Assembly Elections 2022: आप का दावा : पंजाब में चुनाव से पहले पार्टी पंजीकरण के बदले जा रहे नियम
Assembly Elections 2022: पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव से पहले नयी पार्टियों को चुनाव चिह्न मिलने लगे हैं. राजनीतिक पार्टियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है. वहीं, निर्वाचन पदाधिकारियों ने राजनीतिक दलों की निगरानी की तैयारी शुरू कर दी है.
पंजाब में चुनाव से पहले पार्टी पंजीकरण के बदले जा रहे नियम
आम आदमी पार्टी (आप) ने दावा किया है कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर अपने नियमों में बदलाव कर एक नये राजनीतिक दल का पंजीकरण करने जा रहा है. पार्टी प्रवक्ता राघव चड्ढा ने आरोप लगाया कि भाजपा ने पंजाब में आप को विधानसभा चुनाव में जीतने और सरकार बनाने से रोकने के लिए यह हथकंडा अपनाया है. आप के आरोप पर चुनाव आयोग या भाजपा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी है.
उत्तराखंड के सीएम धामी पर आचार संहिता उल्लंघन का आरोप
कांग्रेस ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शासन के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति का पुनर्गठन तथा कुछ अन्य नियुक्तियां पूर्व की तिथि से करने का आरोप लगाया. कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से आग्रह किया कि इनके खिलाफ चुनाव आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के लिए प्राथमिकी दर्ज की जाये.
शिअद (संयुक्त) को मिला ‘टेलीफोन’ चुनाव चिह्न
सुखदेव सिंह ढींढसा नीत शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) ने बृहस्पतिवार को कहा कि निर्वाचन आयोग ने पार्टी को ‘टेलीफोन’ चुनाव चिह्न आवंटित किया है. शिअद (संयुक्त) ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए हाल में भारतीय जनता पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह नीत पंजाब लोक कांग्रेस के साथ गठबंधन किया था.
23.8 करोड़ की बेहिसाबी नकदी, शराब और मादक पदार्थ जब्त
पंजाब में विधानसभा चुनाव की घोषणा के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से निगरानी दलों ने बेहिसाबी नकदी, शराब और नशीले पदार्थ समेत कुल 23.8 करोड़ रुपये मूल्य की चीजें जब्त की हैं. इनमें 12 जनवरी तक जब्त की गयी वस्तुएं शामिल हैं. निर्वाचन आयोग ने 8 जनवरी को पंजाब और चार अन्य राज्यों में चुनाव को लेकर कार्यक्रम की घोषणा की थी. पंजाब में एक चरण के तहत 14 फरवरी को मतदान है.
अमृतसर में निगरानी के लिए लगाये सीसीटीवी
पंजाब में 14 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों की निगरानी के लिए अमृतसर के निर्वाचन पदाधिकारी ने बड़ा कदम उठाया है. अमृतसर के नोडल ऑफिसर पुनीत भसीन ने कहा है कि फील्ड सर्विलांस की टीमों के वाहनों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं, जो 24 घंटे सड़क पर रहेंगे और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहेंगे.
उत्तराखंड के लिए घोषणा पत्र का जल्द ही ऐलान करेगी भाजपा
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सबका एक लक्ष्य है, अबकी बार 60 पार. प्रदेश के अनुरूप हम जो करना चाहते हैं और हमने जो किया है, इन सबको लेकर जल्दी ही हमारा घोषणा पत्र आएगा.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए