Video : BRICS गाला डिनर में दिखा भारत का जायका, व्लादिमीर पुतिन और ब्रिक्स लीडर्स की ऐसी हुई मेहमान नवाजी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिक्स लीडर्स
BRICS Summit : नई दिल्ली में BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी ने विदेशी मेहमानों के लिए एक खास गाला डिनर का आयोजन किया. इस डिनर में भारतीय खान-पान की विविध परंपराओं को आधुनिक अंदाज में पेश किया गया. मेन्यू में खास स्टार्टर्स से लेकर शाही व्यंजन और पारंपरिक मिठाइयों तक शामिल थीं.
नई दिल्ली में चल रहे BRICS शिखर सम्मेलन के बीच शनिवार की शाम भारत की मेहमान नवाजी का एक खास रंग देखने को मिला.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में BRICS देशों के नेताओं और दूसरे डेलीगेट्स के लिए गाला डिनर आयोजित किया. इस खास दावत में भारतीय खान-पान की अलग-अलग परंपराओं को आधुनिक अंदाज में पेश किया गया. मेन्यू में खंडवी, मशरूम गलौटी, पनीर लबाबदार, हिमालयी गुच्छी, मिलेट पुलाव और शहतूत फिरनी जैसे पकवान शामिल रहे.
शुरुआत में परोसी गई खंडवी और मशरूम गलौटी
- डिनर की शुरुआत दो खास स्टार्टर्स से हुई. इनमें पहला था खंडवी मिले-फुई. यह बेसन से तैयार की गई नरम और भाप में पकाई जाने वाली डिश है.
- इसे सरसों, नारियल और करी पत्ते के तड़के के साथ तैयार किया गया. इसके साथ केसर आम, माइक्रो-ग्रीन्स और योगर्ट ड्रेसिंग परोसी गई.
- दूसरा स्टार्टर था खुंब गलौटी. नाम से ही जाहिर है कि इसमें मशरूम को मुख्य सामग्री बनाया गया. इसे तवे पर ग्रिल करके तैयार किया गया और मिंट पर्ल्स के साथ शीरमाल ब्रेड पर परोसा गया.
- मेन्यू में भारत के अलग-अलग स्वाद और आधुनिक प्रेजेंटेशन का मेल देखने को मिला.
पनीर लबाबदार से लेकर हिमालयी गुच्छी तक
- मुख्य खाने में पनीर लबाबदार खास आकर्षण रहा. इसमें पनीर के मुलायम टुकड़ों को शैलॉट और टमाटर की गाढ़ी ग्रेवी में पकाया गया.
- इसके साथ गुच्छी मार्मिक परोसी गई. गुच्छी हिमालयी क्षेत्र में मिलने वाला खास मशरूम है, जिसे इस डिश में शतावरी, केसर, किशमिश और मामरा बादाम के साथ पकाया गया. इस एक पकवान में पहाड़ी सामग्री और शाही भारतीय स्वाद का अच्छा मेल नजर आया.
- मेन्यू में कैरेट-बीन पोरियल भी शामिल था. इसमें गाजर और हरी बीन्स को दक्षिण भारतीय मसालों और नारियल के साथ तैयार किया गया.
मिलेट पुलाव ने बढ़ाई मेन्यू की खासियत
- डिनर में थक्काली बेले सारू भी परोसा गया. यह अरहर की दाल, टमाटर और करी पत्ते से तैयार हल्का लेंटिल ब्रॉथ है. इसके साथ मिलेट पुलाव दिया गया, उसे बासमती चावल और बाजरे को मसालों के साथ पकाया गया.
- इसके अलावा चुकंदर का रायता और अलग-अलग तरह की भारतीय ब्रेड भी मेन्यू का हिस्सा रहीं. मिलेट को खास जगह देकर भारत के पारंपरिक अनाज और टिकाऊ खान-पान पर भी ध्यान खींचा गया.
ये भी पढ़ें: BRICS Summit : मोदी से मुलाकात के बाद डिनर से कहां गायब हो गए शी जिनपिंग? सामने आई वजह
मिठाई में जलेबी और शहतूत फिरनी
- डिनर का मीठा हिस्सा भी कम खास नहीं था. मेहमानों को ओल्ड दिल्ली फ्रूट क्रीम विद जलेबी परोसी गई. इसमें मौसमी फलों और हल्की क्रीम के साथ कुरकुरी जलेबी का कॉम्बिनेशन रखा गया.
- दूसरी मिठाई थी शहतूत फिरनी. दूध और चावल से धीमी आंच पर तैयार की गई इस फिरनी के ऊपर मीठे शहतूत डाले गए और इसे गोल्ड लीफ से सजाया गया.
100 से ज्यादा कलाकारों ने दी प्रस्तुति
- गाला डिनर सिर्फ खाने तक सीमित नहीं रहा. इस दौरान 100 से ज्यादा कलाकारों के समूह ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी. इनमें ज्यादातर कलाकार भारत से थे, जबकि BRICS के दूसरे सदस्य देशों के कलाकारों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया.
- इस तरह BRICS गाला डिनर में कूटनीति के साथ भारतीय खान-पान और संस्कृति की झलक भी दिखाई दी. अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों की सामग्री को एक ही मेन्यू में शामिल कर भारत की विविध पाक परंपरा को दुनिया के सामने पेश किया गया.
ये भी पढ़ें: 3000 KM दूर एक और आफत..तेल के तीनों रास्ते बंद! दुनिया में ऊर्जा संकट का भारत पर क्या होगा असर?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए