डीवाई पाटिल के निधन पर पीएम मोदी ने जताया शोक, बोले- उनका जीवन समाज सेवा को रहा समर्पित
डीवाई पाटिल के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Photo : ANI)
पूर्व राज्यपाल और शिक्षाविद् डीवाई पाटिल के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने शोक व्यक्त किया. नेताओं ने शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज सेवा में उनके योगदान को याद करते हुए इसे देश की बड़ी क्षति बताया.
DY Patil Death : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई अन्य केंद्रीय मंत्रियों ने डीवाई पाटिल के निधन पर शोक प्रकट किया है. डीवाई पाटिल अपने राजनीतिक करियर के दौरान बिहार, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रहे थे. इसके साथ ही उन्होंने डीवाई पाटिल ग्रुप की स्थापना भी की थी. कई नेताओं ने डीवाई पाटिल के शिक्षा, हेल्थ केयर और पब्लिक सेवा को देखते हुए उनके निधन को राष्ट्र के लिए अपूर्णीय क्षति बताया.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स में पोस्ट कर डॉ. पाटिल के परोपकारी कार्यों और वंचितों के हित में किए काम को याद किया. उन्होंने लिखा कि डॉ. पाटिल परोपकार और विशेष रूप से शिक्षा के माध्यम से समाज की सेवा में हमेशा आगे रहे. उन्होंने हमेशा गरीबों के जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में ही काम किया. उनके निधन से व्यथित हूं. इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं डॉ. पाटिल के परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं.
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी डॉ. डीवाई पाटिल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक पोस्ट में डॉ. पाटिल के शिक्षा क्षेत्र में आजीवन समर्पण और समाज सेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता की सराहना की.
राजनाथ सिंह ने लिखा, "प्रसिद्ध शिक्षाविद और बिहार एवं पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल डॉ. डीवाई पाटिल जी के निधन से व्यथित हूं. उन्होंने अपना जीवन शिक्षा को बढ़ावा देने और अटूट प्रतिबद्धता के साथ समाज सेवा में समर्पित कर दिया. उनकी विशिष्ट सार्वजनिक सेवा और राष्ट्र निर्माण में उनके अमिट योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा. उनके परिवार, प्रियजनों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं.
शिवराज सिंह चौहान ने जताया शोक
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व राज्यपाल और डी वाई पाटिल समूह के संस्थापक डॉ. डी. वाई. पाटिल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि बिहार, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल के रूप में डॉ. पाटिल ने सार्वजनिक जीवन में लंबे समय तक उल्लेखनीय योगदान दिया. चौहान ने कहा कि शिक्षा, शासन और राष्ट्र निर्माण में उनकी सेवाएं हमेशा याद रखी जाएंगी. उन्होंने शोक संतप्त परिवार और शुभचिंतकों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की.
पीयूष गोयल बोले- शिक्षा और स्वास्थ्य में योगदान हमेशा रहेगा याद
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भी डॉ. डी. वाई. पाटिल के निधन पर शोक जताया. उन्होंने कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता से लेकर विभिन्न संवैधानिक पदों तक पहुंचने का उनका सफर प्रेरणादायक रहा. गोयल ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में डॉ. पाटिल का योगदान हमेशा याद किया जाएगा. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आलोक पाठक
आलोक पाठक वर्ष 2019 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने पत्रकारिता सफर के दौरान वे खबर मंत्र, गांडीव और नक्षत्र न्यूज़ जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी भाषा और लेखन के प्रति उनका विशेष लगाव है। उन्हें भू-राजनीति (Geopolitics) और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। निजी जीवन में कहानियां और कविताएं लिखना तथा कालजयी साहित्य का अध्ययन उनकी प्रमुख रुचियों में शामिल है। उनका प्रयास तथ्यों पर आधारित, सरल और प्रभावी लेखन के माध्यम से पाठकों तक सार्थक जानकारी पहुंचाना है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










