PM Modi-Putin Meeting: गले मिले, हाथ मिलाया, पीएम मोदी ने पुतिन को भेंट किया ‘तिरुक्कुरल’ का रूसी अनुवाद
ब्रिक्स समिट 2026 के दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को प्राचीन तमिल क्लासिक 'तिरुक्कुरल' का रूसी अनुवाद भेंट करते पीएम मोदी, फोटो- एएनआई
PM Modi-Putin Meeting: ब्रिक्स समिट से पहले भारत-रूस रिश्तों की गर्मजोशी एक खास तोहफे में भी नजर आई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को प्राचीन तमिल ग्रंथ तिरुक्कुरल का रूसी अनुवाद भेंट किया. दोनों नेताओं ने व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और रणनीतिक सहयोग से जुड़े अहम मुद्दों पर द्विपक्षीय वार्ता भी की.
PM Modi-Putin Meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को 18वें ब्रिक्स समिट (BRICS Summit) से एक दिन पहले द्विपक्षीय वार्ता की. इस दौरान पीएम मोदी ने पुतिन को प्राचीन तमिल ग्रंथ तिरुक्कुरल का रूसी अनुवाद भेंट किया. पुतिन ब्रिक्स समिट में शामिल होने के लिए तीन दिवसीय यात्रा पर शुक्रवार सुबह नई दिल्ली पहुंचे हैं.
100 अरब डॉलर के व्यापार लक्ष्य पर नजर
न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक दोनों देशों के बीच 2030 तक सालाना द्विपक्षीय व्यापार को 100 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य बातचीत के प्रमुख मुद्दों में शामिल हो सकता है. इससे पहले केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भी भारत-रूस आर्थिक और औद्योगिक सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया था. मौजूदा करीब 60 अरब डॉलर के व्यापार को 100 अरब डॉलर तक पहुंचाने के लिए अगले चार सालों में करीब 40 अरब डॉलर की बढ़ोतरी की जरूरत होगी.
रक्षा और परमाणु सहयोग भी होगी चर्चा
दोनों नेताओं के बीच रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा होने की संभावना है. क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव के अनुसार दोनों पक्ष ब्रह्मोस मिसाइल के अपग्रेडेशन पर विचार कर रहे हैं. रूस बचे हुए S-400 मिसाइल सिस्टम की आपूर्ति पूरी करने के लिए भी प्रतिबद्ध है और सुखोई-57 लड़ाकू विमानों को लेकर बातचीत चल रही है.
सूत्रों के मुताबिक असैन्य परमाणु सहयोग, ईंधन और लाइफ-साइकिल सपोर्ट, महत्वपूर्ण खनिजों और उर्वरक क्षेत्र में रणनीतिक संयुक्त उपक्रमों पर भी बातचीत हो सकती है.
रेलवे से कुशल कामगारों तक सहयोग बढ़ाने पर जोर
भारत-रूस औद्योगिक सहयोग के तहत रेलवे, सुरंग निर्माण, स्टील वैल्यू चेन और B2B अवसरों को बढ़ाने पर भी फोकस रहने की उम्मीद है. इसके अलावा रूस में कुशल भारतीय कामगारों की भागीदारी बढ़ाने का मुद्दा भी चर्चा में रह सकता है. इससे पहले पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन की मुलाकात बिश्केक में एससीओ समिट के दौरान हुई थी.
Also Read: BRICS Summit Menu : PM मोदी से लेकर विदेशी मेहमानों तक की थाली में क्या होगा? ऐसे तय होता है खाना
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए