Breaking News : असम महिला कांग्रेस ने कहा, उग्रवादियों के ‘करीबी संबंधों’ के लिए सीएम पर हो कार्रवाई
Breaking News Live Updates: गुजरात के जूनागढ़ में दरगाह को नोटिस देने पर भारी बवाल शुरू हो गया है. भीड़ ने पुलिस चौकी में तोड़फोड़ की और वाहन को आग के हवाले कर दिया. पीएम मोदी 21 से 24 जून तक अमेरिकी यात्रा पर रहेंगे. उनकी यात्रा से पहले व्हाइट हाउस के बाहर तिरंगा लहराया गया. देश-दुनिया की खबरों के लिए बने रहें प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ.
असम महिला कांग्रेस ने कहा, उग्रवादियों के ‘करीबी संबंधों’ के लिए सीएम पर हो कार्रवाई
असम प्रदेश महिला कांग्रेस ने मणिपुर के एक उग्रवादी संगठन से कथित संबंधों को लेकर मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की शनिवार को मांग की. उन्होंने शर्मा पर लगे आरोपों की पुलिस से गहन जांच कराने की मांग की. राज्य के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की महिला शाखा की अध्यक्ष मीरा बोरठाकुर गोस्वामी के नेतृत्व में पार्टी ने इस संबंध में राज्य के पुलिस महानिदेशक को एक ज्ञापन सौंपा. मीडिया के एक वर्ग में बताया गया है कि शर्मा ने पिछले सप्ताह जातीय हिंसा प्रभावित मणिपुर की अपनी यात्रा के बाद, रविवार रात गुवाहाटी में कुकी समुदाय के कुछ उग्रवादी समूहों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की थी.
ओडिशा में मालगाड़ी के चार डिब्बे पटरी से उतरे, कोई हताहत नहीं
ओडिशा के रायगढ़ जिले में अंबाडोला के पास शनिवार को एक मालगाड़ी के चार डिब्बे पटरी से उतर गए. रेलवे के एक अधिकारी ने कहा कि किसी के हताहत होने की तत्काल कोई सूचना नहीं मिली है. अधिकारी ने कहा कि मालगाड़ी अंबाडोला से लांजीगढ़ में स्थित वेदांता लिमिटेड के एक संयंत्र की ओर जा रही थी, तभी चार डिब्बे पटरी से उतर गए. उन्होंने कहा कि रेल सेवाएं प्रभावित नहीं हुईं क्योंकि दुर्घटना विशेष मार्ग पर हुई. हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए रेलवे अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं. बालासोर जिले में तीन ट्रेनों के दुर्घटनाग्रस्त होने के लगभग एक पखवाड़े बाद यह घटना हुई है. बालासोर दुर्घटना में कम से कम 291 यात्रियों की मौत हुई और 1,200 से अधिक घायल हुए.
दिल्ली में मादक पदार्थों की आपूर्ति करने के आरोप में नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार
दिल्ली में मादक पदार्थों की आपूर्ति करने के आरोप में एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान नाइजीरिया के एनुगु राज्य के रहने वाले ओनेकाची अन्या फ्राइडे (27) के रूप में हुई है. उसके पास से एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत का मिथाइलेनडाइऑक्सीमेथामफेटामाइन (एमडीएमए) मादक पदार्थ बरामद हुआ है. पुलिस के मुताबिक, उन्हें दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वाले एक गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिली थी. पुलिस को गुरुवार को सूचना मिली थी कि एक नाइजीरियाई नागरिक अपने एक खरीदार को मादक पदार्थ की खेप पहुंचाने के लिए गोविंदपुरी एक्सटेंशन इलाके में आएगा.
असम के गुवाहाटी में भूस्खलन में एक व्यक्ति की मौत
असम की राजधानी गुवाहाटी में शनिवार को बारिश के कारण एक आवासीय परिसर की चारदीवारी का एक हिस्सा गिर जाने से हुए भूस्खलन में एक व्यक्ति की मौत हो गई. अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना शहर के धीरेनपारा इलाके में तड़के हुई और पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबे के नीचे से व्यक्ति के शव को निकाला. इस घटना के समय व्यक्ति अपने कमरे में सो रहा था. मृतक की पहचान बारपेटा जिले के रहने वाले मुख्तार अली के रूप में हुई है, जो पास की एक मिठाई की दुकान पर काम करता था.
साक्षी मलिक ने बृजभूषण सिंह पर नाबालिग के परिजनों को धमकी देने का लगाया आरोप लगाया
ओलंपिक विजेता पहलवान साक्षी मलिक ने भारतीय कुश्ती महासंघ के वर्तमान अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर नाबालिग के परिजनों को धमकाने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि बृज भूषण शरण सिंह की धमकी की वजह से हमलोग आवाज नहीं उठा पा रहे थे.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए