न दाल भिगोने की जरूरत न बैटर फर्मेंट करने की टेंशन, सिर्फ 15 मिनट में बनाएं ये 5 तरह के टेस्टी डोसे
15 मिनट में बनने वाले 5 तरह के डोसे AI image
Instant Dosa Recipe: सुबह की भागदौड़ में नाश्ता बनाना कई बार मुश्किल हो जाता है. खासकर जब डोसा खाने का मन हो, लेकिन उसे बनाने का समय न हो। ऐसे में ये 5 इंस्टेंट डोसे आपके काम आ सकते हैं. इन्हें बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगेगा और घरवालों को भी खूब पसंद आएंगे.
Instant Dosa Recipe: सुबह के समय जब हम बच्चों को स्कूल भेजने या फिर खुद ऑफिस के लिए तैयार हो रहे होते हैं, तो हमारी सबसे बड़ी टेंशन यह होती है कि नाश्ते में क्या बनाया जाए? नाश्ते में हम ऐसी चीजें खाना पसंद करते हैं जो न सिर्फ टेस्टी हों, बल्कि हेल्दी भी हों और कम समय में बनकर तैयार भी हो जाएं. ऐसे में अक्सर दिमाग में डोसे का नाम आता है, लेकिन हम इसे इसलिए नहीं बना पाते क्योंकि डोसा बनाने से पहले दाल और चावल को घंटों भिगोकर रखना पड़ता है और फिर इन्हें पीसकर पूरी रात फर्मेंट होने के लिए छोड़ना पड़ता है. लेकिन आज की इस बिजी लाइफस्टाइल में इतना समय किसी के पास नहीं है.
अच्छी बात यह है कि आप चाहें तो सुबह की इस भागदौड़ में बिना बैटर भिगोने या पीसने की टेंशन लिए, सिर्फ 10 से 15 मिनट में 5 अलग-अलग तरह के क्रिस्पी और टेस्टी डोसे बना सकते हैं. ये इंस्टेंट डोसा रेसिपीज आपका समय भी बचाएंगी और घर में बच्चों से लेकर बड़ों तक सबको बहुत पसंद आएंगी. तो चलिए जानते हैं इन्हें बनाने का सबसे आसान तरीका, ताकि जब भी आपका सुबह के नाश्ते में डोसा खाने का मन हो, आप इन्हें मिनटों में ही तैयार कर सकें.
सूजी से बनाएं क्रिस्पी डोसा
अगर आपको चावल और दाल का झंझट नहीं चाहिए तो सूजी से बनने वाला डोसा आपके लिए सबसे बेस्ट चॉइस है. इसे बनाना बहुत ही ज्यादा आसान है और यह खाने में भी उतना ही क्रिस्पी लगता है. इसे बनाने के लिए आपको सबसे पहले एक कप सूजी, आधा कप दही, थोड़ा सा पानी और स्वादानुसार नमक मिलाकर एक बैटर तैयार कर लेना है. अब इस घोल को 5 मिनट के लिए ढककर छोड़ दें ताकि सूजी पानी को अच्छे से एब्जॉर्ब कर ले. इसके बाद इसमें थोड़ा सा जीरा, बारीक कटा हरा धनिया और हरी मिर्च मिला लें. अब डोसा तवे को अच्छे से गर्म करें, थोड़ा सा तेल लगाएं और बैटर को तवे पर फैलाएं. जब डोसा नीचे से हल्का ब्राउन और क्रिस्पी हो जाए, तो इसे रोल करके उतार लें. इसे आप नारियल की चटनी या टोमैटो केचप के साथ मजे से खा सकते हैं.
प्रोटीन से लोडेड बेसन और सूजी का डोसा
बेसन में प्रोटीन होने की वजह से इसे हमारी सेहत के लिए बहुत ही फायदेमंद माना जाता है. अगर आपके पास सुबह बिल्कुल भी समय नहीं है नाश्ता तैयार करने का, तो ऐसे में आप बेसन से भी डोसा तैयार कर सकते हैं. बेसन का डोसा बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में एक कप बेसन, दो चम्मच सूजी, एक चुटकी हल्दी, नमक और पानी मिलाकर एक स्मूद बैटर तैयार कर लें. अगर आप इसे और भी ज्यादा टेस्टी बनाना चाहते हैं, तो इसमें बारीक कटा प्याज, शिमला मिर्च और टमाटर भी डाल सकते हैं. अब एक गर्म तवे पर बैटर को फैलाएं, थोड़ा सा तेल लगाएं और दोनों तरफ से अच्छे से सेक लें. यह डोसा बच्चों के टिफिन के लिए एकदम परफेक्ट चॉइस है.
ये भी पढ़ें: टिफिन खोलते ही बच्चा बनाने लगता है मुंह? 10 मिनट में बनाएं ये 5 मजेदार और टेस्टी रेसिपीज
घर पर बनाएं रेस्टोरेंट जैसा चावल के आटे का जालीदार डोसा
अगर आप उन लोगों में से हैं जिन्हें साउथ इंडियन रेस्टोरेंट जैसा एकदम ही पतला और जालीदार डोसा खाना अच्छा लगता है, तो चावल के आटे से बना ये डोसा आपके लिए ही है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक कप चावल का आटा लें और उसमें लगभग दो से ढाई कप पानी मिलाएं. इस बात का ख्याल रखें कि इसका बैटर एकदम पतला होना चाहिए, जैसे पतली छाछ होती है. अब इसमें बारीक कटा प्याज, कढ़ी पत्ता, जीरा, हरी मिर्च और नमक डाल दें. अब तेज गर्म तवे पर इस पतले बैटर को बाहर से अंदर की तरफ छिड़कते हुए डालें और इसे मीडियम आंच पर पकने दें. थोड़ी ही देर में यह तवे के किनारों को अपने आप छोड़ने लगेगा और एकदम क्रिस्पी जालीदार डोसा तैयार हो जाएगा.
फिटनेस का ख्याल रखते हैं तो ओट्स का हेल्दी डोसा
अगर आप उन लोगों में से हैं जिन्हें अपनी सेहत और फिटनेस का ख्याल हर समय रहता है या फिर आप अपने बढ़ते हुए वजन को कंट्रोल करना चाहते हैं, तो आपके लिए ओट्स डोसा सबसे बेहतरीन चॉइस है. इसे बनाना इतना आसान है कि आप पहली बार में ही इसे बिल्कुल परफेक्ट बना लेंगे. इसे बनाने के लिए सबसे पहले प्लेन ओट्स को मिक्सी में पीसकर पाउडर बना लें. अब इस ओट्स पाउडर में दो चम्मच दही, थोड़ा सा गेहूं का आटा या सूजी और नमक मिलाकर एक घोल तैयार कर लें. इसे ज्यादा देर तक रखने की जरूरत भी नहीं होती. इसके बाद तवे पर हल्का सा तेल या देसी घी लगाएं और बैटर को फैलाएं. इसे दोनों तरफ से क्रिस्पी होने तक सेक लें. यह डोसा पचाने में बहुत आसान होता है और इसे खाने के बाद लंबे समय तक भूख भी नहीं लगती.
गेहूं के आटे का इंस्टेंट डोसा
अगर आपके घर में सूजी, बेसन या फिर चावल का आटा कुछ भी मौजूद नहीं है, तो भी आपको टेंशन लेने की जरुरत बिल्कुल भी नहीं है. आप अगर चाहें तो हर दिन की रोटी बनाने वाले गेंहू के आटे से भी बेहतरीन और टेस्टी डोसा तैयार कर सकते हैं. गेंहू के आटे से डोसा बनाने के लिए सबसे पहले एक कप गेहूं के आटे में थोड़ा सा नमक, जीरा और पानी मिलाकर एक बैटर तैयार करें. इस बात का खास ख्याल रखें कि कि इसमें गाठें बिल्कुल भी न बनें. इसे और मजेदार बनाने के लिए आप इसमें कद्दूकस की हुई गाजर या बारीक कटी सब्जियां भी मिला सकते हैं. अब एक गर्म तवे पर बैटर फैलाएं, थोड़ा सा तेल लगाएं और धीमी आंच पर क्रिस्पी होने तक सेकें.
ये भी पढ़ें: रोज के पोहा, उपमा से हो गए हैं बोर? सिर्फ 15 मिनट में बनाएं 5 तरह के अप्पे, स्वाद ऐसा कि बार-बार बनाने का करेगा मन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए