Medical Visa: बांग्लादेशी नागरिकों के लिए भारत शुरू करेगा ई-मेडिकल वीजा, पीएम मोदी और हसीना के बीच हुए कई समझौते
Published by : ArbindKumar Mishra Updated At : 22 Jun 2024 3:01 PM
PM Modi, Sheikh Hasina
Medical Visa: भारत और बांग्लादेश के प्रधानमंत्रियों के बीच शनिवार को मुलाकात हुई. इस दौरान दोनों देशों के बीच कई समझौते भी हुए. बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना शुक्रवार से दो दिवसीय भारत यात्रा पर हैं.
Medical Visa: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शेख हसीना के साथ मुलाकात के दौरान बड़ी घोषणा की. उन्होंने बताया, भारत इलाज के लिए भारत आने वाले बांग्लादेशी नागरिकों के लिए ई-मेडिकल वीजा सुविधा शुरू करेगा. भारत देश के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र के लोगों के लिए बांग्लादेश के रंगपुर में एक नया वाणिज्य दूतावास भी खोलेगा. दोनों देश के प्रधानमंत्रियों ने शनिवार को हैदराबाद हाउस में बैठक के बाद मीडिया को संबोधित किया. पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि दोनों नेताओं की पिछले एक साल में कई बार मुलाकात हुई है, उन्होंने कहा कि यह यात्रा इसलिए खास है क्योंकि पीएम शेख हसीना एनडीए सरकार के तीसरे कार्यकाल में भारत की पहली राजकीय अतिथि हैं.
भारत और बांग्लादेश के बीच रेलवे कनेक्टिविटी पर भी समझौता
भारत और बांग्लादेश ने रेलवे कनेक्टिविटी पर एक समझौते पर हस्ताक्षर किए. इसके अलावा डिजिटल क्षेत्र में साझा दृष्टिकोण पर साझेदारी प्रगाढ़ की. प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री शेख हसीना के बीच वार्ता के बाद भारत और बांग्लादेश ने हरित साझेदारी के लिए साझा दृष्टि पत्र को अंतिम रूप दिया. भारत और बांग्लादेश ने दिल्ली के हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना की उपस्थिति में समझौता ज्ञापनों और समझौतों का आदान-प्रदान किया.
पीएम मोदी ने हसीना के साथ मुलाकात को बताया खास
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त प्रेस बयान जारी करते हुए कहा, हालांकि पिछले एक साल में हम 10 बार मिल चुके हैं, लेकिन आज की मुलाकात खास है क्योंकि PM शेख हसीना हमारे तीसरे कार्यकाल में हमारी पहली राजकीय अतिथि हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, पिछले एक साल में हम करीब 10 बार मिले हैं. लेकिन आज की मुलाकात इसलिए खास है क्योंकि प्रधानमंत्री शेख हसीना हमारी सरकार के तीसरे कार्यकाल में हमारी पहली राजकीय अतिथि हैं.
भारत और बांग्लादेश ने पिछले एक साल में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, बांग्लादेश हमारी नेबरहुड फर्स्ट पॉलिसी, एक्ट ईस्ट पॉलिसी, विजन सागर और इंडो-पैसिफिक विजन में हमारे साथ संगम रखता है. पिछले एक साल में हमने मिलकर लोक कल्याण की कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी की हैं. दोनों देशों के बीच भारतीय रुपये में व्यापार शुरू हो गया है. भारत और बांग्लादेश के बीच गंगा नदी पर दुनिया की सबसे लंबी रिवर क्रूज सफलतापूर्वक पूरी हो गई है. भारत और बांग्लादेश के बीच पहली क्रॉस-बॉर्डर मैत्री पाइपलाइन पूरी हो गई है. भारतीय ग्रिड के माध्यम से नेपाल से बांग्लादेश को बिजली का निर्यात ऊर्जा क्षेत्र में उप-क्षेत्रीय सहयोग का पहला उदाहरण बन गया है. सिर्फ एक साल में इतने सारे क्षेत्रों में इतनी बड़ी पहल को लागू करना हमारे संबंधों की गति और पैमाने को दर्शाता है.
शेख हसीना ने भारत के वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने कहा, बांग्लादेश के 12वें संसदीय चुनाव और जनवरी 2024 में हमारी नई सरकार के गठन के बाद यह किसी भी देश की मेरी पहली द्विपक्षीय यात्रा है. भारत हमारा प्रमुख पड़ोसी, विश्वसनीय मित्र और क्षेत्रीय साझेदार है. बांग्लादेश भारत के साथ हमारे संबंधों को बहुत महत्व देता है, जो 1971 में हमारे मुक्ति संग्राम के दौरान पैदा हुए थे. मैं भारत के उन बहादुर, शहीद नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं जिन्होंने 1971 में हमारे मुक्ति संग्राम के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी.
Also Read: ‘आज की मुलाकात खास है’, शेख हसीना के साथ बैठक करने के बाद बोले पीएम मोदी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By ArbindKumar Mishra
अरबिंद कुमार मिश्रा वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में एक अनुभवी पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. अप्रैल 2011 से संस्थान का हिस्सा रहे अरबिंद के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर और डेस्क एडिटर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह नेशनल और इंटरनेशनल डेस्क की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ एक पूरी शिफ्ट का नेतृत्व (Shift Lead) भी कर रहे हैं. विशेषज्ञता और अनुभव अरबिंद की लेखनी में खबरों की गहराई और स्पष्टता है. उनकी मुख्य विशेषज्ञता इन क्षेत्रों में है. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामले: वैश्विक राजनीति और देश की बड़ी घटनाओं पर पैनी नजर. खेल पत्रकारिता: झारखंड में आयोजित 34वें नेशनल गेम्स से लेकर JSCA स्टेडियम में हुए कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव. झारखंड की संस्कृति: राज्य की कला, संस्कृति और जनजातीय समुदायों की समस्याओं और उनकी जीवनशैली पर विशेष स्टोरीज. पंचायतनामा: ग्रामीण विकास और जमीनी मुद्दों पर 'पंचायतनामा' के लिए विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग. करियर का सफर प्रभात खबर डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरबिंद ने पत्रकारिता के हर आयाम को बखूबी जिया है. डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझने से पहले उन्होंने आकाशवाणी (All India Radio) और दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में एंकरिंग के जरिए अपनी आवाज और व्यक्तित्व की छाप छोड़ी है. शिक्षा और योग्यता UGC NET: अरबिंद मिश्रा ने यूजीसी नेट (UGC NET) उत्तीर्ण की है. मास्टर्स (MA): रांची यूनिवर्सिटी के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग से एमए की डिग्री. ग्रेजुएशन: रांची यूनिवर्सिटी से ही मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में स्नातक.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










