शराब पीकर हुआ पेट में दर्द! पुणे में 24 घंटे के भीतर आठ लोगों की मौत
क्या जहरीली शराब से पुणे में हुई मौत? (सांकेतिक तस्वीर)
पुणे में 24 घंटे के भीतर आठ लोगों की मौत के बाद जहरीली शराब एंगल से जांच शुरू कर दी गई है. जानें पूरा मामला.
पुणे और आसपास के इलाकों में 24 घंटे के भीतर आठ लोगों की मौत के बाद प्रशासन ने मेथनॉल मिली जहरीली शराब के पहलू से मामले की जांच शुरू कर दी है. पिंपरी-चिंचवड के फुगेवाडी इलाके और पुणे के हडपसर में गुरुवार को इन मौतों के संबंध में सूचनाएं मिलीं. आबकारी विभाग के अनुसार, इन इलाकों में देसी शराब की कथित तौर पर आपूर्ति करने वाले एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है और दापोडी थाने में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.
पिंपरी-चिंचवड पुलिस ने बताया कि गुरुवार को फुगेवाडी इलाके में पांच लोगों की मौत हुई. पुलिस ने शुरू में कहा था कि पांच में से चार मौतें शराब से जुड़ी नहीं हैं, लेकिन अब सभी लोगों की मौत की जांच शुरू कर दी गई है. हडपसर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि उनके क्षेत्र में तीन लोगों की मौत हुई. उन्होंने कहा कि इन लोगों ने पेट दर्द की शिकायत की थी. मौत का सटीक कारण पता लगाया जा रहा है और जहरीली शराब के पहलू की जांच की जा रही है.
राज्य आबकारी आयुक्त अतुल कानडे ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि फुगेवाडी में हुई मौतों के बाद विभाग ने जांच शुरू कर दी है. कानडे ने कहा कि हमने योगेश वानखेडे को हिरासत में लिया है, जिसने फुगेवाडी और हडपसर दोनों जगह शराब की आपूर्ति की थी. उसे पिंपरी चिंचवड पुलिस को सौंप दिया गया है और कार्रवाई की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए