सावन में मटन खाने की जिद ने 30 साल के बेटे की ली जान, पिता ने पीट-पीटकर कर मार डाला, मां भी गिरफ्तार
पुलिस (File Photo)
महाराष्ट्र के पुणे में सावन के दौरान मटन खाने को लेकर एक भीषण विवाद हो गया, जिसने एक 30 वर्षीय बेटे की जान ले ली. इस घटना में माता-पिता को गिरफ्तार किया गया है. जानें कैसे एक जिद हत्या में बदल गई.
महाराष्ट्र के पुणे में सावन के दौरान मटन खाने को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि 30 साल के महेश भागवत गायकवाड़ की मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में महेश के पिता भागवत सूर्यभान गायकवाड़ (64) और मां पार्वती गायकवाड़ (60) को गिरफ्तार किया है. घटना 24-25 अगस्त की दरम्यानी रात पुणे के वारजे-मालवाड़ी इलाके में हुई.
मटन खाने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, महेश 24 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे शराब के नशे में घर पहुंचा और रात के खाने में मटन बनाने की मांग करने लगा. परिवार सावन के कारण मांसाहारी खाना नहीं खा रहा था, इसलिए उसके माता-पिता ने मटन बनाने से इनकार कर दिया. इसी बात को लेकर महेश और उसके पिता के बीच बहस शुरू हो गई.
पुलिस का आरोप है कि बहस के बाद पिता ने महेश को लात-घूंसों से पीटा. उसके सिर और चेहरे पर चोट लगी और खून निकलने लगा. बाद में उसकी मौत हो गई. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत की वजह अंदरूनी चोटें बताई गई हैं.
ये भी पढ़ें: आयुष हत्याकांड के उद्भेदन की मांग को लेकर चौथे दिन भी धरना
मौत को हादसा बताने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, महेश के माता-पिता ने शुरुआत में उसकी मौत को हादसा बताने की कोशिश की. दोनों ने बड़े बेटे को बताया कि महेश रात करीब 2 बजे नशे की हालत में घर आया था और उस समय घायल था. उन्होंने आशंका जताई कि शायद उसका कहीं एक्सीडेंट हुआ होगा.
हालांकि, महेश के बड़े भाई ने पुलिस को बताया कि उसने अपने भाई को 24 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे घर लौटते देखा था. इसके बाद पुलिस को मामले पर शक हुआ और जांच शुरू की गई.
ये भी पढ़ें: राखी से ठीक पहले बहनोई ने की बहन की हत्या, दो भाइयों की कलाई रह गई सूनी
मां पर भी सबूत मिटाने का आरोप
पुलिस का कहना है कि महेश की मौत के बाद उसकी मां ने पति को बचाने के लिए सबूत मिटाने में मदद की. The Free Press Journal के मुताबिक इस मामले में 27 अगस्त को दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. मामले की जांच अभी जारी है.
महेश के बड़े भाई की शिकायत पर वारजे-मालवाड़ी पुलिस ने केस दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक, महेश शराब पीने का आदी था और अक्सर माता-पिता से विवाद करता था. उसकी पत्नी भी कुछ साल पहले दो बच्चों के साथ उससे अलग हो गई थी और बाद में दोनों का तलाक हो गया था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए