Weather Forecast Live Updates: दिल्ली लू से बेहाल, जानें बिहार-झारखंड सहित अन्य राज्य के मौसम का हाल
Weather Forecast Today LIVE Updates: बिहार और झारखंड में बारिश के आसार नजर आ रहे हैं. इधर अगले तीन दिनों तक दिल्ली और आस-पास के क्षेत्रों में लू की स्थिति जारी रहने की उम्मीद है. राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है. जानें अन्य राज्यों में आज कैसा रहने वाला है मौसम
हरियाणा, पंजाब में कई स्थानों पर भीषण गर्मी
हरियाणा और पंजाब में कई स्थानों पर लोगों को रविवार को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा और दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में दोनों राज्यों में भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिलने का अनुमान जताया है क्योंकि क्षेत्र के ज्यादातर हिस्सों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
जम्मू में भीषण गर्मी से राहत नहीं
जम्मू कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में तापमान सामान्य से कई डिग्री ऊपर बना हुआ है. मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर के कई भागों में तीन से पांच मई के बीच हल्की से मध्यम बारिश अथवा बर्फबारी का अनुमान जताया है.
छह मई तक इलाके में कम दबाव का क्षेत्र
कोलकाता के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के उप महानिदेशक संजीब बंदोपाध्याय ने कहा कि चार मई को दक्षिण अंडमान सागर में चक्रवाती परिस्थितियां बन सकती हैं जिन पर हम नजर रख रहे हैं. इससे छह मई तक इलाके में कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है और उसके अगले 24 घंटे में यह और गहरा हो सकता है.
गुजरात: गिर सोमनाथ जिले में भूकंप
गुजरात के गिर सोमनाथ जिले के एक गांव में सोमवार सुबह दो बार भूकंप के झटके महसूस किये गये. अधिकारियों ने बताया कि दो बार आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर क्रमश: चार और 3.2 मापी गई. जिला प्रशासन ने बताया कि वेरावल जिला मुख्यालय से 25 किलोमीटर दूर स्थित तलाला गांव के लोग भूकंप आने पर घरों से बाहर निकल आये.
बंगाल में हवा का रुख बदलने के कारण गर्मी में कमी
हवा के रुख में बदलाव और बंगाल की खाड़ी से नमी की स्थिति बनने के कारण पश्चिम बंगाल में दक्षिणी और पश्चिमी जिलों में गर्मी का प्रकोप कम हो रहा है. मौसम विभाग ने कहा कि वह दक्षिण अंडमान सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना पर नजर रख रहा है.
हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना
मौसम कार्यालय ने कहा कि अगले चार दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में धूल भरी आंधी, गरज और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए