Breaking News: अग्निपथ योजना के तहत वायुसेना को मिले 7.5 लाख आवेदन, अब पंजीकरण बंद

Updated:
विज्ञापन

Breaking News Uspdates : अग्निपथ योजना के तहत वायुसेना को मिले 7.5 लाख आवेदन, अब पंजीकरण बंद. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सिद्धिविनायक मंदिर में की पूजा-अर्चना. उपराष्ट्रपति के चुनाव की अधिसूचना जारी, 6 अगस्त को होगी वोटिंग. अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भूकंप के झटके महसूस किए गए.

विज्ञापन

अग्निपथ योजना के तहत वायुसेना को मिले 7.5 लाख आवेदन, अब पंजीकरण बंद

भारतीय वायु सेना (आईएएफ) ने मंगलवार को कहा कि उसे ‘अग्निपथ’ भर्ती योजना के तहत 7.5 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं. योजना के तहत पंजीकरण प्रक्रिया 24 जून से शुरू हुई और मंगलवार को समाप्त हो गयी. 14 जून को योजना की घोषणा के बाद लगभग एक सप्ताह तक इसके खिलाफ कई राज्यों में हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए. विभिन्न विपक्षी दलों ने इसे वापस लेने की मांग की.

पुलिस ने साइबर ठग को बिहार से गिरफ्तार किया

उत्तराखंड के चंपावत जिले में लॉटरी के नाम पर साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को यहां की पुलिस ने बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. उसके खिलाफ 35 हजार की ठगी का आरोप है. पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा ने बताया कि पूर्वी चंपारण जिला मुख्यालय मोतिहारी के छतौनी थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर के रहने वाले 27 वर्षीय समीर कुमार गुप्ता ने संजना महर नामक महिला से लॉटरी खुलने के नाम पर 35 हजार रुपये की ठगी की थी.

नेपाल में सड़क दुर्घटना में 13 की मौत, 24 घायल

पूर्वी नेपाल के रामेछाप जिले में मंगलवार को बस दुर्घटना में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गयी और 24 अन्य घायल हो गये. पुलिस ने बताया, दुर्घटना सुबह 10 बजे हुई. बस सुनापति से काठमांडू जा रही थी.

हनुमान चालीसा विवाद में सांसद नवनीत राणा, विधायक पति को अग्रिम जमानत

मुंबई की एक विशेष अदालत ने हनुमान चालीसा विवाद में पुलिस को गिरफ्तारी से रोकने से संबंधित दूसरी प्राथमिकी में लोकसभा की निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके विधायक पति रवि राणा की अग्रिम जमानत याचिका मंगलवार को मंजूर कर ली. विशेष न्यायाधीश आरएन रोकड़े ने राणा दंपती की अग्रिम जमानत याचिका मंजूर कर ली. दूसरी प्राथमिकी खार पुलिस ने दर्ज की थी, जिसमें राणा दंपती के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 353 (सरकारी कर्मचारी को कर्तव्य निर्वहन से रोकने के लिए हमला करने या आपराधिक तरीके से बल प्रयोग करने) के तहत आरोप हैं.

मणिपुर भू-स्खलन: असम के 11 निवासियों की मौत, दो और शवों का अंतिम संस्कार

मणिपुर के नोनी जिले में भारी भू-स्खलन में जान गंवाने वाले असम के निवासियों की संख्या अब तक 11 हो गयी है, जबकि राज्य के कम से कम 10 अन्य लोग अब भी लापता हैं. एक अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि 9 लोगों के शवों का उनके मूल स्थानों पर अंतिम संस्कार किया जा चुका है, जबकि दो और शवों को वापस असम ले जाना बाकी है. राज्य सरकार ने 29 जून को भू-स्खलन के समय तुपुल रेलवे यार्ड निर्माण स्थल पर काम कर रहे राज्य के 26 लोगों की सूची तैयार की है.

कन्हैयालाल हत्याकांड के एक और आरोपी को एनआईए की हिरासत में भेजा

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने उदयपुर के कन्हैया लाल हत्याकांड में गिरफ्तार एक और आरोपी को मंगलवार को यहां विशेष अदालत में पेश किया. अदालत ने उसे 12 जुलाई तक एनआईए की हिरासत में भेज दिया. एनआईए की टीम ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आरोपी मोहम्मद मोहसिन को यहां विशेष अदालत में पेश किया. विशेष लोक अभियोजक टीपी शर्मा ने बताया कि मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने मोहम्मद मोहसिन को 12 जुलाई तक एनआईए की हिरासत में भेज दिया. सूत्रों ने बताया कि मोहम्मद मोहसिन को कन्हैया की दुकान की रेकी करने और साजिश रचने के आरोप में सोमवार को गिरफ्तार किया गया था.

विज्ञापन
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola