UPI MDR पर राहुल गांधी का पीएम मोदी पर हमला, कहा- हिम्मत दिखाइए और UPI टैक्स वापस लीजिए
राहुल गांधी, नेता प्रतिपक्ष
Rahul Gandhi On UPI MDR: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 2,000 रुपये से अधिक के चुनिंदा व्यापारी UPI लेनदेन पर MDR लागू किए जाने को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है.
Rahul Gandhi On UPI MDR: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने UPI के नए शुल्क को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने झुक रहे हैं और सरकार को UPI से जुड़े नए MDR को वापस लेना चाहिए. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट कर प्रधानमंत्री मोदी से UPI टैक्स वापस लेने की मांग की.
राहुल गांधी ने क्या कहा?
राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि उनसे एक बार पूछा गया था कि उनका झुकाव बाईं तरफ है या दाईं तरफ. इस पर उन्होंने सीधे खड़े रहने की बात कही थी. इसी संदर्भ में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने अमेरिका के सामने झुकने का रास्ता चुना है. राहुल गांधी ने दावा किया कि UPI पर नया MDR लागू होने से आखिरकार आम लोगों पर बोझ पड़ सकता है. ऐसे में उन्होंने सरकार से इसे तुरंत वापस लेने की मांग की.
UPI के नए नियम में क्या है?
सरकार के आधिकारिक स्पष्टीकरण के मुताबिक नया MDR कोई सरकारी टैक्स नहीं है. यह चुनिंदा व्यापारी UPI लेनदेन पर लागू होने वाला Merchant Discount Rate है, जिसे भुगतान व्यवस्था से जुड़े संस्थानों के बीच बांटा जाएगा. सरकार की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक पर्सन टू पर्सन यानी एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति को किए जाने वाले सभी UPI लेनदेन पूरी तरह मुफ्त रहेंगे, चाहे रकम कितनी भी हो. इसी तरह व्यापारियों को किए जाने वाले 2,000 रुपये तक के UPI भुगतान पर भी MDR नहीं लगेगा.
नए ढांचे के तहत 2,000 रुपये से अधिक के चुनिंदा Person-to-Merchant यानी P2M लेनदेन पर 0.4 प्रतिशत MDR लागू होगा. सरकार का कहना है कि करीब 96 प्रतिशत व्यापारी UPI लेनदेन इसके दायरे से बाहर रहेंगे और ग्राहकों को MDR नहीं देना होगा.
Also Read: UPI New Rule: 2000 रुपये से ज्यादा भेजने पर भी नहीं लगेगा चार्ज, P2P पेमेंट पूरी तरह फ्री
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए