दिल्ली: ढाई महीने पहले लव मैरिज, अब तीसरी मंजिल से गिरकर नवविवाहिता की मौत; हत्या का आरोप

Updated:
विज्ञापन

इसी अपार्टमेंट से गिरकर महिला की हुई मौत, फोटो एक्स

Delhi Crime: दिल्ली के पॉश इलाके लोधी कॉलोनी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के एक आवासीय परिसर की तीसरी मंजिल से कथित तौर पर गिरने के कारण 28 साल की एक नवविवाहिता की मौत हो गई.

विज्ञापन

Delhi Crime: मृतका की पहचान आकृति के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज ढाई महीने पहले ही हुई थी। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है. वहीं, मृतका के मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है.

विज्ञापन

निजी कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थी आकृति

पुलिस के अनुसार, पुष्प विहार की रहने वाली आकृति शनिवार को पालिका कुंज स्थित एनडीएमसी फ्लैट्स के बी-ब्लॉक के नीचे गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान हालत में मिली. उसे तुरंत अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि आकृति छतरपुर की एक निजी कंपनी में ‘सेल्स एग्जीक्यूटिव’ के पद पर कार्यरत थी और इसी साल 24 अप्रैल को प्रेम विवाह के बाद परिवार की सहमति से उसकी शादी हुई थी.

घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से तफ्तीश की जा रही

पुलिस ने कहा, “कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उप-संभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) को सूचित कर दिया गया है, ताकि जरूरी जांच-पड़ताल की प्रक्रिया को निष्पक्षता से पूरा किया जा सके. घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से तफ्तीश की जा रही है.”

‘आत्महत्या नहीं, साजिश के तहत मर्डर’ : भाई का दावा

परिजनों ने आत्महत्या की आशंका को पूरी तरह से खारिज कर दिया है. आकृति के छोटे भाई ने आरोप लगाया कि उसकी बहन को सोची-समझी साजिश के तहत तीसरी मंजिल से नीचे फेंका गया है और अब दोषियों को बचाने के लिए इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है. भाई ने बताया, आकृति भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी और वह मानसिक रूप से बेहद मजबूत और जिम्मेदार इंसान थी, वह कभी ऐसा कदम नहीं उठा सकती. उसने बताया, शादी के कुछ समय बाद से ही पति और ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे.

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष के लोगों और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे है. फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.

ये भी पढ़ें: उन्नाव में दिल दहलाने वाली वारदात, बेटे ने कुल्हाड़ी से की भाजपा नेता की हत्या

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola