Greater Kailash: मंत्री सौरव भारद्वाज चौथी जीत के लिए कड़े मुकाबले का कर रहे हैं सामना

Published by : Vinay Tiwari Updated At : 27 Jan 2025 7:36 PM

विज्ञापन

चौथी बार भी आम आदमी पार्टी ने सौरव भारद्वाज पर भरोसा जताया है, जबकि भाजपा की ओर से पार्षद शिखा राय उम्मीदवार है, जबकि कांग्रेस की ओर से गर्वित सिंघवी मैदान में हैं. इलाके में पंजाबी, बंगाली और वैश्य मतदाताओं की संख्या काफी अधिक है. इलाके में बुनियादी सुविधाएं बड़ा चुनावी मुद्दा हैं.

विज्ञापन

Greater Kailash: दिल्ली के पॉश इलाकों में से एक है ग्रेटर कैलाश विधानसभा क्षेत्र. इस इलाके में पॉश कॉलोनियों के अलावा झुग्गी बस्तियां और अवैध कॉलोनी भी शामिल है. इस क्षेत्र में पंचशील एन्क्लेव, पंचशील विहार, पंचशील पार्क, खिड़की एक्सटेंशन और शेख सराय फेस-1 के अलावा ग्रेटर कैलाश पार्ट-1 और पार्ट-2 समेत कई आते हैं. इलाके में कई बिजनेस सेंटर के अलावा शैक्षणिक संस्थान मौजूद हैं. वर्ष 2008 में बने इस विधानसभा क्षेत्र से पहली बार भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा चुनाव जीते, लेकिन इसके बाद कभी इस क्षेत्र से भाजपा चुनाव नहीं जीत पायी और फिर इस सीट पर आम आदमी पार्टी के सौरव भारद्वाज भारद्वाज लगातार चुनाव जीत रहे हैं.

चौथी बार भी आम आदमी पार्टी ने सौरव भारद्वाज पर भरोसा जताया है, जबकि भाजपा की ओर से पार्षद शिखा राय उम्मीदवार है, जबकि कांग्रेस की ओर से गर्वित सिंघवी मैदान में हैं. इलाके में पंजाबी, बंगाली और वैश्य मतदाताओं की संख्या काफी अधिक है. पिछले दो चुनाव में आम आदमी पार्टी बड़े अंतर से चुनाव जीत रही है, लेकिन इस बार मुकाबला कांटे का होने की संभावना है. भाजपा और कांग्रेस उम्मीदवार इलाके में बुनियादी सुविधाओं की कमी, जलभराव, प्रदूषण जैसे मुद्दे को उठा रहे हैं. 


प्रदूषण और जलभराव है बड़ा मुद्दा


इस क्षेत्र में उच्च और मध्यम वर्ग के मतदाता अधिक है. इस वर्ग की प्राथमिकता शिक्षा, स्वास्थ्य, इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास पर केंद्रित हैं. इसके अलावा महिला सुरक्षा, प्रदूषण, सड़कों की खराब स्थिति, बारिश में जलभराव एक बड़ी समस्या है. हाल के वर्ष में जिस तरह दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बढ़ा है, उससे लोग परेशान है. इसके अलावा पार्कों की कमी और उचित देखभाल नहीं होना भी एक बड़ा मुद्दा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले के मुकाबले हालात खराब हुए हैं. सड़कों की स्थिति अच्छी नहीं है और पार्कों का उचित देखभाल नहीं हो पा रहा है. इससे इलाके के लोग मौजूदा सरकार के कामकाज से खुश नहीं हैं.

हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि मौजूदा विधायक ने इलाके में काफी काम किया है और वे लोगों की समस्याओं पर ध्यान देते हैं. स्थानीय निवासी प्रवीण कपूर ने कहा कि इलाके में ट्रैफिक जाम की समस्या काफी बढ़ गयी है. सड़कों की स्थिति जर्जर है और बारिश में इलाके में निकलना मुश्किल हो जाता है. मौजूदा सरकार सिर्फ मुफ्त की योजनाओं के सहारे चुनाव जीतना चाहती है. शहरी विकास सरकार की प्राथमिकता में नहीं है. वहीं स्थानीय निवासी संजय कुमार कहते हैं कि इस क्षेत्र की गलियों में भी सड़क का निर्माण किया गया है.

पार्कों का सौंदर्यीकरण कर लाइट लगायी गयी है. ग्रीन कवर को बढ़ाने का भी काम किया गया है. ट्रैफिक समस्या दूर करने और जलभराव को दूर करने के लिए सीवर लाइन को ठीक करने का काम तेजी से हो रहा है. इस इलाके में भाजपा की भी मजबूत पकड़ रही है और मौजूदा उम्मीदवार शिखा राय के पार्षद के तौर पर कामकाज को लेकर भी लोग खुश दिख रहे हैं. ऐसे में इस बार सौरव भारद्वाज को कड़े मुकाबले का सामना करना पड़ रहा है. 

विज्ञापन
Vinay Tiwari

लेखक के बारे में

By Vinay Tiwari

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola