बार-बार गर्म तेल में खाना बना रहे हैं? रोजाना की ये छोटी-छोटी गलती पड़ सकती है भारी! डॉक्टर सरीन ने दी चेतावनी

Updated:
विज्ञापन

गर्म तेल के बार-बार इस्तेमाल पर डॉ. सरीन की सलाह (एआई फोटो)

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

लिवर विशेषज्ञ डॉ. एस.के. सरीन ने बार-बार गर्म किए गए तेल में खाना पकाने के गंभीर स्वास्थ्य जोखिमों के बारे में चेतावनी दी है. जानें कैसे यह आपके लिवर और पाचन तंत्र को नुकसान पहुंचा सकता है.

विज्ञापन

बार-बार गर्म किए हुए तेल में खाना पकाना आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है. इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज (ILBS) के डायरेक्टर और देश के प्रसिद्ध लिवर विशेषज्ञ डॉ. शिव कुमार सरीन (Dr. S.K. Sarin) ने लोगों को डीप फ्राइड तेल से बचने की सलाह दी है. उनके मुताबिक, तेल को बहुत ज्यादा तापमान पर गर्म करने और दोबारा इस्तेमाल करने से उसमें कई तरह के रासायनिक बदलाव हो सकते हैं, जो लिवर और पाचन तंत्र को प्रभावित कर सकते हैं.

विज्ञापन

बार-बार गर्म तेल इस्तेमाल करने से सेहत पर क्या असर पड़ सकता है?

Image

लिवर और पाचन तंत्र पर पड़ सकता है असर

डॉ. सरीन के अनुसार, डीप फ्राई करने या तेल को बार-बार गर्म करने से उसमें ऐसे हानिकारक बदलाव हो सकते हैं, जो आंतों में मौजूद गुड बैक्टीरिया को प्रभावित कर सकते हैं. ये बैक्टीरिया भोजन के पाचन और आंतों की सेहत के लिए जरूरी होते हैं. आंतों के इन अच्छे बैक्टीरिया का संतुलन बिगड़ने से शरीर के लिवर-गट-एक्सिस यानी लिवर और आंतों के बीच के संबंध पर भी असर पड़ सकता है. इससे लिवर में सूजन, फैटी लिवर और मेटाबॉलिज्म से जुड़ी समस्याओं का जोखिम बढ़ सकता है.

कैंसर का जोखिम बढ़ाने वाले तत्व बनने की आशंका

तेल को बार-बार गर्म करने से उसमें टॉक्सिक एल्डिहाइड और ऑक्सीडाइज्ड फैट्स रिलीज होते हैं. डॉ. सरीन के अनुसार, इस तरह का बार-बार गर्म किया हुआ तेल कार्सिनोजेनिक यानी कैंसर पैदा करने वाला हो सकता है.

मोटापा और शरीर में सूजन का खतरा

डीप फ्राई किए हुए तेल का ज्यादा सेवन वजन बढ़ने और शरीर में सूजन से जुड़ी समस्याओं का जोखिम बढ़ा सकता है. डॉ. सरीन ने बेहतर स्वास्थ्य के लिए खाने में तेल, चीनी और नमक की मात्रा सीमित रखने की सलाह दी है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कुछ समय पहले लोगों से खाने के तेल में 10% तक कमी करने की अपील की थी और मोटापे की समस्या को लेकर चिंता जताई थी. यह भी पढ़ें: बच्चों के कान छिदवाने में न करें जल्दबाजी, डॉक्टर ने बताई सही उम्र

लिवर को हेल्दी रखने के लिए सरीन की सलाह

Image

बचे हुए तेल को दोबारा इस्तेमाल करने से बचें

पूड़ी, पकौड़े या समोसे तलने के बाद बचे हुए तेल को दोबारा गर्म करके खाना बनाने में इस्तेमाल करने से बचें. खासकर ऐसे तेल का बार-बार इस्तेमाल करने की आदत को कम करना चाहिए.

जल्दी डिनर और हफ्ते में 1 दिन उपवास की सलाह

डॉ. सरीन ने रात में देर से खाना खाने के बजाय जल्दी डिनर करने पर जोर दिया. उनके मुताबिक, रात में जल्दी खाना खाने से शरीर को भोजन पचाने और रिकवरी के लिए पर्याप्त समय मिलता है. इसके साथ ही उन्होंने लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए हफ्ते में कम-से-कम एक दिन उपवास रखने की भी सलाह दी है.

प्रोसेस्ड और जंक फूड से दूरी

डॉ. सरीन ने प्रोसेस्ड और जंक फूड की जगह हरी पत्तेदार सब्जियां, बाजरा और जौ जैसे साबुत अनाज को डाइट में शामिल करने की सलाह दी है.

यह भी पढ़ें: बार-बार भूल रहे हैं बातें तो सावधान! डॉक्टर ने बताए अल्जाइमर के 5 शुरुआती संकेत

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola