दिल्ली में 10 दिन के अंदर रेप के 3 मामले, AAP बोली- गुंडों पर लगाम नहीं तो ऐसे ही होंगे अपराध
दिल्ली आप प्रमुख सौरभ भारद्वाज, फोटो ANI
दिल्ली में 10 दिनों के अंदर रेप की तीन बड़ी घटनाएं सामने आने के बाद AAP ने BJP सरकार और पुलिस को घेरा. महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं.
दिल्ली में 10 दिन के अंदर रेप के तीन मामले सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) ने बीजेपी सरकार और दिल्ली पुलिस पर निशाना साधा है. AAP के दिल्ली प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की कार्रवाई प्रभावी नहीं है. उन्होंने कहा कि अगर सड़कों पर घूमने वाले गुंडों पर लगाम नहीं लगाई जाएगी तो इस तरह के अपराध होते रहेंगे.
पिछले 10 दिनों के अंदर, दिल्ली के स्वरूप नगर में नाबालिग से गैंगरेप और हत्या, केशवपुरम में एक महिला के साथ कथित रेप और कालकाजी में पुलिसकर्मी बनकर 17 वर्षीय लड़की से सामूहिक दुष्कर्म के मामले सामने आए हैं. कालकाजी मामले में पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
11 सितंबर: स्वरूप नगर में नाबालिग से गैंगरेप और हत्या
दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में 17 वर्षीय लड़की के साथ कथित गैंगरेप के बाद उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस के मुताबिक, घटना 11 सितंबर की रात हुई थी. लड़की अपने दोस्त से मिलने गई थी. आरोप है कि वहां उसके दोस्त ने तीन अन्य लोगों को बुलाया और चारों ने उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया.
पुलिस के अनुसार, लड़की ने घटना की शिकायत करने की बात कही तो आरोपियों ने कथित तौर पर उसकी चाकू मारकर हत्या कर दी और शव को एक खुले खेत में फेंक दिया. उसका शव 13 सितंबर को बरामद हुआ. मामले में एक 19 वर्षीय युवक और तीन नाबालिगों को पकड़ा गया है.
19 सितंबर: केशवपुरम में महिला से कथित रेप
केशवपुरम इलाके में 32 वर्षीय विकास पर 43 वर्षीय महिला को आंखों की जांच कराने के बहाने अपने घर बुलाकर कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगा. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने महिला को अपने घर ले जाने के बाद कथित तौर पर उसे बेहोश किया और फिर उसका यौन उत्पीड़न किया.
महिला की शिकायत के आधार पर केशवपुरम थाने में मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.
21 सितंबर: कालकाजी में पुलिसकर्मी बनकर 17 वर्षीय लड़की से गैंगरेप
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी इलाके में 21 सितंबर की शाम 17 वर्षीय लड़की के साथ तीन लोगों ने कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया. पुलिस के मुताबिक, लड़की अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर गई थी. इसके बाद दोनों आस्था कुंज पार्क पहुंचे.
आरोप है कि पार्क में तीन लोग उनके पास पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताया. उन्होंने लड़की को उसके दोस्त से अलग कर दिया और उसे सुनसान जगह पर ले गए. पुलिस के अनुसार, आरोपियों में शामिल आसिफ ने लड़की को पिस्तौल और चाकू दिखाकर धमकाया और उसके साथ दुष्कर्म किया. इसके बाद उसके साथ मौजूद दो अन्य लोगों ने भी कथित तौर पर लड़की से दुष्कर्म किया.
घटना की सूचना रात करीब 8:45 बजे PCR को दी गई. पुलिस ने लड़की की चिकित्सीय जांच कराई और मामले में BNS तथा POCSO की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की. पुलिस ने मंगलवार को एक आरोपी आसिफ को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने गिरफ्तारी से पहले पुलिस टीम पर गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी. उसे एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है. मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
AAP का बीजेपी सरकार और दिल्ली पुलिस पर हमला
इन घटनाओं को लेकर सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली की कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाए. उन्होंने जनकपुरी में तीन साल की बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि पुलिस शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई नहीं करती.
भारद्वाज ने कहा कि अगर किसी लड़की के साथ उसकी कॉलोनी के लड़के छेड़छाड़ करते हैं और वह पुलिस के पास शिकायत लेकर जाती है तो पुलिस को शुरुआती स्तर पर ही कार्रवाई करनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में पुलिस तब तक इंतजार करती है, जब तक मामला गंभीर अपराध में तब्दील न हो जाए.
AAP नेता ने दिल्ली पुलिस पर राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि पुलिस को महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सड़कों पर घूमने वाले अपराधियों पर लगाम लगानी चाहिए.
ये भी पढ़ें: Jamui Encounter News: जमुई में छात्रा से बदसलूकी करने वाले का एनकाउंटर, पुलिस ने नंदन यादव को मारी गोली
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए