20.1 C
Ranchi

BREAKING NEWS

Advertisement

पंजाब में दिग्गजों को हराकर खम ठोकने वाले भगवंत मान मंत्रिमंडल से गायब, नए-नवेले चेहरों को दिया गया मौका

भगवंत सिंह मान ने ट्विटर पर लिखा, 'पंजाब की जनता ने हम सबको बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी दी है, हमें दिन-रात मेहनत कर लोगों की सेवा करनी है, पंजाब को एक ईमानदार सरकार देनी है. हमें रंगला पंजाब बनाना है. '

चंडीगढ़ : पंजाब में भगवंत सिंह मान सरकार के मंत्रिमंडल का आज शनिवार को विस्तार होना है. अब से कुछ देर बाद ही करीब 11 बजे मंत्रिमंडल के करीब 10 सदस्य शपथ लेंगे. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बीते 16 मार्च को ही शहीदे आजम भगत सिंह के गांव खटकड़ कलां में शपथ ग्रहण किया था. सबसे बड़ी बात यह है कि भगवंत सिंह मान के मंत्रिमंडल में उन नेताओं को किनारा कर दिया गया है, जिन्होंने पंजाब के दिग्गज नेताओं को अच्छे-खासे मतों से पराजित कर अपना खम ठोका है. इसमें एकमात्र महिला बलजीत कौर के साथ बाकी के नए-नवेले चेहरों को जगह दी गई है.

11 बजे 10 मंत्री लेंगे शपथ

पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार में 10 विधायक शनिवार को मंत्री पद की शपथ लेंगे, जिनमें एक महिला मंत्री भी होगी. अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की कैबिनेट के मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को सुबह 11 बजे पंजाब राजभवन में आयोजित होगा. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपने मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले 10 विधायकों के नाम और उनकी तस्वीर टि्वटर पर साझा करते हुए बताया कि नया मंत्रिमंडल कल शपथ ग्रहण करेगा.

हमें रंगला पंजाब बनाना है : मान

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब का नया मंत्रिमंडल आज शपथ ग्रहण करेगा. पंजाब की आप सरकार में शामिल होने वाले सभी मंत्रियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं. पंजाब की जनता ने हम सबको बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी दी है, हमें दिन-रात मेहनत कर लोगों की सेवा करनी है, पंजाब को एक ईमानदार सरकार देनी है. हमें रंगला पंजाब बनाना है.

एक महिला समेत 10 मंत्री

पंजाब की नयी सरकार में जो नेता मंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं उसमें आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता हरपाल सिंह चीमा प्रमुख हैं. इस नई सरकार में बलजीत कौर एकमात्र महिला मंत्री होंगी. इसके अलावा हरभजन सिंह ईतो, विजय सिंघला, लाल सिंह कटरौचक, गुरमीत सिंह मीत हायर, कुलदीप सिंह धालीवाल, लालजीत सिंह भुल्लर, ब्रह्म शंकर और हरजोत सिंह बैंस भी मंत्री पद की शपथ लेंगे. पंजाब कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत 18 मंत्री हो सकते हैं.

Also Read: 11 बजे शपथ लेंगे पंजाब के 10 मंत्री, कैबिनेट की पहली बैठक 12:30 बजे
दोपहर में कैबिनेट की पहली बैठक होगी

सूत्रों का कहना है कि शपथ ग्रहण करने के बाद मंत्री अपना पदभार संभालेंगे और दोपहर के समय आप सरकार की पहली कैबिनेट बैठक होगी. पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने गत बुधवार को मान को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई थी. इस बार के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को 117 सदस्यीय विधानसभा में कुल 92 सीटें हासिल हुईं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Advertisement

अन्य खबरें