ePaper

Shivraj Patil Demise: पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल का निधन, 90 साल की आयु में ली अंतिम सांस

Updated at : 12 Dec 2025 9:20 AM (IST)
विज्ञापन
Shivraj Patil Demise

Former Home Minister Shivraj Patil

Shivraj Patil Demise: पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिवराज पाटिल का 90 वर्ष की आयु में लातूर में निधन हो गया. लंबे समय से बीमार चल रहे पाटिल ने आज सुबह अपने घर में अंतिम सांस ली. वे रक्षा मंत्री, लोकसभा स्पीकर और पंजाब के राज्यपाल जैसे अहम पदों पर सेवाएं दे चुके थे.

विज्ञापन

Shivraj Patil Demise: महाराष्ट्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल का आज सुबह निधन हो गया. वे 90 वर्ष के थे. सुबह करीब 6:30 बजे लातूर स्थित अपने आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली. लंबे समय से बीमार चल रहे पाटिल का घर पर ही उपचार किया जा रहा था. उनका पूरा नाम शिवराज पाटिल चाकुरकर था.

कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे शिवराज पाटिल

शिवराज पाटिल का राजनीतिक जीवन बेहद समृद्ध और प्रभावशाली रहा. वे लातूर के ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से 1973 से 1980 तक विधायक रहे. इसके बाद 1980 से 1999 के बीच लगातार सात बार लातूर लोकसभा सीट से सांसद चुने गए. इंदिरा गांधी सरकार में वे रक्षा मंत्री रहे, जबकि राजीव गांधी सरकार में उन्होंने नागर विमानन मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाली. लोकसभा स्पीकर रहते हुए उन्होंने संसद में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल की शुरुआत कराई.

2008 मुंबई हमले के दौरान बने थे सुर्खियों का केंद्र

साल 2008 के मुंबई आतंकी हमले के समय देश के गृह मंत्री शिवराज पाटिल ही थे. हमले के दौरान सुरक्षा में चूक को लेकर उनकी काफी आलोचना हुई, जिसके बाद उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए गृह मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया. हमले को रोक पाने में असफल रहने की जिम्मेदारी उन्होंने सार्वजनिक रूप से स्वीकार की थी.

बाद में बने पंजाब के राज्यपाल

गृह मंत्री पद छोड़ने के बाद पाटिल को वर्ष 2010 से 2015 तक पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक के रूप में नियुक्त किया गया. अपने शांत स्वभाव, सादगी और संगठन कौशल के चलते वे कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ और सम्मानित नेताओं में गिने जाते थे.

शिवराज पाटिल के निधन से कांग्रेस पार्टी सहित पूरे राजनीतिक जगत में शोक की लहर है. उन्हें बतौर प्रशासक, जननेता और संसद में गरिमा बनाए रखने वाले एक अनुभवी राजनेता के रूप में हमेशा याद किया जाएगा.

विज्ञापन
Ayush Raj Dwivedi

लेखक के बारे में

By Ayush Raj Dwivedi

आयुष डिजिटल पत्रकार हैं और इनको राजनीतिक खबरों को लिखना, वीडियो बनाना और रिसर्च करना पसंद है. इससे पहले इन्होंने न्यूज इंडिया 24*7 में बतौर कंटेन्ट राइटर और रिपोर्टर काम किया है. इनको बिहार यूपी और दिल्ली की राजनीति में विशेष रुचि है. आयुष को क्रिकेट बहुत पसंद है

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola