उठाने और पुलिस में शिकायत करने के बाद उसे दुष्कर्म की धमकी दी गई. आरोप है कि उसके साथ गाली-गलौज भी की गई और उसकी तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ की गई. मामले को लेकर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने संसद मार्ग थाने में पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की. उन्होंने स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए