झारखंड की सलीमा टेटे बनीं भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 03 May 2024 12:11 AM
<P>झारखंड (सिमडेगा) की हॉकी ओलिंपियन सलीमा टेटे को भारतीय महिला हॉकी टीम का कप्तान बनाया गया है. हॉकी इंडिया ने गुरुवार को 24 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा
झारखंड (सिमडेगा) की हॉकी ओलिंपियन सलीमा टेटे को भारतीय महिला हॉकी टीम का कप्तान बनाया गया है. हॉकी इंडिया ने गुरुवार को 24 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा की. भारतीय टीम एफआइएच हॉकी प्रो लीग 2023-24 के बेल्जियम और इंग्लैंड चरण में हिस्सा लेगी. बेल्जियम चरण 22 से 26 मई तक चलेगा, जबकि इंग्लैंड चरण एक जून से शुरू होगा और 9 जून को समाप्त होगा. भारत का सामना पहले चरण में दो बार अर्जेंटीना और बेल्जियम से होगा. वहीं, लंदन चरण में टीम ब्रिटेन और जर्मनी से खेलेगी.
नयी भूमिका का इंतजार कर रही हूं :
कप्तान नियुक्त किये जाने के बाद सलीमा ने कहा : मुझे खुशी है कि मुझे टीम का नेतृत्व करने के लिए नियुक्त किया गया है. यह एक बड़ी जिम्मेदारी है और मैं इस नयी भूमिका का इंतजार कर रही हूं. हमारे पास एक मजबूत टीम है. इसमें अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का मिश्रण है. एफआइएच हॉकी प्रो लीग के बेल्जियम और इंग्लैंड चरणों में हम अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं. सलीमा ने आगे कहा : हमने कैंप में कड़ा प्रशिक्षण लिया है. हमने उन क्षेत्रों पर काम किया है, जहां हमें सुधार की जरूरत थी. मुझे यकीन है कि हम अच्छा प्रदर्शन करेंगे और अच्छे नतीजे हासिल करेंगे.प्लेयर ऑफ द ईयर रह चुकी हैं सलीमा :
सलीमा टेटे को हाल ही में छठे हॉकी इंडिया वार्षिक पुरस्कार 2023 के महिला वर्ग में प्लेयर ऑफ द ईयर 2023 से सम्मानित किया जा चुका है. इस पुरस्कार के लिए उन्हें 25 लाख रुपये नकद और प्रतिष्ठित हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर पुरस्कार दिया गया था.पिता किसान, माता गृहिणी हैं :
सिमडेगा के बड़कीछापर की रहनेवाली सलीमा का परिवार आज भी गांव में मिट्टी के मकान में रहता है. उनके पिता सुलक्सन टेटे और भाई अनमोल लकड़ा खेती करते हैं. मां सुबानी टेटे गृहिणी हैं. सलीमा की चार बहनें इलिसन, अनिमा, सुमंती और महिमा टेटे हैं. उनकी छोटी बहन महिमा भी हॉकी खेलती हैं और राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करती हैं.टीम में झारखंड की चार खिलाड़ी :
भारतीय महिला हॉकी टीम में कप्तान सलीमा टेटे समेत झारखंड की चार खिलाड़ियों को शामिल किया गया है. अन्य खिलाड़ियों में दो बार की ओलिंपियन निक्की प्रधान (डिफेंडर), जबकि फॉरवर्ड संगीता कुमारी और दीपिका सोरेंग को भी टीम में शामिल किया गया है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










