शादी से पहले उजड़ गया घर: यूक्रेन में जहाज पर हमले में 4 भारतीय समेत केरल के मर्चेंट नेवी अधिकारी की मौत

अखिल जोयन (फाइल फोटो)
यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह पर मालवाहक जहाज MV Golden Leo पर हुए हमले में चार भारतीय नागरिकों की दुखद मौत हो गई है. मरने वालों में केरल का 26 वर्षीय मर्चेंट नेवी अधिकारी अखिल जोयन भी शामिल है, जिनकी सगाई कुछ दिन पहले ही हुई थी.
Russian missile Cargo ship attack : यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह से रवाना हो रहे मालवाहक जहाज MV Golden Leo पर हुए हमले में चार भारतीय नागरिकों समेत 9 लोगों की मौत हो गई. जबकी इस हमले में एक भारतीय नागरिक गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी भी है. मृतक भारतीयों में एक की पहचान केरल में रहने वाले 26 वर्षीय मर्चेंट नेवी अधिकारी अखिल जोयन के रूप में हुई है.
माता-पिता की इकलौती संतान थे अखिल जोयन
अखिल जोयन केरल के कासरगोड जिले के वेल्लारिकुंडु गांव के रहने वाले थे. उनके अलावा वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे. कुछ दिन पहले वो छुट्टी पर घर आए थे, जहां उनकी सगाई हुई थी और शादी की तैयारी चल रही थी. करीब एक महीने पहले ही वह दोबारा ड्यूटी पर लौटे थे.परिवार के मुताबिक, वह इस महीने के अंत तक इस जहाज की नौकरी छोड़कर दूसरी शिपिंग कंपनी में शामिल होने की योजना बना रहे थे. जानकारी के अनुसार, अखिल 19 साल की उम्र में चेन्नई से नॉटिकल साइंस की पढ़ाई पूरी करने के बाद मर्चेंट नेवी जॉइन की थी. वह पिछले छह वर्षों से इसी जहाज पर काम कर रहे थे. समुद्री सेवा के अलावा वह रस्साकशी (टग-ऑफ-वार) के अच्छे खिलाड़ी भी थे और फिंगर पुलिंग में विश्व रिकॉर्ड बना चुके थे.
केरल सरकार द्वारा हरसंभव मदद का निर्देश
परिजनों को इस हादसे की जानकारी उनकी कंपनी की ओर से भेजे गए ईमेल से मिली. फिलहाल परिवार विदेश मंत्रालय (MEA) और अन्य अधिकारियों के संपर्क में है. केरल सरकार भी इस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है. रिपोर्ट में मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के हावाले से बताया गया है कि अनिवासी केरलवासी मामलों के विभाग (NORKA) को रूसी दूतावास और विदेश मंत्रालय (MEA) के साथ संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं. सरकार का कहना है कि यूक्रेन तट के पास हुए हमले में मारे गए केरल के नाविक अखिल जोयन से जुड़ी पूरी जानकारी जुटाई जा रही है. साथ ही उनके परिवार को हरसंभव मदद देने के लिए भी अधिकारियों को कहा गया है.
विदेश मंत्रालय ने की हमले की निंदा
विदेश मंत्रालय के अनुसार, हमले के समय जहाज पर कुल 17 चालक दल के सदस्य मौजूद थे. इनमें चार भारतीयों की मौत हो गई, जबकि एक भारतीय गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है. भारत ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि व्यावसायिक जहाजों और निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना बेहद निंदनीय है और इससे अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार व नौवहन की सुरक्षा प्रभावित होती है. गौरतलब है कि रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण ब्लैक सी क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा लगातार चुनौती बनी हुई है. ऐसे में व्यावसायिक जहाजों पर खतरा बढ़ गया है और MV Golden Leo पर हुआ हमला इसी बढ़ते जोखिम का एक और उदाहरण माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें : संसद मार्च के लिए CJP ने क्यों चुनी 20 जुलाई की तारीख, जानिए मानसून सत्र को लेकर क्या है रणनीति?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By गौतम कुमार
दैनिक भास्कर से शुरू हुआ ये कारवां अब प्रभात खबर तक आ पहुंचा है. पढ़ाई और पत्रकारिता की बारीकियां सीखने का सफर अभी जारी है, किताबों से भी सीख रहा हूं, लोगों से भी और खबरें तो है हीं..
पेशा पत्रकारिता का है, लेकिन जिज्ञासा उसकी सीमाओं से थोड़ी बड़ी है. राजनीति, इतिहास, साहित्य, संगीत, खेल, लोक संस्कृति या फिर मनोरंजन... जो भी नई बात मिले, उसे समझने की कोशिश करता हूं और जो भी दिलचस्प लगे, उसमें खो जाता हूं. किताब कैसी है, इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ता, मिल जाएं तो वक्त का पता नहीं चलता और हां, अच्छी फिल्में मिल जाएं तो फिर बाकी दुनिया थोड़ी देर के लिए इंतजार कर सकती है.
लिखना पसंद है, इसलिए रोज थोड़ा बेहतर लिखने की कोशिश करता हूं. जो पढ़ता हूं, देखता हूं, समझता हूं और लगता है कि आपकी टाइमलाइन तक पहुंचना चाहिए, वही यहां शेयर करता हूं. हो सकता है एक-आध बात पर आपकी राय अलग हो, लेकिन बातचीत और सीखने का सिलसिला शुरू हो सकता है, इसके लिए आपके सुझाव आंमत्रित है...
बाकी, खबरों के पीछे की कहानी और कहानियों के पीछे की खबर तलाशने का सिलसिला हमेशा जारी रहेगा...
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










