ओडिशा में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश की चेतावनी, स्कूल बंद; हाई अलर्ट पर सरकार
भारी बारिश के बीच लोग चलते हुए, फोटो पीटीआई
आईएमडी ने ओडिशा के सुंदरगढ़, क्योंझर और मयूरभंज जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जहां भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है. इस बीच, जगतसिंहपुर, सोनपुर, मयूरभंज और केंद्रपाड़ा जिलों में एहतियात के तौर पर स्कूल बंद कर दिए गए हैं.
आईएमडी ने सुंदरगढ़, क्योंझर और मयूरभंज जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है. इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है. वहीं, 19 जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ और आठ अन्य जिलों में ‘येलो अलर्ट’ जारी है. मौसम विभाग ने मछुआरों को 29 जुलाई तक ओडिशा तट के आसपास और समुद्र में जाने से बचने की सलाह दी है.
इन जिलों में स्कूल बंद
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किए जाने के बाद एहतियात के तौर पर जगतसिंहपुर, सोनपुर, मयूरभंज और केंद्रपाड़ा जिलों के स्कूल बंद कर दिए गए. राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने स्थिति की समीक्षा के लिए हाई लेवल बैठक की है. बैठक के बाद उन्होंने बताया, घबराने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि सरकार किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है.
“आज (सोमवार) शाम से अगले 24 घंटों के दौरान सामान्य से लेकर भारी और कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है. इसके बाद बारिश की तीव्रता कम होने की उम्मीद है. स्थिति से निपटने के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं.” - मंत्री सुरेश पुजारी
नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे
महानदी समेत सभी प्रमुख नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है और मयूरभंज, क्योंझर तथा बालासोर जिलों में फिलहाल बाढ़ का कोई तत्काल खतरा नहीं है. मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा, “जमीनी स्तर के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और जलभराव की स्थिति में निचले इलाकों से पानी निकालने के लिए पंप लगाने के निर्देश दिए गए हैं.”
भारी बारिश से ट्रेन सेवा प्रभावित
अधिकारियों ने पीटीआई को बताया कि भारी बारिश के कारण रायगढ़ जिले में टीकिरी और राउली स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया, जिससे रायगढ़-कोरापुट रेल मार्ग पर ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुईं.
पिछले 24 घंटों में कटक जिले के बांकी में सबसे अधिक बारिश
आईएमडी के अनुसार, पिछले 24 घंटों में सुबह साढ़े आठ बजे तक कटक जिले के बांकी में सबसे अधिक 192 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई, वहीं अथागढ़ में 174 मिमी, जबकि सोनपुर और केंद्रापड़ा में क्रमशः 135 मिमी व 133 मिमी बारिश दर्ज हुई.
ये भी पढ़ें: बंगाल के मौसम में आया बदलाव, तेज हवा के साथ बारिश, इन जिलों में आपदा का खतरा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए