Breaking News: आसनसोल में आसनसोल-बोकारो मेमू ट्रेन पटरी से उतरी, कोच में थे 30-40 यात्री
Breaking News Today : आसनसोल स्टेशन से निकलने के तुरंत बाद आसनसोल-बोकारो मेमू ट्रेन मंगलवार की रात बेपटरी हो गयी. उस वक्त कोच में 30-40 यात्री थे. हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. आलोक कुमार चौधरी ने मंगलवार को एसबीआई के खुदरा कारोबार और परिचालन के प्रबंध निदेशक का पदभार संभाल लिया है.
आसनसोल में आसनसोल-बोकारो मेमू ट्रेन पटरी से उतरी, कोच में थे 30-40 यात्री
आसनसोल स्टेशन से निकलने के तुरंत बाद आसनसोल-बोकारो मेमू ट्रेन मंगलवार की रात बेपटरी हो गयी. उस वक्त कोच में 30-40 यात्री थे. हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. इस घटना की वजह से कुछ ट्रेनों को रोक दिया गया, लेकिन ट्रेनों के परिचालन पर इसका कोई खास प्रभाव नहीं पड़ा. आसनसोल रेल डिवीजन के डीआरएम परमानंद शर्मा ने यह जानकारी दी.
आलोक चौधरी ने एसबीआई के प्रबंध निदेशक का पदभार संभाला
आलोक कुमार चौधरी ने मंगलवार को भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के खुदरा कारोबार और परिचालन के प्रबंध निदेशक का पदभार संभाल लिया है. बैंक ने मंगलवार को यह जानकारी दी. अभी तक चौधरी बैंक में उप-प्रबंध निदेशक (वित्त) के पद पर थे. वह बैंक में उप-प्रबंध निदेशक (डीएमडी) मानव संसाधन और कॉरपोरेट विकास अधिकारी भी रह चुके हैं. चौधरी तीन साल तक बैंक के दिल्ली सर्किल के मुख्य महाप्रबंधक भी रह चुके हैं. बैंक में चौधरी के अलावा तीन अन्य प्रबंध निदेशक सी एस शेट्टी, स्वामीनाथन जे और अश्विनी कुमार तिवारी हैं.
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,881 नये मामले
महाराष्ट्र में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,881 नये मामले दर्ज किये गये, जो एक दिन पहले की तुलना में 845 अधिक है. राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी. राज्य में सोमवार को कोविड के 1036 मामले आये थे. विभाग ने कहा कि अकेले मुंबई ने कोविड-19 के 1,242 नये मामले दर्ज किये, जो सोमवार को 676 थे. आधिकारिक बयान के मुताबिक, दिन के दौरान बीए5 स्वरूप के एक मामले का भी पता चला.
पेरिस हमले से जुड़े 14 पाकिस्तानी नागरिकों को पकड़ने की तैयारी में इटली
इटली के उत्तर-पश्चिमी बंदरगाह शहर जीनोआ के पुलिस अधिकारी मंगलवार को 14 पाकिस्तानी नागरिकों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट की तामील करने की तैयारी में दिखे. ये पाकिस्तानी नगारिक सितंबर 2020 में पेरिस स्थित शार्ली हेब्दो पत्रिका के बाहर दो लोगों पर चाकू से हमला करने वाले पाकिस्तानी नागरिक से संबंधित हैं. आतंकवाद-रोधी जांचकर्ताओं ने एक बयान में कहा कि इन सभी संदिग्धों पर एक अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठन से जुड़े होने और पाकिस्तानी हमलावर जहीर हसन महमूद से सीधे संपर्क में रहने का आरोप है. महमूद (27) फिलहाल फ्रांस की हिरासत में है. उसने जांचकर्ताओं को बताया है कि उसने पत्रिका में पैगंबर मोहम्मद का चित्र बनाये जाने से गुस्सा होकर हमले को अंजाम दिया था.
800 करोड़ के फ्रॉड केस में रेलीगेयर एंटरप्राइजेज के पूर्व सीएमडी सुनील गोधवानी गिरफ्तार
800 करोड़ रुपये के फ्रॉड केस ��ें रेलीगेयर एंटरप्राइजेज के सीएमडी सुनील गोधवानी को दिल्ली पुलिस के इकॉनोमिक ऑफेंसेज विंग ने गिरफ्तार कर लिया है. एक और अपराध के मामले में वह पहले से ही न्यायिक हिरासत में था. दिल्ली पुलिस ने यह जानकारी दी है.
मुंबई में कोरोना के 1242 मामले सामने आये, 506 लोग हुए ठीक
मुंबई में कोरोनावायरस के संक्रमण के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. पिछले 24 घंटे के दौरान देश की आर्थिक राजधानी में 1,242 नये मामले सामने आये. इस दौरान 506 लोग स्वस्थ हुए. हालांकि, किसी की मौत नहीं हुई. मुंबई में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 5,947 हो गयी है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए