हद है! जिंदा आदमी को फांसी पर लटकाया, 26 जनवरी की झांकी में गुना जेल प्रशासन का हैरतअंगेज कारनामा

फांसी पर जिंदा आदमी को लटका हुआ दिखाया. फोटो- एक्स (@IamArman45).
MP Live Man Hanging Tableau 26 January Parade: मध्य प्रदेश के गुना जिले में जेल प्रशासन ने 26 जनवरी की झांकी में एक जिंदा आदमी को ही फांसी पर लटका दिया. देश भक्ति दिखाने की यह घटना सोशल मीडिया पर भी आ गई. लोगों ने इस पर सवाल उठाना शुरू कर दिया. हैरानी की बात रही कि जेलर साहब भी उसी लटके आदमी के साथ फोटो खिंचाते दिखे.
MP Live Man Hanging Tableau 26 January Parade: गणतंत्र दिवस पर जहां हर तरफ देशभक्ति के गाने, झंडे और भाषणों का माहौल था. लेकिन मध्य प्रदेश के गुना में जेल विभाग ने कुछ ज्यादा ही ‘रियलिस्टिक’ देशसेवा दिखा दी. परेड ग्राउंड में निकली उनकी झांकी देखकर ऐसा लगा कि ये सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि किसी वेब सीरीज की शूटिंग चल रही है. झांकी का थीम था- ‘कृष्णकाल से मोहनकाल’. सुनने में आध्यात्मिक और सुधारवादी लग रहा है, लेकिन सीन ऐसा था कि लोग भौंचक्के रह गए. एक तरफ भगवान कृष्ण को वसुदेव की गोद में बड़े सलीके से दिखाया गया. वहीं, दूसरी तरफ एक जिंदा युवक को गले में फंदा डालकर फांसी पर लटकाया गया.
अब ये सुधार का संदेश था या डराने की वर्कशॉप, ये किसी को समझ नहीं आया. मौके पर मौजूद लोग पहले तो समझ ही नहीं पाए कि ये असली है या नाटक. लेकिन जब पता चला कि भाईसाहब सच में जिंदा इंसान हैं, तो मुख्य अतिथि, प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत भी मंच पर बैठे-बैठे ये नजारा देखकर सन्न रह गए. मगर गणतंत्र दिवस का मंच था, सो उन्होंने तुरंत कुछ बोलना ठीक नहीं समझा. हद तो तब हो गई जब तस्वीरों में जेलर साहब उसी फंदे पर लटके जिंदा शख्स के साथ फोटो खिंचवाते दिखे.
परेड ग्राउंड में दिखाई गई इस झांकी का थीम था बड़ा भारी. “कृष्णकाल से मोहनकाल तक जेलें परिवर्तन की ओर.” सुनकर लगा कि अध्यात्म और नई सोच दिखेगी. पर यहां तो क्रिएटिविटी के ऐसे यू-टर्न ने हैरान कर दिया. एक तरफ सलाखों के पीछे वसुदेव की गोद में बाल कृष्ण का दृश्य, और दूसरी तरफ एक जिंदा युवक को फांसी के फंदे पर लटकाकर प्रदर्शन. मतलब, मैसेज सुधार का… तरीका सीधा डरावना.
गणतंत्र दिवस आया तो पूरे देश में वही जाना-पहचाना सीन रहता है. झंडा, भाषण, देशभक्ति गाने, बच्चों के डांस, और सोशल मीडिया पर फोटो-वीडियो की बाढ़. स्कूल से लेकर सरकारी दफ्तर, पुलिस लाइन से लेकर जेल तक सबने अपना-अपना देशप्रेम पेश किया. लेकिन मध्य प्रदेश के गुना में जेल विभाग ने जो झांकी निकाली, उसने तो देशभक्ति कम, हैरानी में ज्यादा डाल दिया. लोगों ने जरूर ऐसे एक्सप्रेशन दिए होंगे कि आइडिया मीटिंग में स्लाइड पर तो अच्छा हो सकता है, पर परेड ग्राउंड में थोड़ा ज्यादा ही रियल हो गया.
ये भी पढ़ें:- दुर्घटना के वक्त अजित पवार VT-SSK/LJ45 प्लेन में सवार थे, कौन सी कंपनी बनाती है इसे? क्या है स्पेसिफिकेशन?
ये भी पढ़ें:- आखिरी बार चाचा-बहन से मिलकर क्या बोले थे अजित पवार? फैमिली की दूरी हो रही थी कम, एक हो सकती थी NCP? लेकिन…
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anant Narayan Shukla
इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




