बच्चों को रोज ब्रेड-जैम खिलाकर स्कूल भेजने की जरूरत नहीं, सिर्फ 10 से 15 मिनट में बनाएं ये 5 तरह के टेस्टी चिल्ले

Updated:
विज्ञापन

सुबह के नाश्ते के लिए मिनटों में बनने वाली चिल्ला की रेसिपी AI image

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Instant Chilla Recipe: सुबह बच्चों को स्कूल भेजने की जल्दी में अगर आपको भी रोज नाश्ते की टेंशन रहती है, तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। आज हम आपके लिए 5 ऐसे आसान और इंस्टेंट बनने वाले चिल्ला लेकर आए हैं, जिन्हें आप महज कुछ ही मिनटों में बनाकर पूरे परिवार को खुशी-खुशी खिला सकते हैं.

विज्ञापन

Instant Chilla Recipe: सुबह-सुबह जब अलार्म बजता है और बच्चों को स्कूल भेजने की हड़बड़ी रहती है, तो अक्सर यह समझ में ही नहीं आता कि इतने कम समय में नाश्ते में क्या बनाया जाए. इस समय अक्सर हम ऐसी चीजें ही तलाशते हैं जो सिर्फ जल्दी बनकर तैयार न हो जाएं, बल्कि इनका स्वाद भी ऐसा होना चाहिए कि बच्चे खुशी-खुशी इन्हें खाएं. अक्सर इस हड़बड़ी के बीच हम अपने बच्चों को ब्रेड-जैम या फिर कॉर्नफ्लेक्स खिलाकर स्कूल भेज देते हैं. ये पेट तो भर देते हैं, लेकिन कुछ ही देर बाद बच्चों को दोबारा भूख लगने लगती है और उन्हें लंच ब्रेक का इंतजार करना पड़ जाता है.

विज्ञापन

अगर आपके साथ भी आए दिन ऐसा ही होता है तो अब आपको सुबह के नाश्ते की टेंशन लेने की जरूरत बिल्कुल भी नहीं है. आज हम आपको मिनटों में बनने वाली चीला की रेसिपी बताने जा रहे हैं, जिन्हें आप महज 10 से 15 मिनट में तैयार कर सकते हैं. चिल्ला एक ऐसी आसान रेसिपी है जो बच्चों के स्कूल टिफिन से लेकर बड़ों की छोटी मोटी भूख तक, हर मौके पर एकदम परफेक्ट बैठती है. तो चलिए जानते हैं 5 ऐसे आसान और मिनटों में बनने वाले चिल्ला रेसिपीज के बारे में जिन्हें सिर्फ बच्चे ही नहीं बल्कि बड़े भी उंगलियां चाटते हुए खाएंगे.

हर घर में बनता है बेसन का सिंपल चिल्ला

बेसन का चिल्ला एक ऐसी रेसिपी है जिसे लगभग सभी घरों में बनाया और पसंद किया जाता है. यह प्रोटीन से भरपूर होता है और जब बच्चे इसे ब्रेकफास्ट में खाते हैं, तो उन्हें लंबे समय तक भूख नहीं लगती है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक कटोरी बेसन लें और उसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर एक मीडियम बैटर बना लें. अब इसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, थोड़ी सी हल्दी, अजवाइन और स्वाद के हिसाब से नमक डाल दें. इसके बाद एक तवे को गैस पर गरम करें और उस पर हल्का सा तेल लगाएं. अब एक बड़े चम्मच से बैटर को तवे पर डालें और उसे गोल-गोल फैला दें. फिर दोनों तरफ थोड़ा-थोड़ा तेल लगाकर लाइट गोल्डन होने तक सेक लें. आपका गर्मागर्म बेसन चिल्ला तैयार है.

ये भी पढ़ें: खिचड़ी को समझते हैं बोरिंग और बीमारों का खाना? ये 5 टेस्टी रेसिपीज ट्राय करने के बाद बदल जाएगी आपकी सोच

अगर आपको क्रिस्पी पसंद है तो सूजी और दही का चिल्ला

अगर आपको या आपके बच्चों को थोड़ा क्रिस्पी और लाइट नाश्ता पसंद है, तो सूजी और दही का यह चिल्ला आपके लिए सबसे बेहतरीन चॉइस साबित हो सकता है. आप चाहें तो इसे बच्चों के टिफिन में भी पैक करके दे सकते हैं. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक कप सूजी में आधा कप दही और थोड़ा सा पानी मिलाकर 5 मिनट के लिए रख दें, ताकि सूजी अच्छे से फूल जाए. इसके बाद इसमें बारीक कटी शिमला मिर्च, गाजर, टमाटर, हरी मिर्च और नमक मिलाएं. अगर बैटर ज्यादा गाढ़ा लगे, तो थोड़ा पानी और डाल लें. अब गरम तवे पर इसे फैलाएं और धीमी आंच पर दोनों तरफ से क्रिस्पी होने तक सेकें. इसे हरी चटनी के साथ खाकर देखें, आपका सुबह का नाश्ता बेहद मजेदार हो जाएगा.

ट्राय कर सकते हैं मूंग दाल का हेल्दी चिल्ला

मूंग दाल से बने इस चिल्ला को सेहत के लिए बहुत ही फायदेमंद माना जाता है. इसके एक ही चिल्ला में आपको प्रोटीन के साथ-साथ भरपूर फाइबर भी मिल जाता है. अगर आप अपने बढ़े हुए वजन को कम करना चाहते हैं, तो यह चिल्ला आपके लिए सबसे बेस्ट और परफेक्ट ऑप्शन है. इसे बनाना बेहद आसान है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले बिना छिलके वाली मूंग दाल को 15 से 20 मिनट के लिए हल्के गरम पानी में भिगो दें. इसके बाद दाल को हरी मिर्च और एक छोटे टुकड़े अदरक के साथ मिक्सी में पीस लें. अब इस पेस्ट में नमक, चुटकी भर हींग और कटा हुआ हरा धनिया मिलाएं. फिर तवे पर इस बैटर को फैलाएं और थोड़ा सा तेल या घी लगाकर अच्छे से सेक लें. आप चाहें तो इसके अंदर घिसा हुआ पनीर भरकर टेस्टी रोल भी तैयार कर सकते हैं.

ये भी पढ़ें: शाम की चाय का मजा करना है दोगुना? आलू से बनाएं ये 5 चटपटे और क्रिस्पी स्नैक्स, 10 मिनट में होंगे तैयार

बची हुई रोटियों से भी बना सकते हैं चिल्ला

अक्सर ऐसा होता है कि रात को डिनर करने के बाद रोटियां बच ही जाती हैं और अगली सुबह इन्हें कोई खाना ही नहीं चाहता. अगर आपके साथ भी यही किस्सा होता है, तो अब आपको इन रोटियों को फेंकने की जरूरत नहीं पड़ेगी. आप चाहें तो इनका इस्तेमाल करके बच्चों के लिए एक मजेदार चिल्ला आसानी से तैयार कर सकते हैं. इसे बनाने के लिए सबसे पहले बची हुई 2 से 3 रोटियों को हाथ से छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़कर मिक्सी में डालें. फिर इसमें आधा कप बेसन, थोड़ा सा दही, नमक, मिर्च और पानी डालकर मिक्सी में पीस लें और एक स्मूद बैटर बना लें. इसके बाद इस घोल में अपनी पसंद की बारीक कटी सब्जियां, जैसे प्याज और टमाटर मिला लें. अब गरम तवे पर थोड़ा सा तेल लगाकर इसे फैलाएं और दोनों तरफ से अच्छे से सेक लें. इसका स्वाद इतना कमाल का होता है कि कोई खाकर बता भी नहीं पाएगा कि यह बची हुई रोटी से बना है.

फिटनेस फ्रीक्स के लिए ओट्स और सब्जियों का चिल्ला

ओट्स और सब्जियों का चिल्ला उन लोगों के लिए बेस्ट है जो अपनी फिटनेस का बहुत ज्यादा ख्याल रखते हैं. यह चिल्ला आसानी से डाइजेस्ट हो जाता है और दिनभर शरीर को एनर्जी भी देता है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले प्लेन ओट्स को मिक्सी में पीसकर पाउडर बना लें. फिर इस पाउडर में थोड़ा सा बेसन या सूजी मिला लें ताकि चिल्ला बनाते समय टूटे नहीं. इसके बाद पानी डालकर बैटर तैयार करें और फिर इसमें कद्दूकस की हुई गाजर, उबले हुए मटर, प्याज, नमक और काली मिर्च पाउडर मिलाएं. अब तवे पर हल्का सा घी लगाएं, बैटर को फैलाएं और दोनों तरफ से हल्का ब्राउन होने तक सेक लें.

ये भी पढ़ें: न दाल भिगोने की जरूरत न बैटर फर्मेंट करने की टेंशन, सिर्फ 15 मिनट में बनाएं ये 5 तरह के टेस्टी डोसे

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola