बेड के पास दवाई रखते हैं तो सावधान, वास्तु में है बड़ी मनाही
सिरहाने के पास दवाइयां रखकर सोती महिला की सांकेतिक फोटो
क्या आप दवाइयां कहीं भी रख देते हैं? वास्तु के अनुसार जानें दवाइयां रखने की सही जगह और उन जगहों से बचें जहां इन्हें रखना अशुभ है.
दवाइयां घर की जरूरी चीजों में शामिल होती हैं. बुखार, सिरदर्द या दूसरी छोटी-बड़ी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए इन्हें घर में रखना आम बात है. वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ बाबा बिमलेश बताते हैं कि अक्सर लोग सुविधा के लिए दवाइयों को बेड के पास, तकिए के नीचे या सिरहाने रख देते हैं, ताकि रात में जरूरत पड़ने पर इन्हें आसानी से लिया जा सके. हालांकि, वास्तु शास्त्र में दवाइयों को रखने की जगह को लेकर कुछ मान्यताएं बताई गई हैं. माना जाता है कि घर में चीजों को सही जगह रखने से सकारात्मक माहौल बनाए रखने में मदद मिलती है. आइए जानते हैं वास्तु के अनुसार दवाइयां कहां रखनी चाहिए और किन जगहों से इन्हें दूर रखना बेहतर माना जाता है.
सिरहाने या तकिए के नीचे न रखें दवाइयां
वास्तु मान्यताओं के अनुसार दवाइयों को सोने की जगह के बिल्कुल पास रखना अच्छा नहीं माना जाता. कई लोग रात में तुरंत इस्तेमाल के लिए इन्हें तकिए के नीचे या बेड के किनारे रख देते हैं. मान्यता है कि दवाइयां बीमारी से जुड़ी होती हैं, इसलिए इन्हें लगातार सिरहाने के पास रखने से कमरे का माहौल प्रभावित हो सकता है. इससे बेचैनी और मानसिक तनाव बढ़ने की बात कही जाती है.
रसोई में दवाइयां रखने से बचें
रसोई में खाना बनाया जाता है और इसे घर का महत्वपूर्ण स्थान माना जाता है. वास्तु के अनुसार यहां दवाइयां रखने से बचना चाहिए. दवाइयों को रसोई के मसालों, राशन या खाने-पीने की चीजों के साथ रखने के बजाय इनके लिए अलग जगह बनाना बेहतर माना जाता है.
पूजा घर के आसपास भी न रखें
पूजा स्थल को घर में शांत और सकारात्मक जगह माना जाता है. इसलिए वास्तु मान्यताओं के अनुसार दवाइयों को पूजा घर के अंदर या उसके आसपास रखने से बचना चाहिए. इन्हें किसी साफ अलमारी या निर्धारित कैबिनेट में रखना ज्यादा व्यवस्थित तरीका हो सकता है.
तिजोरी या पैसे रखने वाली जगह से रखें दूर
वास्तु में दवाइयों को पैसे, गहने और दूसरी कीमती चीजों के साथ रखने को भी उचित नहीं माना जाता. ऐसी मान्यता है कि इससे आर्थिक परेशानियां और बेवजह के खर्च बढ़ सकते हैं.
दवाइयां रखने के लिए कैसी जगह चुनें?
दवाइयों के लिए घर में एक अलग, साफ और सूखी जगह तय करना सबसे सुविधाजनक रहता है. जरूरी दवाइयां आसानी से मिलने वाली जगह पर रखें, लेकिन बच्चों की पहुंच से दूर रखें. एक्सपायरी डेट वाली दवाइयों को समय-समय पर अलग करना भी जरूरी है. इस तरह दवाइयां व्यवस्थित रहेंगी और जरूरत के समय उन्हें ढूंढने में परेशानी नहीं होगी.
यह भी पढ़ें: वाटर फाउंटेन से लेकर एक्वेरियम तक, घर में कहां रखना माना जाता है शुभ? जानें सही दिशा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए