Live Updates

Breaking News: कांग्रेस ने गुजरात इकाई के लिए 7 कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किये

Updated:
विज्ञापन

Breaking News updates : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना के संक्रमण से एक व्यक्ति की मौत हो गयी. पिछले 24 घंटे के दौरान 579 नये संक्रमित लोग पाये गये हैं. राकेश झुनझुनवाला के ‘आकाश एयर’ को डीजीसीए की हरी झंडी. फिल्म प्रोड्यूसर संदीप सिंह को सिद्धू मूसेवाला की तरह जान से मारने की धमकी. महाराष्ट्र में मौसम विभाग की ओर से रेड अलर्ट जारी किया गया है. देश और दुनिया की बड़ी खबर के लिए बनें रहें हमारे साथ

विज्ञापन

कांग्रेस ने गुजरात इकाई के लिए 7 कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किये

कांग्रेस ने गुजरात विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले बृहस्पतिवार को विधायक जिग्नेश मेवानी समेत सात नेताओं को अपनी प्रदेश इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया. पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के अनुसार, मेवानी के अलावा, विधायक ललित कागाथरा, विधायक रित्विक मकवाना, विधायक अंबरीश डेर और विधायक हिम्मत सिंह पटेल को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है. इनके अलावा कादिर पीरजादा और इंद्रविजय सिंह गोहिल को भी गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गयी है.

दिल्ली में कोरोना से एक की मौत, 579 नये मामले सामने आये

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना के संक्रमण से एक व्यक्ति की मौत हो गयी. पिछले 24 घंटे के दौरान 579 नये संक्रमित लोग पाये गये हैं. एक्टिव केस की संख्या 2,480 हो गयी है. पॉजिटिविटी रेट 3.46 फीसदी है. एक दिन में कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या 688 रही.

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में अल-बद्र का एक ‘हाईब्रिड आतंकी’ गिरफ्तार

सुरक्षा बलों ने बृहस्पतिवार को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में प्रतिबंधित संगठन अल-बद्र के एक ‘हाइब्रिड आतंकवादी’ को गिरफ्तार किया. उसके कब्जे से हथियार और गोला-बारूद बरामद किये गये. पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि दक्षिण कश्मीर जिले के बेईगुंड में आतंकी गतिविधियों के संबंध में खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने इलाके में कार्रवाई की. उन्होंने बताया कि जांच के दौरान अल-बद्र के एक ‘हाइब्रिड आतंकवादी’ को गिरफ्तार किया गया. उसकी पहचान शोपियां के काशवा चित्रगाम के रहने वाले आमिर अहमद पर्रे के रूप में की गयी है.

ऊधमपुर में बस के खाई में गिरने से दो लोगों की मौत, 37 घायल

जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर जिले में बृहस्पतिवार को शादी समारोह में जा रही एक बस के सड़क से फिसल कर खाई में गिर जाने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गयी. 37 अन्य घायल हो गये. आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि रामनगर से छितरेडी गांव जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. कई घायलों की हालत नाजुक है.

राकेश झुनझुनवाला के ‘अकासा एयर’ को डीजीसीए की हरी झंडी

नयी एयरलाइन ‘अकासा एयर’ को विमानन क्षेत्र के नियामक डीजीसीए से हवाई परिचालन का प्रमाण पत्र मिल गया है. जुलाई के अंत में इसका परिचालन शुरू होने की उम्मीद है. ‘अकासा एयर’ में शेयर मार्केट के बिग बुल राकेश झुनझुनवाला ने निवेश किया है.

अरुणाचल प्रदेश में मिले कोविड-19 के 29 नये मामले

अरुणाचल प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के 29 नये मामले मिलने के साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 64,580 हो गयी है. एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर राज्य पिछले कुछ महीनों से वायरस मुक्त था, लेकिन एक जुलाई से यहां संक्रमण के मामलों में अचानक वृद्धि देखने को मिल रही है. राज्य निगरानी अधिकारी (एसएसओ) डॉ लोबसांग जम्पा ने कहा, पिछले एक दिन में किसी मरीज की मौत नहीं होने से राज्य में मृतकों की संख्या 296 पर स्थिर रही. राज्य में कोविड-19 के 61 मरीज उपचाराधीन हैं.

विज्ञापन
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola