Breaking News : जम्मू-कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादी गिरफ्तार
Breaking News : झारखंड में लॉकडाउन के फर्जी ट्वीट पर सीएम सोरेन सख्त, केस दर्ज करने का दिया आदेश, जम्मू-कश्मीर में लश्कर के दो आतंकवादी गिरफ्तार. पढ़ें हर अपडेट…
जम्मू-कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादी गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. स्थानीय पुलिस ने सुरक्षा बलों के साथ मिलकर अभियान चलाया और शोपियां से आतंकवादियों को धर दबोचा. इनके कब्जे से भारी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद बरामद हुए हैं.
नगालैंड फायरिंग मामले की होगी SIT जांच
नगालैंड फायरिंग में हुई 13 लोगों की मौत की जांच के लिए सरकार ने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) बनाने की बात कही है. शनिवार को मोन जिला में सुरक्षा बलों की गोलियों से 13 आम नागरिकों की मौत हो गयी थी.
13 नागरिकों और जवान की मौत के बाद नगालैंड के मोन जिला में तनाव
नगालैंड के मोन जिला में सुरक्षा बलों की ग्रामीणों से हुई झड़प के बाद 13 नागरिकों एवं एक जवान की मौत के बाद रविवार को नगालैंड में तनाव व्याप्त हो गया. उग्रवादियों के खिलाफ ऑपरेशन के दौरान ग्रामीणों को पहचानने में सेना के जवानों से गलती हुई और उसके बाद स्थानीय लोगों के साथ उनकी झड़प हो गयी. इसमें 13 आम लोग मारे गये.
आंध्रप्रदेश में 8 लोग जिंदा जले, 6 की मौत
आंध्रप्रदेश में रविवार को एक कार में सवार 8 लोग जिंदा जल गये. दुर्घटना चित्तूर के चंद्रगिरि जोन के निकट पुथालपट्टू-नायडुपेटा रोड पर तेल लीक होने की वजह से एक कार में आग लग गयी. कार में 8 लोग सवार थे. इनमें से 5 की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि गंभीर रूप से घायल 3 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल में एक और व्यक्ति ने दम तोड़ दिया.
नगालैंड: मोन जिला में इंटरनेट सेवाओं पर प्रशासन ने लगायी रोक
नगालैंड में सेना की फायरिंग में 13 आम लोगों की मौत के बाद मोन जिला में कानून-व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया है. इसमें मोबाईल इंटरनेट, मोबाइल डाटा सेवाएं और बल्क एसएमएस सेवाएं शामिल हैं. नगालैंड के होम कमिश्नर के इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है.
दिल्ली में रेजिडेंट डॉक्टर्स का आंदोलन तेज, 6 दिसंबर से काम ठप करेंगे
नीट-पीजी 2021 काउंसलिंग में हो रही देरी के खिलाफ फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने आंदोलन तेज कर दिया है. कहा है कि 6 दिसंबर से दिल्ली में केंद्र और राज्य सरकार के अस्पतालों में रेजिडेंट डॉक्टर्स काम नहीं करेंगे. आपातकालीन सेवाओं को भी ठप कर देंगे.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए