जिस बेटे की सुबह से तलाश थी, दोपहर में उसी का शव मिला, मां की चीख से दहला गांव

Updated:
विज्ञापन

पश्चिम चंपारण के साठी में साढ़े तीन महीने के मासूम की हत्या से सनसनी फैल गई. शनिवार अहले सुबह घर से लापता हुए गोल्डन कुमार का शव उसी दिन दोपहर में घर के पास एक गड्ढे से बरामद हुआ. इकलौते बेटे का शव देखकर मां का रो-रोकर बुरा हाल है.

विज्ञापन

West Champaran News: साठी थाना क्षेत्र के खाप टोला परोराहा गांव में शनिवार को साढ़े तीन माह के मासूम का शव गड्ढे से बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान खाप टोला वार्ड नंबर-1 निवासी रविंद्र राम के पुत्र गोल्डन कुमार के रूप में हुई है. परिजन बच्चे के अपहरण के बाद हत्या की आशंका जता रहे हैं. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड और FSL टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Sathi News: अहले सुबह घर से गायब मिला मासूम

घटनास्थल पर पहुंचे डीएसपी जयप्रकाश  सिंह और पुलिस बल | Prabhat Khabar Network
घटनास्थल पर पहुंचे डीएसपी जयप्रकाश सिंह और पुलिस बल

परिजनों के अनुसार शनिवार सुबह करीब तीन बजे रविंद्र राम और उनके परिवार की नींद खुली तो साढ़े तीन माह का गोल्डन कुमार घर में नहीं मिला. इसके बाद परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला. मामले की सूचना साठी थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरू की.

दोपहर में गड्ढे से मिला मासूम का शव

बच्चे की तलाश के दौरान शनिवार दोपहर गांव के समीप छठिया घाट स्थित ब्रह्मस्थान के पास एक चरवाहे की नजर गड्ढे में पड़े शिशु के शव पर पड़ी. चरवाहे ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी. कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए.

सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे. रविंद्र राम ने शव की पहचान अपने पुत्र गोल्डन कुमार के रूप में की.

इकलौते बेटे का शव देखकर बेसुध हुई मां

मासूम का शव देखते ही उसकी मां रीना देवी दहाड़ मारकर रोने लगी. वह बार-बार बच्चे को देखकर बेसुध हो जा रही थी. परिजनों के अनुसार गोल्डन कुमार उनका पहला और इकलौता पुत्र था. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में मातम का माहौल है.

डॉग स्क्वायड और FSL टीम ने खंगाला घटनास्थल

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की. घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और FSL की टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया.

घर से गड्ढे तक की पूरी कड़ी खंगाल रही पुलिस

पुलिस बच्चे के घर से गायब होने से लेकर ब्रह्मस्थान के पास गड्ढे में शव मिलने तक की पूरी कड़ी की जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बच्चा घर से कैसे गायब हुआ और घटनास्थल तक कैसे पहुंचा.

नरकटियागंज डीएसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस वैज्ञानिक तरीके से जांच कर घटना का उद्भेदन करने में जुटी है. उन्होंने कहा कि डॉग स्क्वायड और FSL टीम ने भी घटनास्थल की जांच की है.

तीन वर्ष पूर्व हुई थी रविंद्र राम की शादी

बताया जाता है कि रविंद्र राम की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व शिकारपुर थाना क्षेत्र के कुंडिलपुर बरगजवा गांव में हुई थी. गोल्डन कुमार उनका पहला और इकलौता पुत्र था. मासूम की मौत के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है.

यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी में राष्ट्रीय खेल दिवस पर एसएसबी के बच्चों का फुटबॉल मुकाबला, विजेता टीम सम्मानित


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन