'तलाक हुआ ही नहीं...' डिवोर्स की खबरों पर पहली बार बोले गौरव खन्ना, कहा- लोग गलत कहानी बना रहे हैं
गौरव खन्ना और आकांक्षा चमोला, फोटो- इंस्टाग्राम
Lock Upp 2 में आकांक्षा चमोला के तलाक की घोषणा पर गौरव खन्ना ने पहली बार शो में आकर अपना पक्ष रखा. उन्होंने बताया कि कानूनी तौर पर आज भी वे एक-दूसरे के पति-पत्नी हैं.
Lock Upp 2: गौरव खन्ना और उनकी पत्नी आकांक्षा चमोला की शादी इन दिनों लगातार सुर्खियों में बनी हुई है. 'लॉक अप 2' में आकांक्षा के तलाक वाले बयान के बाद पहली बार गौरव शो में पहुंचे और उन्होंने पूरे मामले पर खुलकर अपनी बात रखी. गौरव ने कहा, "हमने सिर्फ इस बारे में बात की थी. न कोई तलाक की अर्जी पर साइन हुए हैं और न ही कानूनी तौर पर कुछ फाइनल हुआ है. लोगों को लगता है कि हमारा तलाक डेढ़ साल पहले ही हो गया था. बाहर ऐसा नैरेटिव बना दिया गया है कि हम पहले से अलग थे और मैं सिर्फ तुम्हारी मदद करने के लिए तुम्हारे साथ दिखाई दे रहा था."
Gaurav Khanna on Divorce: 'अभी तक कोई तलाक नहीं हुआ'
शो के दौरान गौरव खन्ना ने कहा कि आकांक्षा ने 'लॉक अप 2' में यह बात तब बताई, जब वह 'खतरों के खिलाड़ी 15' की शूटिंग के लिए जा रहे थे. गौरव ने कहा, तुमने शो शुरू होने से सिर्फ सात दिन पहले मेरे सामने यह बात रखी थी. उस समय मैं समझ नहीं पा रहा था कि वहां जाकर स्टंट पर ध्यान दूं या अपने दिमाग में चल रही इस उथल-पुथल को संभालूं. लेकिन अब जो हुआ, सो हुआ. फराह खान ने दोनों को अपनी केबिन में बात करने का मौका दिया.
गौरव खन्ना बोले- आज भी मैं तुम्हारा पति हूं
गौरव ने आगे कहा, "जिस तरह लोगों ने इस पूरे मामले को लिया है, उसे देखकर मैं हैरान हूं. हर कोई अपनी-अपनी कहानी बना रहा है और जो मन में आ रहा है, वही लिख रहा है. लेकिन मुझे सबसे ज्यादा तकलीफ तब होती है जब कोई तुम्हारे बारे में गलत बोलता है. कानूनी तौर पर आज भी तुम मेरी पत्नी हो और मैं तुम्हारा पति हूं. मैं कभी भी उस इंसान के बारे में बुरा सुनना पसंद नहीं करता जिसके साथ मैं रहा हूं या जो आज भी मेरी जिंदगी का हिस्सा है."
View on Instagram
Akanksha Chamola Statement: आकांक्षा ने क्या कहा?
गौरव की बातों का जवाब देते हुए आकांक्षा चमोला ने साफ किया कि अभी तक कोई कानूनी कागजी कार्रवाई इसलिए नहीं हुई क्योंकि गौरव 'खतरों के खिलाड़ी 15' में हिस्सा लेने चले गए थे. उन्होंने कहा, "अगर लोग यह नहीं समझ सकते कि दो लोग बिना लड़ाई-झगड़े, मुस्कुराते हुए और अच्छे दोस्त की तरह अलग होने का फैसला कर सकते हैं, तो यह उनकी सोच है."
View on Instagram
आकांक्षा ने कहा था- कभी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि मैं मां बनना चाहती हूं
इससे पहले 'लॉक अप 2' के एक एपिसोड में आकांक्षा ने बताया था कि वह और गौरव पिछले एक साल से अलग रह रहे हैं और दोनों तलाक लेने की तैयारी में हैं. बाद में शो में श्रेया कालरा और सूफी मोतीवाला से बातचीत के दौरान आकांक्षा ने अपने रिश्ते के टूटने की वजह भी बताई. उन्होंने कहा, "शादी के बाद मुझे कभी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि मैं मां बनना चाहती हूं. शुरुआत में मैंने खुद को समय दिया, लेकिन धीरे-धीरे मुझे एहसास हुआ कि मैं मां बनने के लिए तैयार नहीं हूं. पहले गौरव इस बात से सहमत थे, लेकिन समय के साथ उनकी सोच बदल गई. अब वह बच्चे चाहते हैं, जबकि मैं उन्हें यह खुशी नहीं दे सकती."
ये भी पढ़ें: 'तुमने तो मेरी बैंड बजा दी...' लॉक अप 2 में आकांक्षा चमोला से मिले गौरव खन्ना, पति को देखकर रो पड़ी एक्ट्रेस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए