Weather Forecast : झारखंड में होगी भारी बारिश, बिहार में येलो अलर्ट, जानें अन्य राज्यों का वेदर अपडेट

मौसम की जानकारी (Photo: PTI)
Weather Forecast : मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसके प्रभाव से अगले सात दिनों के दौरान भारत के पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. जानें मौसम विभाग की ओर से किन राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
Weather Forecast : मौसम विभाग ने प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि 15 से 17 जुलाई के दौरान जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है. वहीं, 15 से 16 जुलाई के बीच हिमाचल प्रदेश जबकि 15 जुलाई को उत्तराखंड के कुछ स्थानों पर भी बारिश हो सकती है.
विभाग के अनुसार, 15 से 20 जुलाई के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ, 15 से 20 जुलाई के बीच पश्चिमी मध्य प्रदेश जबकि 14 से 17 जुलाई तक छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, 18 से 20 जुलाई के दौरान छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है. राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है.
झारखंड का मौसम कैसा रहेगा?
15 से 17 जुलाई के दौरान झारखंड में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान राज्य में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है और कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है. वहीं, 17 जुलाई को दक्षिणी और मध्य भागों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.

बिहार का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार 15 से 16 जुलाई तक बिहार के अधिकांश जिलों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कई जगहों पर तेज हवा चलने और वज्रपात का भी खतरा बना रहेगा. राज्य के अधिकांश जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अररिया, किशनगंज और सुपौल में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, दक्षिण-पश्चिम बिहार के कई जिलों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने की संभावना है.

मौसम विभाग का प्रेस रिलीज देखने के लिए यहां क्लिक करें.
पूर्वोत्तर भारत का मौसम रहेगा खराब
मौसम विभाग के अनुसार, 15 से 20 जुलाई के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, 15 जुलाई को अरुणाचल प्रदेश, 15 से 18 जुलाई तक असम और मेघालय जबकि 15 से 17 जुलाई के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है.
दक्षिण भारत में भी होगी बारिश
IMD के अनुसार, 15 से 20 जुलाई के दौरान दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तेलंगाना के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, 15 से 17 जुलाई तक केरल , 17 से 18 जुलाई के दौरान लक्षद्वीप, 16 जुलाई तक तटीय कर्नाटक, 16 से 20 जुलाई के बीच उत्तर आंतरिक कर्नाटक जबकि 15 से 20 जुलाई के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ स्थानों पर भी छिटपुट बारिश होने की संभावना है.
दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा ?
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 15 से 17 जुलाई तक दिल्ली में मौसम आंशिक रूप से बादल छाए रहने वाला रहेगा. इस दौरान अधिकतम तापमान 36 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलेंगी, लेकिन इन तीन दिनों के दौरान बारिश की संभावना नहीं है.
राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा?
दक्षिण-पश्चिम मानसून कमजोर पड़ने के बीच मंगलवार (14 जुलाई) को राजस्थान के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि अब अगले एक सप्ताह तक पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के ज्यादातर हिस्सों में मौसम सूखा रहेगा. पूर्वी राजस्थान में भी बारिश की गतिविधियां कम रहने और ऐसे ही हालात बने रहने की संभावना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अमिताभ कुमार
अमिताभ कुमार प्रभात खबर डिजिटल में Sr. Content writer हैं. पिछले 15 साल से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं.
अमिताभ 1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है.
प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है. 📩 संपर्क : amitabh.kumar@prabhatkhabar.in
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










