BRICS: व्यापार बढ़ाने का प्लान, मोदी ने रखे 3 टारगेट, पुतिन बोले- रूस पर 30 हजार से ज्यादा प्रतिबंध
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (PC-PTI)
BRICS देशों के बीच व्यापार बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखे हैं, जिनमें 100 स्टार्टअप्स का विस्तार और 1,000 नई साझेदारियां शामिल हैं. वहीं, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने वैश्विक प्रतिबंधों और व्यापारिक रुकावटों पर चिंता व्यक्त की.
BRICS Business Forum में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने व्यापार की बाधाएं कम करने, स्टार्टअप्स को दूसरे BRICS बाजारों तक पहुंचाने और कारोबारी साझेदारी बढ़ाने का रोडमैप सामने रखा. वहीं, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रतिबंधों और व्यापारिक रुकावटों को लेकर चिंता जताई और कहा कि रूस ने मुश्किल हालात में अपनी आर्थिक संप्रभुता मजबूत की है.
मोदी का फोकस- व्यापार की रुकावट हटे, 100 स्टार्टअप हर साल दूसरे बाजारों में जाएं
BRICS Business Forum के Leaders' Session में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अब BRICS को अपनी महत्वाकांक्षाओं को ठोस कार्रवाई में बदलने की जरूरत है. उन्होंने BRICS Business Council के सामने तीन प्रमुख लक्ष्य रखने का सुझाव दिया.
पहला लक्ष्य BRICS देशों के बीच टॉप 10 व्यापार बाधाओं को हटाने पर एक रिपोर्ट तैयार करना है. दूसरा, हर साल 100 BRICS स्टार्टअप्स को दूसरे BRICS बाजारों में विस्तार करने में मदद देना है. तीसरा, BRICS देशों के कारोबारों के बीच 1,000 नई साझेदारियां तैयार करना है.
मोदी ने कहा कि इन तीनों मानकों पर हर साल प्रगति की समीक्षा होनी चाहिए. इसका सीधा मतलब है कि भारत BRICS के कारोबारी एजेंडे को केवल बैठकों और घोषणाओं तक सीमित रखने के बजाय व्यापार, निवेश और कंपनियों के विस्तार के वास्तविक आंकड़ों से जोड़ना चाहता है.
ये भी पढ़ें: BRICS Summit 2026: मोदी-पुतिन-जिनपिंग की बैठक से भारत को क्या मिलेगा? UPI, कारोबार, तेल और टेक्नोलॉजी पर समझें असर
भारत की 2026 की BRICS अध्यक्षता में व्यापार, निवेश, टेक्नोलॉजी और Global South के मुद्दों पर खास जोर दिया जा रहा है. 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले 18वें BRICS Summit की तैयारियों के बीच यह कारोबारी एजेंडा और महत्वपूर्ण हो गया है. BRICS में फिलहाल 11 देश हैं और PIB के अनुसार ये देश मिलकर दुनिया की करीब 49.5% आबादी, 40% GDP और 26% वैश्विक व्यापार का प्रतिनिधित्व करते हैं.
पुतिन ने प्रतिबंधों और व्यापार पर क्या कहा?
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने BRICS Business Forum में वैश्विक प्रतिस्पर्धा के बदलते स्वरूप पर बात की. उन्होंने कहा कि कई बार देशों के बीच competition ऐसे रूप ले लेता है जो सामान्य कारोबारी प्रतिस्पर्धा से आगे निकल जाता है.
पुतिन ने पाइपलाइनों को नुकसान पहुंचाने, अंतरराष्ट्रीय ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर को रोकने की कोशिश, मैरीटाइम वेसल्स (समुद्री जहाज) को जब्त करने और प्रतिबंध लगाने जैसे कदमों का जिक्र किया. उन्होंने खास तौर पर सेकेंडरी सैंक्शंस का भी मुद्दा उठाया. उनका कहना था कि ऐसे प्रतिबंध उन देशों और कंपनियों पर दबाव डालते हैं जो अपनी आर्थिक जरूरतों और राष्ट्रीय हितों के हिसाब से फैसले लेना चाहते हैं.
पुतिन ने दावा किया कि रूस पर 30,000 से ज्यादा sanctions लगाए जा चुके हैं और यह संख्या दुनिया के बाकी सभी देशों पर लगाए गए प्रतिबंधों की संयुक्त संख्या से करीब दोगुनी है. उन्होंने कहा कि इसके बावजूद रूस ने अपनी राष्ट्रीय संप्रभुता मजबूत की और भरोसेमंद तथा प्रेडिक्टेबल पार्टनर्स के साथ आर्थिक संबंध विकसित किए. रूसी राष्ट्रपति ने यह भी दावा किया कि पिछले तीन वर्षों में रूस की आर्थिक growth दुनिया की औसत growth से अधिक रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए