Parliament Monsoon Session : राज्यसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित
Parliament Monsoon Session, Parliament Monsoon Session live updates: कोरोना महामारी के कारण टलता रहा संसद का मानसून सत्र आखिरकार आज से शुरू हो गया. कोरोना संक्रमण को देखते हुए इस बार असाधारण इंतजाम किए हैं. सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीडिया को संबोधित किया. प्रधानमंत्री ने कहा कि एक विशिष्ट वातावरण में संसद का सत्र शुरू हो रहा है, पीएम ने इस दौरान सांसदों से चीन सीमा के मुद्दे पर एक स्वर में सैनिकों के साथ खड़े होने की बात कही. राज्यसभा में आज (सोमवार) उपसभापति पद के लिए चुनाव भी है. संसद के मानसून सत्र से जुड़ी हर जानकारी लिए बने रहें हमारे साथ…
राज्यसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित
संसद के मानसून सत्र के पहले दिन राज्यसभा में उपसभापति का चुनाव हुआ और उन्हें पीएम सहित विपक्ष के नेताओं ने बधाई दी. उसके बाद आज की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गयी है.
17 लोकसभा सांसद कोरोना पॉजिटिव
लोकसभा के 17 सांसद कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं. आज से संसद का सत्र शुरू हुआ है सांसदों की जांच सत्र शुरू होने से पहले की गयी थी.
ये रहा आज का सबसे गर्म मुद्दा
प्रश्नकाल के बिना संसद की कार्यवाही चलाने का मुद्दा सोमवार को शुरू हुए मॉनसून सत्र के पहले दिन सबसे ज्यादा गर्म रहा. हंगामा इतना हुआ कि संसदीय मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी को विपक्ष को समझाने के लिए सामने आना पड़ा. कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने प्रश्नकाल ख़त्म करने पर कहा कि प्रश्नकाल तो स्वर्णकाल होता है लेकिन आप कह रहे हैं कि हालात के कारण इसे नहीं किया जा सकता. आप संसद की कार्यवाही तो चला रहे हैं लेकिन प्रश्नकाल को ख़त्म करके. आप लोकतंत्र का गला घोंटने की कोशिश कर रहे हैं. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी नाराज़ सदस्यों को भरोसा दिलाने की कोशिश करते हुए संकेत दिया कि शून्य काल का इस्तेमाल सरकार से सवाल पूछने के लिए किया जा सकता है.
लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित
संसद के मानसून सत्र के पहले दिन ही भारी हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही मंगलवार 3 बजे तक के लिए स्थगित हो गई है. पहले दिन लोकसभा में दो बिल पास हुए. होम्योपैथी के लिए राष्ट्रीय आयोग 2020 और भारत में चिकित्सा पद्धति के लिए राष्ट्रीय आयोग बनाने के लिए बिल पास हुए. प्रश्न काल पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सांसदों को आश्वस्त किया है. उन्होंने कहा कि सदस्यों की बात को सुना जाएगा. संकट की घड़ी में परिस्थितियों को समझते हुए सदस्य सहयोग करें.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए