Breaking News : मशहूर गायक के के का कंसर्ट के दौरान निधन
Breaking News Today : पूर्वी लद्दाख विवाद पर भारत, चीन अगले दौर की सैन्य वार्ता जल्द करने पर सहमत. दिल्ली में कोरोना से एक की मौत, संक्रमण के 373 नये मामले सामने आये. 2021-22 में 8.7 फीसदी की रफ्तार से बढ़ी अर्थव्यवस्था. ताजा खबरों के लिए आप हमारे साथ बने रहें.
मशहूर सिंगर केके का निधन
मशहूर प्लेबैक सिंगर केके का कोलकाता में एक कंसर्ट के दौरान हार्टअटैक से निधन हो गया.
चंपावत विधानसभा उपचुनाव: लगभग 64 फीसदी मतदान
उत्तराखंड के चंपावत विधानसभा उपचुनाव में मंगलवार को करीब 64 फीसद मतदान हुआ, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कांग्रेस उम्मीदवार निर्मला गहतोड़ी के बीच सीधा मुकाबला है. चंपावत जिला निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, चंपावत विधानसभा सीट पर कुल 151 मतदान केद्रों में प्रातः सात बजे से शाम पांच बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हुआ.
पूर्वी लद्दाख विवाद पर भारत, चीन अगले दौर की सैन्य वार्ता जल्द करने पर सहमत
भारत और चीन ने वरिष्ठ सैन्य कमांडर स्तर की अगले दौर की वार्ता जल्द ही किसी तारीख पर करने पर सहमति जतायी, ताकि द्विपक्षीय संबंधों में सामान्य स्थिति लाने के लिए पूर्वी लद्दाख में संघर्ष वाले सभी क्षेत्रों से पीछे हटने की प्रक्रिया पूरी की जा सके. विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी.
संचार उपग्रह जीसैट-24 का प्रक्षेपण 22 जून को होगा : इसरो
भारत का संचार उपग्रह जीसैट-24 इसी महीने की 22 तारीख को फ्रेंच गुयाना के कौरू स्थित एरियन प्रक्षेपण केंद्र से प्रक्षेपित किया जायेगा. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने मंगलवार को यह जानकारी दी. अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा कि न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (एनएसआईएल) अंतरिक्ष सुधारों के बाद अपने पहले मांग संचालित मिशन के रूप में जीसैट-24 उपग्रह मिशन पर काम कर रहा है. एनएसआईएल अंतरिक्ष विभाग के तहत भारत सरकार की कंपनी है. इसरो ने एक बयान में कहा कि जीसैट-24 एक 24-केयू बैंड संचार उपग्रह है, जिसका वजन 4180 किलोग्राम है. बयान के अनुसार, यह ‘डीटीएच’ जरूरतों को पूरा करने के लिए अखिल भारतीय कवरेज मुहैया करा सकता है. एनएसआईएल ने उपग्रह की पूरी क्षमता ‘टाटा प्ले’ को लीज पर दी है. उपग्रह और उसके विभिन्न उपकरणों को 18 मई को सी-17 ग्लोबमास्टर विमान के जरिये कौरू भेजा गया था.
दिल्ली में कोरोना से एक की मौत, संक्रमण के 373 नये मामले सामने आये
दिल्ली में कोरोना वायरस के संक्रमण से एक व्यक्ति की मौत हो गयी है. पिछले 24 घंटे के दौरान राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना के 373 नये मामले सामने आये. इस दौरान 255 लोग स्वस्थ भी हुए. कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 1,603 है, जबकि पॉजिटिविटी रेट 2.15 फीसदी.
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में उत्तराखंड से एक गिरफ्तार
पंजाबी सिंगर और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में उत्तराखंड से गिरफ्तार मनप्रीत सिंह को पंजाब पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में पेश किया. कोर्ट ने मनप्रीत को 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए