Breaking News: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में इंटरनेट सेवा निलंबित
Breaking News Today: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के कुछ हिस्सों में शनिवार को एहतियातन इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गयीं. पुलिस ने बताया कि जिले के बेलडांगा, रेजीनगर और शक्तिपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह तक इंटरनेट सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है.
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में इंटरनेट सेवा निलंबित
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के कुछ हिस्सों में शनिवार को एहतियातन इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गयीं. पुलिस ने बताया कि जिले के बेलडांगा, रेजीनगर और शक्तिपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह तक इंटरनेट सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है. अधिकारी ने कहा कि अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए हमने जिले के तीन थाना क्षेत्रों में अस्थायी तौर पर इंटरनेट सेवाएं निलंबित करने का निर्णय किया है. उन्होंने बताया कि संभावित हिंसा संबंधी खुफिया रिपोर्ट के बाद इंटरनेट सेवाएं निलंबित करने का फैसला किया गया है.
राजस्थान के कोटा में 18 जुलाई तक धारा 144 लागू
राजस्थान के कोटा जिला में 18 जुलाई तक धारा 144 लगा दिया गया है. कोटा के जिला मजिस्ट्रेट हरि मोहन मीणा ने कहा है कि कानून-व्यवस्था एवं शांति बनाये रखने के लिए निषेधाज्ञा लगायी गयी है.
दिल्ली में कोरोना के 1534 नये मामले मिले
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण के 1,534 नये मामले सामने आये हैं. एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 5,119 हो गयी है. पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 7.71 फीसदी हो गयी है. स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को यह जानकारी दी.
महाराष्ट्र में कोरोना से दो लोगों की मौत, 3,883 नये मामले सामने आये
महाराष्ट्र में कोरोनावायरस के संक्रमण से दो लोगों की शनिवार को मौत हो गयी. पिछले 24 घंटे के दौरान 3,883 लोगों में कोरोना का संक्रमण पाया गया. राज्य में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 22,828 हो गयी है.
चेन्नई में तीन महिला यात्रियों के पास से विदेशी मुद्रा बरामद
तमिलनाडु में चेन्नई हवाई अड्डे पर तीन महिला यात्रियों के पास से 34.76 लाख रुपये की विदेशी मुद्रा जब्त की गयी है. सीमा शुल्क विभाग की ओर से शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, तीनों महिलाएं श्रीलंका की राजधानी कोलंबो जा रही थीं. कोलंबो रवाना होने से ठीक पहले उन्हें हिरासत में ले लिया गया. खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने तीनों महिला यात्रियों को पकड़ा. सभी तमिलनाडु की रहने वाली हैं. उनके सामान में 100 मूल्यवर्ग के अमेरिकी डॉलर छिपाकर रखे गये थे, जिसकी कुल कीमत 34.76 लाख रुपये बतायी जा रही है.
ईंधन संकट के बीच श्रीलंका सरकार ने दफ्तर और स्कूल बंद किये
संकटग्रस्त श्रीलंका सरकार ने सोमवार से एक सप्ताह के लिए सरकारी दफ्तरों को बंद करने की घोषणा की है, क्योंकि आर्थिक संकट से जूझ रहे द्वीपीय देश में ईंधन संकट और गहराता जा रहा है. ‘डेली मिरर’ अखबार की खबर के अनुसार, बिजली आपूर्ति की समस्या की पृष्ठभूमि में श्रीलंका के शिक्षा मंत्रालय ने कोलंबो शहर के सभी सरकारी और सरकार द्वारा मान्यताप्राप्त निजी स्कूलों के शिक्षकों से कहा है कि वे अगले सप्ताह से ऑनलाइन कक्षाएं आयोजित करें. देश में मौजूद ईंधन की मात्रा तेजी से कम होने के कारण श्रीलंका पर अपने आयात के लिए विदेशी मुद्रा में भुगतान करने का दबाव है, जिसके कारण देश की अर्थव्यवस्था रुक सी गयी है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए