ऑफिस में कहां बैठते हैं? आपकी सीट तय कर सकती है तरक्की, जानें वास्तु के आसान नियम

Office Vastu Tips
क्या आप जानते हैं कि ऑफिस में आपकी सीट की दिशा आपकी तरक्की पर असर डाल सकती है? वास्तु शास्त्र के अनुसार जानें किस दिशा में बैठना शुभ माना जाता है.
Office Vastu Tips: ऑफिस केवल काम करने की जगह नहीं, बल्कि वह स्थान है जहां हम अपने करियर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए रोज मेहनत करते हैं. कई लोग मानते हैं कि सफलता सिर्फ कड़ी मेहनत से मिलती है, लेकिन वास्तु शास्त्र के अनुसार कार्यस्थल का वातावरण और बैठने की सही दिशा भी व्यक्ति की एकाग्रता, आत्मविश्वास और कार्यक्षमता पर सकारात्मक प्रभाव डाल सकती है. अगर आप चाहते हैं कि ऑफिस में काम के दौरान मन लगा रहे और बेहतर प्रदर्शन कर सकें, तो कुछ आसान वास्तु नियमों पर ध्यान देना फायदेमंद माना जाता है.
उत्तर या पूर्व दिशा की ओर बैठना माना जाता है शुभ
वास्तु शास्त्री बिमलेश कुमार के अनुसार ऑफिस में बैठते समय यदि आपका मुख उत्तर या पूर्व दिशा की ओर हो, तो इसे शुभ माना जाता है. पूर्व दिशा को नई शुरुआत और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है, जबकि उत्तर दिशा को अवसर और प्रगति से जोड़ा जाता है. इन दिशाओं की ओर बैठकर काम करने से एकाग्रता बढ़ने और निर्णय लेने की क्षमता बेहतर होने की मान्यता है.
डेस्क को रखें साफ और व्यवस्थित
काम करने की जगह जितनी व्यवस्थित होगी, उतना ही मन काम में लगेगा. बेवजह की फाइलें, पुराने कागज और बिखरा हुआ सामान न केवल जगह घेरते हैं, बल्कि मानसिक तनाव भी बढ़ा सकते हैं. इसलिए अपनी डेस्क को हमेशा साफ और व्यवस्थित रखने की आदत डालें.
रंगों का भी पड़ता है प्रभाव
वास्तु में रंगों का विशेष महत्व बताया गया है. डेस्क पर सफेद और हरे रंग की छोटी-छोटी सजावटी चीजें, पौधे या स्टेशनरी रखने से सकारात्मक माहौल बनाने में मदद मिल सकती है. हरा रंग ताजगी और विकास का प्रतीक माना जाता है, जबकि सफेद रंग शांति और संतुलन का एहसास कराता है.
डेस्क पर रखें पानी का छोटा बाउल
यदि संभव हो तो अपनी डेस्क पर साफ पानी से भरा एक छोटा कांच का बाउल या जार रखें. इसमें रंग-बिरंगे छोटे पत्थर या ताजे फूल सजाए जा सकते हैं. पानी को नियमित रूप से बदलते रहें. वास्तु मान्यताओं के अनुसार यह सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने का प्रतीक माना जाता है.
सकारात्मक माहौल भी है जरूरी
सिर्फ दिशा या सजावट ही नहीं, बल्कि ऑफिस का माहौल भी आपकी कार्यक्षमता को प्रभावित करता है. सहकर्मियों के साथ अच्छा व्यवहार, समय पर काम पूरा करना और सकारात्मक सोच भी करियर में आगे बढ़ने के लिए उतने ही जरूरी हैं.
यह भी पढ़ें: चकला-बेलन से जुड़ी ये गलतियां घर में ला सकती हैं गरीबी, जानिए क्या कहता है वास्तु शास्त्र
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By पुष्पांजलि
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










