Jharkhand Breaking News: गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे के आवास पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह, माता-पिता से मिले
Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बनें हमारे साथ…
गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे के आवास पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह, माता-पिता से मिले

देवघर : गृह मंत्री अमित शाह के आरके मिशन के कार्यक्रम से निकलने के बाद सीधे गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे के आवास शिवधाम पहुंचे. यहां गृह मंत्री ने सांसद डॉ निशिकांत के पिता राधेश्याम दुबे और वीणा दुबे से मुलाकात कर काफी देर तक बातचीत की. इस दौरान सांसद के आग्रह पर गृह मंत्री ने चाय और नाश्ता भी किया. चाय पर चर्चा के दौरान सांसद ने गृहमंत्री को देवघर व आसपास के इलाकों में आध्यात्मिक स्थल व स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी कई इतिहास से अवगत कराया. गृह मंत्री ने सांसद के आवास में नाश्ते में बीकानेर स्वीट्स का समोसा व टिकिया चाट का सेवन किया.
झारखंड प्रदेश बस ऑनर एसोसिएशन के दोबारा अध्यक्ष बने सच्चिदानंद सिंह
हजारीबाग (आरिफ) : सच्चिदानंद सिंह को झारखंड प्रदेश बस ऑनर एसोसिएशन का दोबारा प्रदेश अध्यक्ष चुने गये. उनका कार्यकाल पांच साल के लिए होगा. हजारीबाग में बस ऑनर एसोसिएशन कार्यकारिणी की बैठक में सभी सदस्यों ने उन्हें अध्यक्ष चुनाव. अब प्रदेश अध्यक्ष सच्चिदानंद सिंह नई कार्यकारिणी का गठन करेंगे. इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष सच्चिदानंद सिंह ने कहा कि अपने अधिकार के लिए संगठन को मजबूत करना है. उन्होंने बाकी जिले में भी जिला बस ऑनर एसोसिएशन के गठन करने पर जोर दिया. वहीं, उपाध्यक्ष संजय कुमार पांडेय ने कहा कि कोविड-19 के तीन साल बाद जिला कार्यकारिणी की बैठक करने का निर्णय लिया गया. इसकी पहली मेजबानी हजारीबाग ने की है. कोविड के बाद जिला कार्यकारिणी की पहली बैठक हजारीबाग में हुई है. उन्होंने कहा कि अब सभी बैठकें नियमित होंगी. इसमें बस मालिकों की समस्या एवं इसके निदान पर चर्चा के बाद निर्णय होगा. महामंत्री प्रदीप कुमार ने कहा कि राज्य स्तर पर एक संगठन झारखंड प्रदेश बस ओनर एसोसिएशन होगा. बाकी जिलों में ब्रांच के तौर पर जिला बस ऑनर एसोसिएशन होगा. इस निर्णय को सभी बस मालिकों ने स्वागत किया है. हजारीबाग जिला अध्यक्ष जीवन गोप ने बैठक की मेजबानी की. महासचिव प्रदीप प्रसाद ने स्वागत भाषण दिये एवं अतिथियों का परिचय कराया. जिले के सभी बस मालिकों ने बैठक को सफल बनाया है. मौके पर बबलू कुमार, बरुण बिहारी, सरोज मेहता, सुबोध सिन्हा, भरत सिंह, अशोक कुमार पप्पू, मोती, विजय यादव, विनय कुमार सिन्हा सहित खुटीं, गुमला, रामगढ़, रांची, चाईबासा, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, पलामू, धनबाद, बोकारो एवं अन्य जिलों के बस संचालक मौजूद थे.
पुणे में गोमिया के एक युवक की मौत, परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल
ललपनिया : बोकारो जिला अंतर्गत गोमिया प्रखंड के हुरलूंग गांव निवासी 35 वर्षीय रफीक अंसारी उर्फ मुमताज की पुणे में मौत हो गयी. बताया गया कि काम करने के दौरान रफीक की मौत चोट लगने से हुई. मृतक के पिता का नाम इब्राहिम अंसारी है. बतया गया कि रफीक अंसारी मजदूरी करने पुणे गया था. एक कंपनी में वेल्डर के काम के दौरान एक मशीन के पलटने से सर में चोट लग गयी. चोट लगने से कार्य स्थल में गिर गया. आनन-फानन में कार्य कर रहे अन्य साथियों ने निकट के अस्पताल में प्राथमिक इलाज के दाखिल किया. सर में काफी चोट होने की वजह से उसका सिटी स्कैन किया गया और इलाज शुरू किया, तो कुछ घटों के बाद मौत हो गयी. इसकी तत्काल सूचना स्थानीय पुलिस को दी गयी. मृतक के तीन छोटे-छोटे बच्चे है. युवक की मौत पर किसान सभा के भुनेश्वर महतो, दुलार चनंद महतो,ने दुख व्यक्त करते हुए झारंखड सरकार से मृतक के आश्रित परिवार को पांच लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है. इधर, रफीक की मौत के बाद उसके गांव में मातम पसर गया है.
देवघर के गंगटी गांव में दो बच्चों के साथ मां ने ट्रेन से कटकर दी जान
देवघर : जसीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगटी गांव के समीप एक महिला ने दो बच्चों के साथ ट्रेन से कटकर जान दे दी. ट्रैक पर शव मिलने की सूचना पर जसीडीह थाना की पुलिस माैके पर पहुंची, तो ट्रैक पर क्षत-विक्षत अवस्था में महिला और उसके दोनों बच्चों का शव बरामद किया. शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मृतका की पहचान जमुई जिला अंतर्गत चकाई थाना क्षेत्र के भितिया गांव निवासी चंदन कुमार ने अपनी बड़ी बहन प्रमिला देवी के रूप में की, जबकि उसके साथ मरने वाले दोनों बच्चे 12 वर्षीय नितेश कुमार और आठ वर्षीय अजीत कुमार थे. मृतका का ससुराल गिरिडीह जिला के देवरी थाना क्षेत्र अंतर्गत माधोपुर है. उसका पति मोहन यादव सूरत में मजदूरी करता है. तीन फरवरी की शाम वह अपने ससुराल माधोपुर से बच्चों के बाल कटवाने की बात कहकर निकली थी. देर शाम तक वह घर नहीं पहुंची, तो ससुराल वालों ने खोजबीन शुरू कर दी और सूचना मायके वालों को भी दी. मायके के लोग भी अपने स्तर से खोजबीन में जुट गये. इस बीच शनिवार की सुबह जसीडीह थाना में संपर्क साधा, तो ग्रामीणों की सूचना पर छोटे भाई चंदन कुमार ने अपनी बहन प्रमिला देवी, भगीना नितेश और अजित के तौर पर पहचान की.
रामगढ़ उपचुनाव को लेकर वाहनों की जांच में एक कार से मिले 6 लाख रुपये
रामगढ़ : रामगढ विधानसभा उपचुनाव को लेकर वाहनों की सघन जांच की जा रही है. इसी के तहत शनिवार को चुट्टूपालू में विशेष जांच दस्ता ने छह लाख रुपये जब्त किया. जांच टीम ने एक कार से छह लाख रुपये बरामद की है. इस जांच दल में मजिस्ट्रेट हरिसिंह मुंडा, अनि धनंजय प्रसाद, अनि प्यारे हसन, अनि अभय कृष्ण गिरि और सदलबल शामिल थे.
पलामू के खरार गांव में यज्ञ शुरू होने से पहले यज्ञशाला की कुटिया में लगी आग
पलामू : हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र के खरार पर गांव में यज्ञ के पूर्व शनिवार को यज्ञशाला परिसर में बने कुटिया में अचानक आग लग गई. इस अगलगी में कई साधु और संतो की बनी कुटिया जलकर राख हो गई. कुटिया में रखे अनाज और अन्य पूजन सामग्री भी जल गये. आग लगने के बाद ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग लगने की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. जानकारी के अनुसार, 20 फरवरी से 29 फरवरी तक श्री रामचरितमानस यज्ञ शुरू होने वाली थी. करीब चार बजे संत का प्रवचन चल रहा था. अचानक आग की लपटें देखकर प्रवचन में बैठे लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. तत्काल लोगों ने सूझबूझ से यज्ञशाला में आग नहीं फैलने नहीं दिया. आग लगने के कारण का पता नहीं चला है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए