ePaper

गढ़वा के पशु कारोबारियों से गुमला में लूटपाट कर भाग रहे 10 अपराधी गिरफ्तार, नक्सली वर्दी और हथियार बरामद

Updated at : 03 Dec 2021 7:11 PM (IST)
विज्ञापन
गढ़वा के पशु कारोबारियों से गुमला में लूटपाट कर भाग रहे 10 अपराधी गिरफ्तार, नक्सली वर्दी और हथियार बरामद

jharkhand news: गढ़वा के पशु कारोबारियों से लूटकर भाग रहे 10 अपराधियों को गुमला पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इसके पास से नक्सली वर्दी समेत नगद बरामद किया है. गिरफ्तार अपराधियों से पुलिस पूछताछ कर रही है.

विज्ञापन

Jharkhand news: गुमला पुलिस ने गढ़वा जिला के बकरी कारोबारियों से लूटपाट कर भाग रहे 10 अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इनलोगों के पास से नक्सली वर्दी और हथियार मिले हैं. लूटपाट की गाड़ी, गाड़ी में लदी 84 बकरी व कुछ नकद राशि भी पुलिस ने बरामद की है. अभी सभी अपराधियों को रायडीह थाना में रखकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस को शक है कि गिरफ्तार किये गये अपराधियों का संबंध नक्सलियों से है. इसलिए पुलिस इस मामले में गोपनीयता बरतते हुए अनुसंधान कर रही है.

जारी में लूटपाट, रायडीह में गिरफ्तार

जारी प्रखंड के गोविंदपुर गांव में बकरी कारोबारियों पर हमला कर 10 अपराधियों ने 3 लोगों को घायल कर दिया. 5500 रुपये नकद व 84 बकरी लूटकर पिकअप गाड़ी समेत भागने लगे. लेकिन, रायडीह चेकनाका में अलर्ट पुलिस ने सभी को धर दबोचा. अपराधियों के हमले में कसलगाढ़ा गढ़वा निवासी व्यापारी मुमताज अंसारी (50 वर्ष), चालक रफीक अंसारी व उपचालक खुर्शीद अंसारी घायल हो गये. जिन्हें शुक्रवार की अहले सुबह सीएचसी, चैनपुर में भर्ती कराया गया. जहां चिकित्सक दीपशिखा किंडो ने मुमताज अंसारी व रफीक अंसारी के प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, गुमला रेफर कर दिया.

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को गढ़वा से एक पिकअप वैन बकरी लेकर ओड़िशा जा रहा था. इसी बीच गुमला के गोविंदपुर गांव के पास पशु व्यापारी मुमताज अंसारी को 10 अपराधियों ने देर रात करीब 11.00 बजे रोककर डंडे व टांगी से हमला कर घायल कर दिया. इसके बाद चालक व उपचालक को रस्सी से बांध कर 5500 रुपये व बकरी लदे पिकअप वैन को लेकर फरार हो गया.

Also Read: गढ़वा में जंगली हाथियों का आतंक, तीन युवकों को किया गंभीर रूप से घायल, ग्रामीणों के फसलों को भी किया बर्बाद
बकरियों के झुंड में छिपे थे छह अपराधी

रायडीह पुलिस जब पिकअप गाड़ी रोकी और जांच शुरू की, तो गाड़ी में दो खाना बनाया गया था. जिसमें 84 छोटी बकरियों को रखा गया था. बकरियों के झुंड में 6 अपराधी छिपे थे. जिन्हें पुलिस ने पकड़ा. तलाशी लेने पर नक्सली वर्दी व हथियार मिला. सभी अपराधी संदिग्ध नक्सली की तरह दिख रहे थे. घटना की जानकारी के बाद शुक्रवार को एसपी डॉ एहतेशाम वकारीब सहित कई पुलिस अधिकारी रायडीह थाना पहुंचे. गिरफ्तार किये गये लोगों से पूछताछ की. हालांकि, इस मामले में अभी पुलिस ज्यादा कुछ नहीं बता रही है. वहीं, गिरफ्तार आरोपियों के नाम भी गुप्त रखे गये हैं.

गिरफ्तार अपराधियों से हो रही पूछताछ : SDPO

इस मामले में एसडीपीओ सिरील मरांडी ने बताया कि रायडीह थाना द्वारा वाहन जांच के दौरान सभी 10 अपराधियों को लूट के पिकअप वैन के साथ धर दबोचा गया है. फिलहाल पूछताछ जारी है. अपराधियों के पास से टांगी व एक कट्टा भी बरामद किया गया है.

रिपोर्ट: दुर्जय पासवान, गुमला.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola