मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव: अनुसूचित जाति के वोट बैंक पर बीजेपी की नजर, खुद पहुंच रहे हैं पीएम मोदी

Published by : Amitabh Kumar Updated At : 11 Aug 2023 9:17 AM

विज्ञापन

New Delhi: Prime Minister Narendra Modi with BJP National President JP Nadda during the BJP Parliamentary party meeting, in New Delhi, Tuesday, Aug. 8, 2023. (PTI Photo/Vijay Verma)(PTI08_08_2023_000023B)

MP Election 2023 : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पिछले दिनों जानकारी दी थी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 अगस्त को मध्य प्रदेश के सागर जिले में संत रविदास स्मारक मंदिर के शिलान्यास समारोह में हिस्सा लेंगे.

विज्ञापन

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के कुछ महीने ही बच गये हैं. बीजेपी भी कांग्रेस के साथ-साथ चुनावी रण में कूद चुकी है. पार्टियों के शीर्ष नेता प्रदेश का लगातार दौरा कर रहे हैं. इस क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 अगस्त को मध्य प्रदेश का दौरा करेंगे और इस दौरान विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे तथा संत शिरोमणि गुरुदेव रविदास स्मारक स्थल पर भूमि पूजन करेंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी एक बयान में यह जानकारी दी गयी है.

पीएमओ के मुताबिक, प्रधानमंत्री इस यात्रा के दौरान 1,580 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित की जाने वाली दो सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, 2,475 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किये गये एक रेल मार्ग के दोहरीकरण का लोकार्पण करेंगे और 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित होने वाले संत शिरोमणि गुरुदेव रविदास स्मारक का शिलान्यास करेंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर के समय सागर जिला पहुंचेंगे, जहां वह संत रविदास स्मारक स्थल पर भूमि पूजन करेंगे. इसके बाद वह धाना में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेंगे, जहां वह संत रविदास स्मारक का शिलान्यास करेंगे.

15 फीसदी मतदाता अनुसूचिज जाति वर्ग के

मध्य प्रदेश में 15 फीसदी मतदाता अनुसूचिज जाति वर्ग के हैं जिसे अपने पक्ष में करने का प्रयास कांग्रेस और बीजेपी कर रही है. प्रदेश की कुल 230 विधानसभा सीट में से 35 सीटें अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित हैं, वहीं 20 सीट से भी अधिक पर अनुसूचित जाति वर्ग के मतदाताओं का प्रभाव नजर आता है. यही वजह है कि आदिवासी वर्ग के बाद बीजेपी अनुसूचित जाति वर्ग पर अपना ध्यान केंद्रित कर रही है.

संत रविदास स्मारक मंदिर के शिलान्यास समारोह में शामिल होंगे पीएम मोदी

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पिछले दिनों कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 अगस्त को मध्य प्रदेश के सागर जिले में संत रविदास स्मारक मंदिर के शिलान्यास समारोह में हिस्सा लेंगे. उन्होंने कहा कि संत रविदास के सम्मान में राज्य में पांच स्थानों से यात्रा निकाली है जिसका समापन सागर जिले में होगा. मीडिया से बात करते हुए सीएम चौहान ने कहा था कि यह खुशी की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 अगस्त को संत रविदास स्मारक मंदिर के शिलान्यास समारोह में हिस्सा लेंगे.

Also Read: Explainer: मध्य प्रदेश में आदिवासी वोट को नाराज करके नहीं बना सकती कोई भी पार्टी सरकार, जानें क्या है समीकरण

आपको बता दें कि संत शिरोमणि श्री रविदास स्मारक निर्माण समरसता यात्रा सिंगरौली, बालाघाट, श्योपुर, धार और नीमच से शुरू हुई है और इसका समापन सागर जिले के बडतूमा में होगा, जहां संत रविदास के सम्मान में भव्य स्मारक और मंदिर का निर्माण किया जाएगा. सीएम चौहान ने जानकारी दी थी कि यात्रा के दौरान मध्य प्रदेश के 53 हजार गांवों से मिट्टी और 315 नदियों से जल एकत्र किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यात्रा के साथ एक रथ भी चलेगा जो संत रविदास के जीवन पर केंद्रित होगा.

11.25 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में संत रविदास स्मारक का निर्माण

पीएमओ ने कहा कि प्रमुख संतों और समाज सुधारकों को सम्मानित करना, प्रधानमंत्री द्वारा किये गये कार्यों की एक विशेष पहचान रही है और उनकी दूरददृष्टि से प्रेरित होकर 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 11.25 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में संत रविदास स्मारक का निर्माण किया जाएगा. इस भव्य स्मारक में संत रविदास के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं को प्रदर्शित करने के लिए एक प्रभावशाली कला संग्रहालय और कला दीर्घा भी होगी. इस स्मारक पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भक्त निवास, भोजनालय आदि सुविधाएं भी होंगी. कार्यक्रम के दौरान, प्रधानमंत्री 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क क्षेत्र की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे.

Also Read: मध्य प्रदेश चुनाव के पहले अमित शाह एक्टिव, देर रात इन नेताओं के साथ की बैठक

प्रधानमंत्री कोटा-बीना रेल मार्ग के दोहरीकरण के पूरा होने को चिन्हित करने वाली परियोजना का लोकार्पण करेंगे. पीएमओ ने कहा कि 2,475 करोड़ रुपये से अधिक की अनुमानित लागत से निर्मित यह परियोजना, राजस्थान के कोटा और बारां जिले तथा मध्य प्रदेश के गुना, अशोकनगर और सागर जिलों से होकर गुजरती है. पीएमओ के मुताबिक अतिरिक्त रेल लाइन बेहतर परिवहन के लिए क्षमता में वृद्धि करेगी और इस मार्ग पर ट्रेन की गति में सुधार करने में भी मदद करेगी. प्रधानमंत्री 1,580 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित की जाने वाली दो सड़क परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे. इनमें मोरीकोरी-विदिशा-हिनोतिया को जोड़ने वाली चार लेन की सड़क परियोजना और हिनोतिया को मेहलुवा से जोड़ने वाली सड़क परियोजना शामिल है.

भाषा इनपुट के साथ

विज्ञापन
Amitabh Kumar

लेखक के बारे में

By Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola