Fog And Cold Alert: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, पंजाब हरियाणा में कंपकंपी, घने कोहरे ने बढ़ाई परेशानी

Published by : Pritish Sahay Updated At : 18 Jan 2026 9:45 PM

विज्ञापन

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड

Fog And Cold Alert: उत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. पंजाब-हरियाणा समेत कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री से नीचे है. झारखंड में भी भीषण ठंड पड़ रही है. रविवार को गुमला में न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. कश्मीर में अगले सप्ताह दो-दो पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो सकते हैं. इसके कारण अगले कुछ दिनों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है.

विज्ञापन

Fog And Cold Alert: उत्तर भारत में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है. पंजाब-हरियाणा समेत नार्थ इंडिया के कई राज्यों में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है. कोल्ड वेव के चलते कंपकंपी छूट रही है. न्यूनतम तापमान (Minimum Temperature) सामान्य से नीचे चला गया है, जिससे सुबह और रात के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस हो रहा है. वहीं घने कोहरे ने जनजीवन को और अधिक मुश्किल बना दिया है. कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम होने से सड़क, रेल और हवाई ट्रैफिक भी बाधित हुआ है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले हफ्ते पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभों (Western Disturbances) के एक्टिव होने की संभावना है. इसके कारण मौसम के तेवर और तल्ख हो सकते हैं.

पंजाब और हरियाणा में कड़ाके की ठंड

पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. रविवार को अमृतसर में न्यूनतम तापमान (Minimum Temperature) गिरकर 1.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. मौसम विभाग के अनुसार पंजाब का सबसे ठंडा स्थान अमृतसर रहा जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम दर्ज किया गया. होशियारपुर में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पंजाब के पटियाला और फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हरियाणा के कई इलाकों में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है. हरियाणा में नारनौल में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा.

दिल्ली में घना कोहरा, छाए रह सकते हैं बादल

दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस रहा. सुबह के समय शहर के अधिकतर हिस्सों में घने कोहरे के छा जाने के बाद दिन भर आंशिक रूप से बादल छाए रहे. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री कम 5.3 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सफदरजंग में अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस, पालम में 22 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 23.1 डिग्री सेल्सियस, रिज में 21.7 डिग्री सेल्सियस और आया नगर में 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने सोमवार सुबह शहर के कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है और अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.

झारखंड में भीषण ठंड, गुमला में तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस

झारखंड के कुछ हिस्सों में रविवार को शीतलहर का प्रकोप रहा. राज्य के 11 जिलों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया. आईएमडी के मुताबिक रविवार को राज्य में सबसे कम तापमान गुमला में 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद खूंटी में 3.9 डिग्री सेल्सियस और पलामू में 4.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. वहीं, राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस, चाईबासा में 8.2 डिग्री सेल्सियस और जमशेदपुर में 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिनों राज्य में मौसम शुष्क मौसम रहने की संभावना है.

कश्मीर में ठंड और बढ़ी, बारिश और बर्फबारी का अनुमान

कश्मीर में न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ठंड का प्रकोप और बढ़ गया है. रविवार को घाटी में सोनमर्ग सबसे ठंडी जगह रहा. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में विशेषकर घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान जताया है. श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के सोनमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. दक्षिण कश्मीर के शोपियां में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ. मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर लगातार कश्मीर में दिखाई देगा. अगले कुछ दिनों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है.

घने कोहरे ने बढ़ाई परेशानी

मौसम विभाग के अनुसार 19 जनवरी तक उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की बहुत अधिक संभावना है. 20 जनवरी तक उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाए रहेगा. 21 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा चंडीगढ़ और बिहार के कुछ इलाकों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. 19 जनवरी तक पश्चिम राजस्थान, 20 जनवरी तक दिल्ली और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में घना कोहरा छा सकता है.

Also Read: Heavy Rain Alert: दो वेस्टर्न डिस्टरबेंस की हो सकती है एंट्री, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, फिर करवट लेगा मौसम!

विज्ञापन
Pritish Sahay

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola