वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष चतुर्वेदी ने केंद्रीय सूचना आयुक्त के रूप में शपथ ली, राज कुमार गोयल CIC नियुक्त
Published by : ArbindKumar Mishra Updated At : 15 Dec 2025 6:02 PM
प्रभात खबर के पूर्व प्रधान संपादक आशुतोष चतुर्वेदी, फोटो फेसबुक
Ashutosh Chaturvedi: प्रभात खबर के प्रधान संपादक रहे वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष चतुर्वेदी केंद्रीय सूचना आयोग में सूचना आयुक्त नियुक्त किए गए. उन्होंने नई दिल्ली में सोमवार को केंद्रीय सूचना आयुक्त के रूप में शपथ ली. जबकि पूर्व नौकरशाह राज कुमार गोयल ने मुख्य सूचना आयुक्त के रूप में शपथ ली.
Ashutosh Chaturvedi: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के पूर्व अधिकारी राज कुमार गोयल को मुख्य सूचना आयुक्त (सीआईसी) के रूप में सोमवार को शपथ दिलाई. कार्मिक मंत्रालय ने बताया- केंद्र सरकार ने 15 दिसंबर, 2025 की दोपहर से आशुतोष चतुर्वेदी, पीआर रमेश, संजीव कुमार जिंदल, खुशवंत सिंह सेठी, सुरेंद्र सिंह मीना, स्वागत दास, सुधा रानी रेलंगी और जया वर्मा सिन्हा को केंद्रीय सूचना आयोग में सूचना आयुक्त नियुक्त किया है. राष्ट्रपति मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन और कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली समिति ने सभी नामों की सिफारिश की थी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय समिति ने 8 नये सूचना आयुक्त और राज कुमार गोयल को मुख्य सूचना आयुक्त बनाए जाने की सिफारिश की थी. समिति में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल थे.
कौन हैं राज कुमार गोयल?
गोयल अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम-केंद्र शासित प्रदेश (एजीएमयूटी) काडर के 1990 बैच के (सेवानिवृत्त) आईएएस अधिकारी हैं. वह 31 अगस्त को विधि एवं न्याय मंत्रालय के अधीन न्याय विभाग में सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए थे. उन्होंने गृह मंत्रालय में सचिव (सीमा प्रबंधन) के रूप में भी कार्य किया और केंद्र तथा पूर्ववर्ती जम्मू कश्मीर राज्य में महत्वपूर्ण पदों पर आसीन रहे.
13 सितंबर से खाली था मुख्य सूचना आयुक्त का पद
मुख्य सूचना आयुक्त का पद 13 सितंबर को हीरालाल सामरिया का कार्यकाल पूरा होने के बाद रिक्त हुआ था. सूचना कार्यकर्ताओं के अनुसार, नव निर्वाचित मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्तों के कार्यभार संभालने पर 9 वर्षों से अधिक के अंतराल के बाद ऐसा होगा जब आयोग पूरी क्षमता से काम करेगा. आयोग की अध्यक्षता मुख्य सूचना आयुक्त करते हैं और इसमें अधिकतम 10 सूचना आयुक्त हो सकते हैं. वर्तमान में आनंदी रामलिंगम और विनोद कुमार तिवारी सूचना आयुक्त के रूप में कार्यरत हैं.
सूचना आयुक्तों की पूरी सूची
अधिकारियों ने बताया कि रेलवे बोर्ड की पूर्व प्रमुख जया वर्मा सिन्हा, खुफिया ब्यूरो, गृह मंत्रालय और कैबिनेट सचिवालय में महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के पूर्व अधिकारी स्वागत दास, तत्कालीन केंद्रीय सचिवालय सेवा (सीएसएस) अधिकारी संजीव कुमार जिंदल, पूर्व आईएएस अधिकारी सुरेंद्र सिंह मीणा और भारतीय वन सेवा के पूर्व अधिकारी खुशवंत सिंह सेठी की सूचना आयुक्त के रूप में नियुक्ति के लिए सिफारिश की गई थी.
वरिष्ठ पत्रकार पी आर रमेश एवं आशुतोष चतुर्वेदी बने सूचना आयुक्त
वरिष्ठ पत्रकार पी आर रमेश एवं आशुतोष चतुर्वेदी तथा पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) की सदस्य (कानूनी) सुधा रानी रेलंगी को भी समिति द्वारा सूचना आयुक्तों के रूप में नियुक्ति के लिए चुना गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By ArbindKumar Mishra
अरबिंद कुमार मिश्रा वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में एक अनुभवी पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. अप्रैल 2011 से संस्थान का हिस्सा रहे अरबिंद के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर और डेस्क एडिटर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह नेशनल और इंटरनेशनल डेस्क की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ एक पूरी शिफ्ट का नेतृत्व (Shift Lead) भी कर रहे हैं. विशेषज्ञता और अनुभव अरबिंद की लेखनी में खबरों की गहराई और स्पष्टता है. उनकी मुख्य विशेषज्ञता इन क्षेत्रों में है. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामले: वैश्विक राजनीति और देश की बड़ी घटनाओं पर पैनी नजर. खेल पत्रकारिता: झारखंड में आयोजित 34वें नेशनल गेम्स से लेकर JSCA स्टेडियम में हुए कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव. झारखंड की संस्कृति: राज्य की कला, संस्कृति और जनजातीय समुदायों की समस्याओं और उनकी जीवनशैली पर विशेष स्टोरीज. पंचायतनामा: ग्रामीण विकास और जमीनी मुद्दों पर 'पंचायतनामा' के लिए विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग. करियर का सफर प्रभात खबर डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरबिंद ने पत्रकारिता के हर आयाम को बखूबी जिया है. डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझने से पहले उन्होंने आकाशवाणी (All India Radio) और दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में एंकरिंग के जरिए अपनी आवाज और व्यक्तित्व की छाप छोड़ी है. शिक्षा और योग्यता UGC NET: अरबिंद मिश्रा ने यूजीसी नेट (UGC NET) उत्तीर्ण की है. मास्टर्स (MA): रांची यूनिवर्सिटी के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग से एमए की डिग्री. ग्रेजुएशन: रांची यूनिवर्सिटी से ही मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में स्नातक.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










